Google Analytics —— Meta Pixel

नक्सलवाद के बाद केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने नशे के खिलाफ तय की डेडलाइन, 2029 तक भारत को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य

HM Shah on Drugs: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गोवा की राजधानी पणजी में पुलिस को प्रेसिडेंट्स कलर प्रदान किया। इस दौरान गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत, केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीपद येसो नाइक, केंद्रीय गृह सचिव, गोवा के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक उपस्थित थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि विकसित राष्ट्र की पहली शर्त है कि उसकी आंतरिक सुरक्षा और सीमाओं की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित हो। गोवा को आंतरिक सुरक्षा के साथ-साथ सीमा सुरक्षा का दायित्व निभाने का भी गौरव प्राप्त है। गोवा की लंबी समुद्री सीमा की रक्षा का भार गोवा पुलिस के कंधों पर है। इस दायित्व को कुशलतापूर्वक निभाते हुए गोवा पुलिस ने पर्यटकों की सुरक्षा और मजबूत अर्थव्यवस्था में योगदान करने का उल्लेखनीय कार्य किया है।

यह भी पढ़ें:- स्मार्टफोन खरीदना हुआ महंगा, 2026 में 15 से 25% तक बढ़े दाम, जानिए क्यों बढ़ रही मोबाइल की कीमत

गृहमंत्री ने कर्तव्य पथ पर अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने विशेष रूप से पुलिसकर्मी बलराम शिंदे, अभिषेक शेर, शैलेश गांवकर और विश्वास बी. देयकर को नमन किया और कहा कि उनके समर्पण ने गोवा पुलिस को यह गौरव दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि वैश्विक कूटनीति में भारत की पहुंच दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। पिछले एक साल में विश्व का कूटनीतिक परिदृश्य यूक्रेन-रूस युद्ध और फिर खाड़ी क्षेत्र में ईरान से जुड़े संघर्ष के कारण गंभीर उथल-पुथल से गुजरा। ऐसे समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक साल में 22 देशों की यात्रा की और लगभग 15 देशों के राष्ट्राध्यक्ष भारत आए। शाह ने कहा कि जब पूरी दुनिया अस्थिरता के कारण अपने आर्थिक विकास को लेकर संघर्ष कर रही थी, तब भारत ने निरंतर संवाद और रणनीतिक साझेदारी के माध्यम से अपनी आर्थिक गति को बनाए रखा। रक्षा, तकनीक, ऊर्जा, निवेश और व्यापार, इन सभी क्षेत्रों में ठोस समझौते किए गए। (HM Shah on Drugs)

गृहमंत्री शाह ने कहा कि 2026 तक भारत ने नौ मुक्त व्यापार समझौते संपन्न किए हैं। आज 38 देशों के साथ प्रभावी व्यापार व्यवस्था के रूप में ये समझौते स्थापित हो चुके हैं। संयुक्त अरब अमीरात, ऑस्ट्रिया, ऑस्ट्रेलिया, यूनाइटेड किंगडम, ओमान, न्यूज़ीलैंड और यूरोपीय संघ के साथ किए गए समझौतों ने हमारे व्यापार को नई गति दी है। उन्होंने कहा कि इसी का परिणाम है कि इस साल की पहली तिमाही में भारत की जीडीपी वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत की उल्लेखनीय ऊंचाई तक पहुंची। उन्होंने कहा कि भारत ने केवल आर्थिक वृद्धि ही नहीं की है। वैक्सीन मैत्री, डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर की उपलब्धियों को विश्व के साथ साझा करना, आपदा राहत और क्षमता निर्माण के क्षेत्र में कई देशों को सहायता देने जैसे कार्य भी भारत ने किए हैं। शाह ने कहा कि आगामी दिनों में गृह मंत्रालय ने नशे के खिलाफ सुदृढ़ अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसके लिए साल 2026 से 2029 तक का एक रोडमैप तैयार किया गया है। इसके अंतर्गत सभी संबंधित विभागों और सभी राज्य सरकारों को साथ लेकर भारत के गांव-गांव और शहर-शहर को नारकोटिक्स से मुक्त बनाने का लक्ष्य है। (HM Shah on Drugs)

Back to top button
error: Content is protected !!