Google Analytics —— Meta Pixel

CG NEWS : शादी टूटने के बाद डॉक्टर की मौत, स्टाफ क्वार्टर के बाथरूम में फंदे पर मिला शव

CG NEWS : कोरबा के ईएसआईसी अस्पताल में पदस्थ 30 वर्षीय डॉक्टर एल्विन ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। उनका शव अस्पताल परिसर स्थित स्टाफ क्वार्टर के बाथरूम में फंदे पर लटका मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, डॉक्टर का करीब दो साल से कोयंबटूर की एक युवती से प्रेम संबंध था और दोनों ने शादी करने का फैसला किया था। बताया जा रहा है कि शादी के लिए 12 अगस्त को चर्च में आवेदन भी दिया गया था। बाद में दोनों के बीच विवाद हुआ और रिश्ता टूट गया। इसके बाद से डॉक्टर के परेशान रहने की बात सामने आई है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। (V)

दो साल से था प्रेम संबंध, शादी के लिए दिया था आवेदन

जानकारी के मुताबिक, डॉ. एल्विन मूल रूप से केरल के पालक्काड के रहने वाले थे। उन्होंने तमिलनाडु के कोयंबटूर से MBBS की पढ़ाई पूरी की थी। करीब एक साल पहले उनकी पदस्थापना कोरबा स्थित ईएसआईसी अस्पताल में हुई थी। वह अस्पताल परिसर के स्टाफ क्वार्टर में रहते थे।

बताया जा रहा है कि डॉक्टर का कोयंबटूर निवासी युवती से करीब दो साल से प्रेम संबंध था। दोनों ने शादी करने का निर्णय लिया था। इसके लिए 12 अगस्त को चर्च में आवेदन भी दिया गया था। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं।

रिश्ता टूटने के बाद परेशान होने की बात

इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद युवती ने शादी से इनकार कर दिया और रिश्ता खत्म हो गया। बताया जा रहा है कि इसके बाद डॉक्टर परेशान थे। करीब तीन दिन पहले उन्होंने अपने माता-पिता को भी कोरबा बुलाया था। हालांकि, उनके माता-पिता के पहुंचने से पहले ही यह घटना हो गई।

OPD में नहीं पहुंचे तो कर्मचारियों को हुआ शक

घटना का पता तब चला जब डॉ. एल्विन सोमवार सुबह अपनी ड्यूटी के लिए OPD नहीं पहुंचे। अस्पताल के कर्मचारियों ने उनके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद कुछ कर्मचारी उनके क्वार्टर पहुंचे।

दरवाजा खटखटाने और आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अनहोनी की आशंका पर कर्मचारियों ने खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया। बाथरूम में डॉक्टर का शव फंदे पर लटका मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

हाथ पर मिले कट के निशान

पुलिस के अनुसार, डॉक्टर के हाथ पर कट के निशान भी मिले हैं। हालांकि इन निशानों की वजह और उनका घटना से संबंध क्या है, यह जांच का विषय है। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।

मोबाइल और हालिया घटनाक्रम की जांच

पुलिस डॉक्टर के मोबाइल फोन, उनके संपर्क में रहने वाले लोगों और हाल के घटनाक्रम की जांच कर रही है। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक, मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

पुलिस प्रेम संबंध, शादी टूटने और घटना से पहले की परिस्थितियों समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। (CG NEWS )

यह भी पढ़े :- शास्त्री स्मारक पर PM नरेंद्र मोदी ने दी श्रद्धांजलि, भारत-उज्बेकिस्तान के बीच हुए 11 बड़े समझौते

Back to top button
error: Content is protected !!