Google Analytics —— Meta Pixel

BRICS Summit 2026: दिल्ली में दुनिया के दिग्गज नेताओं का जमावड़ा, PM मोदी-पुतिन की मुलाकात से शी जिनपिंग के दौरे तक, जानें क्या-क्या हुआ ?

BRICS Summit 2026: भारत की राजधानी दिल्ली इन दिनों वैश्विक कूटनीति के केंद्र में है। 18वें BRICS समिट के लिए दुनिया के कई प्रमुख नेता और प्रतिनिधि भारत पहुंच चुके हैं। सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कई अहम द्विपक्षीय मुलाकातें भी हो रही हैं। इनमें रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ हुई बैठक को विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का भारत दौरा भी इस सम्मेलन को रणनीतिक और कूटनीतिक रूप से खास बना रहा है। BRICS सम्मेलन से पहले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दिल्ली पहुंचे। भारत पहुंचने पर उनका स्वागत किया गया और इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बातचीत हुई। पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी को 24वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए रूस आने का निमंत्रण भी दिया, जिसे प्रधानमंत्री ने स्वीकार कर लिया। विदेश मंत्रालय के मुताबिक शिखर सम्मेलन की तारीखें दोनों देशों के राजनयिक चैनलों के माध्यम से आपसी सुविधा के आधार पर तय की जाएंगी।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ : स्कूलों में प्राचार्यों की जिम्मेदारियां तय, रोजाना कम से कम 2 कालखंड करना होगा अध्यापन 

PM मोदी-पुतिन मुलाकात के दौरान सांस्कृतिक कूटनीति की भी झलक दिखाई दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूसी राष्ट्रपति को प्राचीन तमिल ग्रंथ तिरुक्कुरल का रूसी अनुवाद भेंट किया। तिरुक्कुरल तमिल साहित्य की एक प्राचीन और महत्वपूर्ण कृति है। पुतिन को इसका रूसी अनुवाद भेंट करना भारत की भाषाई और सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने की दिशा में एक प्रतीकात्मक कदम के रूप में देखा जा सकता है। द्विपक्षीय बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन एक ही कार में सवार होकर भारत मंडपम में आयोजित प्रदर्शनी के लिए रवाना हुए। दोनों नेताओं ने यहां INNOPROM प्रदर्शनी का दौरा किया। इसके बाद BRICS बिजनेस फोरम के लीडर्स सेशन का आयोजन होना था। BRICS बिजनेस फोरम में नेताओं, BRICS बिजनेस काउंसिल के अध्यक्षों और BRICS महिला बिजनेस अलायंस के प्रतिनिधियों के साथ ग्रुप फोटो भी हुई। (BRICS Summit 2026)

