CG Murder Case : थप्पड़ का बदला लेने रची हत्या की साजिश, 16 साल के नाबालिग ने कर दिया खूनी कांड, पढ़े पूरी खबर
CG Murder Case : बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र की आरपीएफ कॉलोनी में रेलवे ठेकेदार के सुपरवाइजर की हत्या के मामले में पुलिस ने 16 वर्षीय नाबालिग को पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक, नाबालिग ने कथित तौर पर पिटाई का बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज और पुलिस की जांच के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई गई।
मामला तोरवा थाना क्षेत्र स्थित आरपीएफ कॉलोनी का है। गुरुवार को पानी की टंकी के पास एक कर्मचारी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और तोरवा पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।
खून से लथपथ मिला शव
मृतक की पहचान नरेश गुप्ता (35) के रूप में हुई है। वह बिहार के आरा का रहने वाला था और रेलवे ठेकेदार अनिल सिंह की कंस्ट्रक्शन साइट पर सुपरवाइजर के तौर पर काम करता था। (CG Murder Case)
गुरुवार सुबह करीब 10 बजे साइट पर काम करने वाले कर्मचारी पहुंचे। उन्होंने नरेश को आवाज दी और फोन भी किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद कर्मचारियों ने गेट के अंदर जाकर देखा तो जमीन पर नरेश की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
CCTV से मिला अहम सुराग
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध युवक हाफ पैंट और टी-शर्ट पहने नजर आया। जांच के दौरान पुलिस को संदेह के आधार पर 16 वर्षीय नाबालिग के बारे में जानकारी मिली। पूछताछ में नाबालिग ने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने स्टोर रूम के पास रखी लोहे की वस्तु से नरेश के सिर पर हमला किया था। गंभीर चोट लगने के बाद नरेश जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।
बारिश के पानी को लेकर हुआ था विवाद
पूछताछ में नाबालिग ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात तेज बारिश हो रही थी। वह साइकिल से घर जा रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े नरेश के ऊपर साइकिल से बारिश का पानी छिटक गया।
पुलिस के मुताबिक, इस बात को लेकर नरेश ने नाबालिग को रास्ते में रोक लिया और कथित तौर पर उसे तीन थप्पड़ मारे। नाबालिग ने पूछताछ में बताया कि वह इस घटना से खुद को अपमानित महसूस कर रहा था और उसने बदला लेने की ठान ली।
इसके बाद उसने मौका देखकर नरेश पर हमला कर दिया। पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लेकर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है। (CG Murder Case)
यह भी पढ़े :- आईआईटीयन व केबीसी का हिस्सा रहे जिले के प्रतिभाशाली युवा योगेश का लक्ष्य अब यूपीएससी



