डौंडीलोहारा कॉलेज में छात्रों का चक्काजाम, प्राचार्य को हटाने की मांग पर अड़े विद्यार्थी
मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन, टीसी काटने की धमकी देने का आरोप; एबीवीपी ने दिया समर्थन
बालोद। शासकीय महाविद्यालय डौंडीलोहारा में मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर छात्र-छात्राओं का आक्रोश बुधवार को सड़क पर देखने को मिला। समस्याओं का समाधान नहीं होने का आरोप लगाते हुए बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने दल्लीराजहरा-राजनांदगांव मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। छात्र-छात्राएं कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रोशन आरा को हटाने की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों ने कॉलेज के सामने मुख्य मार्ग पर करीब 10 मिनट तक आवागमन बाधित रखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और विद्यार्थियों को सड़क से हटाया। इसके बाद छात्र-छात्राएं कॉलेज के सामने ही धरने पर बैठ गए। स्थिति को देखते हुए कॉलेज परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्राचार्य पर लगाए गंभीर आरोप
प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों का आरोप है कि कॉलेज की मूलभूत समस्याओं को लेकर जब वे प्राचार्य के सामने अपनी बात रखते हैं तो उन्हें कथित तौर पर टीसी काटने की धमकी दी जाती है। छात्रों का कहना है कि उन्होंने समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन और कलेक्टर से भी शिकायत की थी, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
छात्रों की मांग है कि कॉलेज में मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाए और प्राचार्य को पद से हटाया जाए।
एबीवीपी ने दिया आंदोलन को समर्थन
छात्रों के आंदोलन को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का भी समर्थन मिला है। संगठन के कार्यकर्ता विद्यार्थियों के साथ धरने में शामिल हुए और उनकी मांगों के समाधान की मांग की।
मौके पर पुलिस के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद हैं। अधिकारी प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने और उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास कर रहे हैं।
प्राचार्य ने कलेक्टर से मुलाकात नहीं होने की बात कही
वहीं, कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रोशन आरा ने कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा से मुलाकात नहीं होने की बात कही है। उनका कहना है कि वे कॉलेज की समस्याओं के समाधान को लेकर कलेक्टर से मिलने गई थीं, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। प्राचार्य के मुताबिक, इसी वजह से समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई।
फिलहाल कॉलेज के सामने विद्यार्थियों का धरना जारी है और छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।



