पति का जानलेवा शक, पत्नी की गला घोंटकर की हत्या, फिर फंदे पर लटकाया शव, आत्महत्या दिखाने की कोशिश नाकाम

Wife Murder in Dhamtari: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पत्नी के चरित्र पर शक करना पति के लिए इतना भारी पड़ा कि उसने गुस्से में उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस और परिजनों को गुमराह करने के लिए पत्नी के शव को कपड़े सुखाने वाली नायलॉन रस्सी के सहारे फंदे पर लटका दिया और घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। हालांकि पुलिस की जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले की सच्चाई सामने ला दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मामला भखारा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक देमार पाठन की रहने वाली वीणा ध्रुव (27) की शादी करीब दो साल पहले सुपेला भखारा निवासी विवेक ध्रुव उर्फ गोलू (30) से हुई थी।
यह भी पढ़ें:- रायपुर के ग्रामीण इलाकों में बदला अपराध का ट्रेंड, गंभीर वारदातों में इजाफा, कमिश्नरेट लागू होने के बाद का रिपोर्ट कार्ड
शादी के बाद से ही विवेक अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। उसे शक था कि वीणा किसी दूसरे व्यक्ति से फोन पर बातचीत करती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस के मुताबिक 4 सितंबर 2026 को भी शाम करीब 5 बजे इसी मुद्दे को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हुआ। विवाद बढ़ने पर विवेक ने गुस्से में कपड़े सुखाने के लिए इस्तेमाल होने वाली नायलॉन की रस्सी से वीणा का गला घोंट दिया। गला दबाने से वीणा की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने हत्या की घटना छिपाने की कोशिश की। उसने पुलिस को हत्या का शक न हो, इसके लिए पत्नी के शव को फंदे पर लटका दिया। आरोपी ने पूरी घटना को आत्महत्या जैसा दिखाने का प्रयास किया। महिला का शव फांसी के फंदे पर मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पहली नजर में घटना आत्महत्या जैसी लग रही थी, लेकिन मौके की परिस्थितियों और महिला के शरीर पर मिले निशानों ने पुलिस का शक बढ़ा दिया।
गले पर मिले निशान से पुलिस को हुआ शक
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। जांच के दौरान महिला के गले पर निशान मिले। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिस्थितियों की बारीकी से जांच की गई। पुलिस ने मृतका के परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। इसके बाद महिला के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत को आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या बताया गया। रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर जांच को आगे बढ़ाया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मृतका के पति विवेक ध्रुव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पुलिस ने घटना को लेकर उससे कड़ाई से सवाल किए। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। (Wife Murder in Dhamtari)
शक ने रिश्ते को खूनी खेल में बदला
आरोपी ने बताया कि पत्नी के किसी दूसरे व्यक्ति से बातचीत करने के शक को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान गुस्से में उसने नायलॉन की रस्सी से पत्नी का गला घोंट दिया। हत्या के बाद उसने शव को फंदे पर लटकाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। शक ने एक रिश्ते को पहले विवाद में बदला और फिर उसी शक ने एक महिला की जिंदगी छीन ली। हत्या के बाद आरोपी ने सच्चाई छिपाने के लिए आत्महत्या की कहानी गढ़ी, लेकिन पोस्टमॉर्टम और पुलिस की जांच ने उसका झूठ बेनकाब कर दिया। अब पत्नी की हत्या के आरोप में पति सलाखों के पीछे है। रिश्ते भरोसे से बनते हैं, लेकिन शक ने इसी रिश्ते को खून के रिश्ते में बदल दिया, जिसके साथ जिंदगी बितानी थी, उसी रिश्ते का अंत हत्या और सलाखों के पीछे पहुंचने से हुआ। (Wife Murder in Dhamtari)
![]()



