Google Analytics —— Meta Pixel

नाबालिग को डराकर मंगवाए सोने के जेवर और नगदी, पति-पत्नी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्चों को डराने-धमकाने और ब्लैकमेल कर उनसे सोने-चांदी के जेवर व नगदी मंगवाने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों द्वारा मोहल्ले के अन्य बच्चों को भी डराने-धमकाने की बात सामने आई है।

बच्ची को डराकर मंगवाए जेवर

जानकारी के अनुसार, अशोक नगर में 11 वर्षीय नाबालिग अपनी मामी के साथ रहती है। पास में ही वंदना साहू अपने पति दीपक साहू के साथ रहती है। आरोप है कि दोनों ने बच्ची को डराया-धमकाया और दबाव बनाकर उसके घर में रखे सोने-चांदी के जेवर मंगवाए।

शिकायत के मुताबिक, 2 सितंबर को बच्ची अपनी नानी का रानीहार भी चोरी-छिपे लेकर वंदना साहू को दे आई थी। आरोपियों पर बच्ची से नगदी रकम मंगवाने का भी आरोप है।

अन्य बच्चों से भी उगाही का आरोप

पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि आरोपियों द्वारा मोहल्ले के अन्य बच्चों को डराने-धमकाने और उनसे पैसे व जेवरात मंगवाने की कोशिश की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 308(2) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया।

पुलिस ने दबिश देकर दोनों को पकड़ा

नॉर्थ जोन की डीसीपी दीपमाला कश्यप ने एडीसीपी आदित्य पाण्डेय समेत अन्य अधिकारियों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने पीड़ित परिवार और नाबालिग से पूछताछ कर आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वंदना साहू और दीपक साहू को गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।

यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ RTE में बड़ा बदलाव: दिसंबर में आवेदन, जनवरी में लॉटरी, फरवरी तक एडमिशन

Back to top button
error: Content is protected !!