Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर में भाजपा की मैराथन बैठक में मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड तैयार, प्रभार वाले जिलों में काम तेज करने की नसीहत

Chhattisgarh BJP Meeting: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय बैठक में सत्ता और संगठन के बीच बेहतर तालमेल से लेकर सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से मंथन हुआ। 25 अगस्त की शाम से शुरू हुई यह मैराथन बैठक 26 अगस्त तक प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में चली। बैठक बंद कमरे में हुआ, जिसमें मंत्रियों के कामकाज और उनके प्रभार वाले जिलों में विकास कार्यों की स्थिति की समीक्षा की गई। सूत्रों के मुताबिक बैठक में भाजपा संगठन की ओर से मंत्रियों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि सरकार की योजनाओं का लाभ जमीन पर दिखाई देना चाहिए। खासतौर पर मंत्रियों को अपने-अपने प्रभार वाले जिलों में जिला संगठन और स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय बनाकर विकास कार्यों में तेजी लाने की नसीहत दी गई है।

यह भी पढ़ें:- बीजेपी की नई टीम ने संभाली कमान, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में चलेगा अभियान

बैठक में मंत्रियों के प्रभार वाले जिलों में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और विकास कार्यों की स्थिति को लेकर रिपोर्ट तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई है। संबंधित जिलों के वरिष्ठ संगठन पदाधिकारियों को भी चर्चा में शामिल किया गया, ताकि सरकार और संगठन दोनों स्तरों से जिलों की वास्तविक स्थिति का फीडबैक लिया जा सके। सूत्रों के अनुसार संगठन का जोर इस बात पर रहा कि मंत्री केवल प्रशासनिक स्तर पर समीक्षा तक सीमित न रहें, बल्कि अपने प्रभार वाले जिलों में जाकर कार्यकर्ताओं और जिला संगठन से लगातार संवाद करें। अगर किसी जिले में अधिकारी काम नहीं कर रहे हैं या योजनाओं के क्रियान्वयन में देरी हो रही है तो उसे दूर कराने की जिम्मेदारी प्रभारी मंत्री की होगी। यानी संगठन की ओर से मंत्रियों को यह संकेत दिया गया है कि प्रभार वाले जिले में कामकाज की गति और योजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी से मंत्री बच नहीं सकते।

मंत्रियों से वन-टू-वन चर्चा

दो दिनों तक चली बैठक में प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय और क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल ने मंत्रियों से बारी-बारी से वन-टू-वन चर्चा की। इस दौरान मंत्रियों से उनके विभागीय कामकाज के साथ-साथ प्रभार वाले जिलों की स्थिति को लेकर भी जानकारी ली गई।25 अगस्त को कई मंत्रियों से चर्चा के बाद 26 अगस्त को भी वन-टू-वन संवाद का सिलसिला जारी रहा। जानकारी के मुताबिक मंत्री गजेंद्र यादव, टंकराम वर्मा समेत कुछ अन्य मंत्रियों से भी संगठन पदाधिकारियों ने अलग-अलग चर्चा की। वन-टू-वन बैठक में मंत्रियों के सामने उनके प्रभार वाले जिलों से जुड़े फीडबैक, संगठन के साथ समन्वय, सरकारी योजनाओं की स्थिति और विकास कार्यों की गति जैसे मुद्दे रखे गए। संबंधित जिलों के वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारियों से मिले फीडबैक को भी समीक्षा का हिस्सा बनाया गया। (Chhattisgarh BJP Meeting)

आगामी चुनाव की रणनीति पर भी मंथन

बैठक को सिर्फ सरकार के मौजूदा कामकाज की समीक्षा तक सीमित नहीं माना जा रहा है। भाजपा संगठन ने आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक तैयारियों और राजनीतिक रणनीति पर भी चर्चा की। सरकार की योजनाओं को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने, संगठन के कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने और सत्ता-संगठन के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर विशेष जोर रहा। संगठन की कोशिश है कि सरकार के कामकाज का राजनीतिक लाभ संगठन को भी मिले और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित हो। बैठक में यह भी देखा गया कि मंत्रियों और जिला संगठन के बीच किस तरह का संवाद है और सरकार की योजनाओं को लेकर स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं को कितनी जानकारी और भूमिका मिल रही है। (Chhattisgarh BJP Meeting)

