छत्तीसगढ़ BJP में नए समीकरण की चर्चा, तोखन साहू को मिल सकती है कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा में संगठनात्मक बदलाव को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों में केंद्रीय राज्य मंत्री और बिलासपुर सांसद तोखन साहू को प्रदेश भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं। बताया जा रहा है कि उन्हें दिल्ली बुलाया गया है। हालांकि, इस संबंध में भाजपा की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
दरअसल, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सड़क हादसे में घायल होने के बाद स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। ऐसे में संगठन के कामकाज को सुचारु रूप से आगे बढ़ाने के लिए कार्यकारी अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर चर्चा शुरू हुई है। इसी कड़ी में तोखन साहू का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर तोखन साहू का बयान
अपने नाम की चर्चा के बीच तोखन साहू ने हाल ही में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर कहा था कि वह भाजपा के छोटे से कार्यकर्ता हैं और पार्टी की ओर से दी गई हर जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें जब-जब जो जिम्मेदारी दी, उन्होंने उसे स्वीकार किया है। भविष्य में पार्टी जो भी निर्णय लेगी, उसे भी वह पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे।
इन नेताओं के नाम भी चर्चा में
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष या संगठन में अहम जिम्मेदारी को लेकर कई अन्य नामों की भी चर्चा है। इनमें पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और कुरूद विधायक अजय चंद्राकर के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि, अंतिम फैसला भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को ही करना है।
साहू समाज के सियासी समीकरण पर भी नजर
तोखन साहू के नाम की चर्चा को प्रदेश के सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। छत्तीसगढ़ की राजनीति में साहू समाज का महत्वपूर्ण प्रभाव माना जाता है। भाजपा लंबे समय से इस सामाजिक आधार को लेकर रणनीतिक रूप से सक्रिय रही है।
केंद्रीय नेतृत्व ने भी तोखन साहू को मोदी सरकार में केंद्रीय राज्य मंत्री की जिम्मेदारी दी है। ऐसे में यदि उन्हें प्रदेश संगठन में कोई बड़ी जिम्मेदारी मिलती है, तो इसे भाजपा की आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा सकता है।
फिलहाल कार्यकारी अध्यक्ष को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। इसलिए तोखन साहू के नाम को लेकर चल रही चर्चाओं को अभी राजनीतिक अटकलों के तौर पर ही देखा जा रहा है। अंतिम तस्वीर भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के फैसले के बाद ही साफ होगी।
यह भी पढ़े :- कम उम्र में सफेद हो रहे बाल, कहीं शरीर की किसी कमी या बीमारी का संकेत तो नहीं? जानिए कारण, बचाव और सही खानपान



