बीजेपी की नई टीम ने संभाली कमान, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में चलेगा अभियान

BJP Seva Sankalp Abhiyan: नई दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की अध्यक्षता में 22 अगस्त को बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम की पहली बड़ी बैठक हुई, जिसमें कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान बीजेपी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने का ऐलान किया है। BJP के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने कहा कि सशक्त संगठन ही राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने आगे कहा कि हर साल भारतीय जनता पार्टी की ओर से 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देशभर में सेवा पखवाड़ा मनाया जाता है। मोदी जी का व्यक्तित्व ही ऐसा है, जिसमें हर क्षण सेवा में लगे रहने की भावना है।
यह भी पढ़ें:- नेपाल से निकला सैलाब गंगा के रास्ते बंगाल तक पहुंचा, बिहार के इन जिलों में बढ़ी बाढ़ की चिंता
उन्होंने कहा कि इस साल एक विशेष संयोग है। 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी जी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इस साल 7 अक्टूबर को उनके सार्वजनिक जीवन की इस ऐतिहासिक यात्रा के 25 साल पूरे हो रहे हैं। इसी महत्वपूर्ण अवसर को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने तय किया है कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर आयोजित होने वाले ‘सेवा पखवाड़ा को इस साल और व्यापक स्वरूप देते हुए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में एक माह तक पूरे देश में चलाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से मोदी जी के व्यक्तित्व में निहित सेवा, समर्पण और राष्ट्र प्रथम की भावना को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी ‘सेवा सेतु अभियान’ भी शुरू करेगी। (BJP Seva Sankalp Abhiyan)

राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने कहा कि इस पहल के तहत प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में शुरू की गई योजनाओं का लाभ न उठा पाने वाले लोग संबंधित ब्लॉक कार्यालय में आवश्यक दस्तावेजों के साथ जाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं और संबंधित योजनाओं में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। सेवा संकल्प अभियान के लिए भाजपा की टीम इंडिया तैयार है। देश को वैभव के परम शिखर तक पहुंचाने के लिए संकल्पित प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन और उनके जनसेवा के 25 सालों का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर 17 सितंबर से लेकर 17 अक्टूबर 2026 तक देशभर में सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय भाजपा कार्यालय में इस कार्यक्रम को लेकर आयोजित बैठक में राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों और संगठन मंत्रियों के साथ इस अभियान की योजना बनाई गई। देशभर के भाजपा कार्यकर्ता इस अवधि में सेवा कार्यों के साथ-साथ केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे ।