संगठन को मजबूत करने के लिए होती रहती हैं बैठकें: CM

भाजपा की इस अहम बैठक को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे नियमित संगठनात्मक प्रक्रिया बताया। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए इस तरह की बैठकें लगातार होती रहती हैं और यह रूटीन बैठक है। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद भी बैठक में मंत्रियों के साथ हुई वन-टू-वन चर्चा और प्रभार वाले जिलों की समीक्षा को राजनीतिक तौर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।वहीं भाजपा की बैठक को लेकर कांग्रेस ने सरकार और भाजपा संगठन पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। उन्होंने मंत्रियों के प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए कहा कि सभी मंत्रियों का परफॉर्मेंस जीरो है। बैज ने यह भी कहा कि संगठन ने कुछ मंत्रियों को डांट-फटकार लगाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार में कमीशनखोरी चल रही है और यहां तक कहा कि कुछ मंत्री बैठक से रोते हुए बाहर आए हैं। 

भाजपा में समन्वय नाम की चीज नहीं: भूपेश बघेल 

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी भाजपा की समन्वय बैठक को लेकर सरकार और संगठन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा में समन्वय नाम की कोई चीज नहीं है और संगठन छिन्न-भिन्न हो गया है। बघेल ने सत्ता और संगठन के बीच तालमेल नहीं होने का आरोप लगाते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेताओं बृजमोहन अग्रवाल और विजय बघेल की स्थिति का जिक्र किया। उन्होंने मंत्रियों के बीच भी तालमेल नहीं होने का दावा किया और सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि गड्ढे में सरकार है।  भाजपा की यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब पार्टी सरकार के कामकाज के साथ-साथ संगठन को भी चुनावी मोड में मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। सत्ता में रहते हुए संगठन और सरकार के बीच तालमेल भाजपा के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि योजनाओं के क्रियान्वयन से लेकर जनता के बीच सरकार की उपलब्धियां पहुंचाने तक संगठन की भूमिका अहम रहती है। (Chhattisgarh BJP Meeting)

बैठक से निकलता बड़ा संदेश

मंत्रियों के प्रभार वाले जिलों की समीक्षा और रिपोर्ट कार्ड तैयार करने की कवायद को इसी नजरिए से देखा जा रहा है। आने वाले समय में संगठन की ओर से इन रिपोर्ट के आधार पर मंत्रियों और जिलों के कामकाज में सुधार के लिए और निर्देश दिए जा सकते हैं। दो दिनों की इस बैठक का सबसे अहम संदेश यही माना जा रहा है कि भाजपा संगठन अब सत्ता और संगठन के बीच समन्वय को और मजबूत करने के साथ-साथ मंत्रियों के जमीनी प्रदर्शन पर भी नजर रख रहा है। प्रभार वाले जिलों में विकास कार्यों की गति, सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन, अधिकारियों की जवाबदेही और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय को मंत्रियों के कामकाज के महत्वपूर्ण पैमाने के तौर पर देखा जा रहा है। फिलहाल भाजपा इसे संगठन को मजबूत करने की नियमित प्रक्रिया बता रही है, लेकिन मंत्रियों के साथ हुई वन-टू-वन चर्चा और जिलों के कामकाज की समीक्षा ने बैठक को राजनीतिक रूप से अहम बना दिया है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि बैठक में मिले फीडबैक और तैयार किए गए रिपोर्ट कार्ड के आधार पर संगठन आने वाले दिनों में क्या कदम उठाता है।

Back to top button
error: Content is protected !!