सम्मेलन के दौरान BRICS से जुड़े कारोबारी और विशेषज्ञ भारत और अन्य सदस्य देशों के बीच आर्थिक सहयोग की संभावनाओं को लेकर अपनी राय भी रख रहे हैं। रूसी कंपनी GSBI लिमिटेड के फाउंडर और CEO, एलेक्जेंडर कोकोव ने कहा कि हम यहां आकर बहुत उत्साहित हैं। भारत इस फोरम की बहुत अच्छी तरह से मेजबानी कर रहा है और सब कुछ बहुत ऊंचे स्टैंडर्ड के साथ आयोजित किया गया है। हमें खेती से लेकर हाई-टेक तक, हर क्षेत्र में आर्थिक विकास की काफी संभावनाएं दिख रही हैं। आगे और आर्थिक विकास की बड़ी संभावना है, क्योंकि ब्रिक्स देशों की अर्थव्यवस्थाओं में बहुत क्षमता है। भारतीय मूल के रूसी विधायक अभय कुमार सिंह ने कहा कि इस समय दुनिया के लिए ब्रिक्स संगठन बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि दुनिया अभी एक बहुत ही अहम मोड़ पर है। ब्रिक्स का मंच युद्ध का मंच नहीं है, बल्कि यह अर्थव्यवस्था, संस्कृति और अन्य क्षेत्रों में आपसी सहयोग का मंच है। इसलिए जब कई देश अपनी सीमाओं पर दीवारें खड़ी कर रहे हैं, तब ब्रिक्स देश इस समय पुल बना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हम लोगों को आमंत्रित कर रहे हैं, हम खुद जा रहे हैं और इस बार दोस्त बना रहे हैं। इसलिए, मुझे लगता है कि इस दौर में यह संगठन पूरी दुनिया के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। अल्ट्राकॉन्फिडेंशियल के बिजनेस हेड और इंडिया-ब्राजील चैंबर ऑफ कॉमर्स के सीनियर फेलो, लुकास जेंटिल ने कहा कि डिजिटल एक्सेस, फाइनेंशियल एक्सेस और डेमोग्राफी रेट्स भारत को मौजूदा भौगोलिक हालात में खुद को बेहतर स्थिति में लाने में मदद कर सकते हैं। ब्राजील-भारत के रिश्ते तब शुरू हुए जब राष्ट्रपति लूला पहली बार भारत आए थे। तब से दोनों देशों के बीच आपसी व्यापार बढ़ा है। अगर आप देखें कि आजकल कारों में एनर्जी के तौर पर इथेनॉल का इस्तेमाल हो रहा है तो यह एक ऐसी टेक्नोलॉजी है, जिसे ब्राजील के साथ मिलकर डेवलप किया गया है। रूस की भारत में बिजनेस एंबेसडर और ऑल रशियन पब्लिक ऑर्गनाइजेशन बिजनेस रशिया की जनरल काउंसिल की सदस्य ओल्गा कुलिकोवा ने कहा कि हम सच में BRICS करेंसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि इससे निश्चित रूप से व्यापार आसान होगा और देशों के बीच यात्रा भी बढ़ेगी। हमें लगता है कि यह हमारे देशों के लिए अब तक के सबसे बड़े मौकों में से एक है और हमें उम्मीद है कि इससे हमारे व्यापारिक संबंध बेहतर होंगे और भविष्य में सभी देशों को फायदा होगा।

रूस के साथ विमानन और तकनीकी सहयोग की चर्चा

BRICS से पहले भारत में 105 विमानों की डील के जरिए रूस के बड़े विमान सौदे की योजना पर रूस की स्किल डेवलपमेंट एजेंसी की डिप्टी डायरेक्टर अलीना सिंह (दोस्कानोवा) ने कहा कि इसका मतलब है कि हम मिलकर टेक्नोलॉजी पर काम करेंगे, हमें जॉइंट प्रोडक्ट्स की उम्मीद है। इसका मतलब है कि भारत में अर्थव्यवस्था का एक नया और बड़ा सेक्टर आ रहा है। यह रूस-भारत सहयोग के लिए बहुत अच्छा है, क्योंकि इससे बिजनेस कम्युनिटी और आम लोगों, दोनों पर बहुत अच्छा असर पड़ेगा। भारत की आबादी बहुत बड़ी है और इतनी बड़ी आबादी के लिए बड़े पैमाने पर उत्पादन में बहुत सारे कुशल श्रमिकों की जरूरत होगी। ऐसे में, यह दोनों देशों के लिए वाकई बहुत अच्छी खबर है। इससे हम अलग-अलग स्तरों पर एक-दूसरे के और करीब आएंगे। दुबई डायमंड एक्सचेंज (DDE) और दुबई गोल्ड एंड कमोडिटीज एक्सचेंज (DGCX) के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन और CEO अहमद बिन सुलायेम ने पश्चिम एशिया में तनाव का ग्लोबल एनर्जी मार्केट और बिजनेस माहौल पर पड़ रहे प्रभाव को लेकर कहा कि चुनौतियों के बीच ही अवसर भी छिपे होते हैं। (BRICS Summit 2026)

CEO अहमद बिन सुलायेम ने कहा कि बस कुछ महीने पहले ही UAE ने OPEC छोड़ा था और इससे भारत और दूसरे देशों के साथ बेहतर ट्रेड डील के रास्ते खुल गए। इसलिए, मुझे लगता है कि कीमत से ज्यादा जरूरी लॉजिस्टिक्स है। असल बात यह है कि कौन स्टोर कर सकता है और कौन आगे की योजना बना सकता है। भारत और BRICS जैसे देश 5-10 साल पहले ही योजना बना लेते हैं। UAE अपने तेल संसाधनों का इस्तेमाल न्यूक्लियर और रिन्यूएबल एनर्जी में निवेश करने के लिए कर रहा है। इसलिए, भारत और BRICS देशों, दोनों के लिए सस्टेनेबिलिटी (टिकाऊपन) सबसे अहम है। दक्षिण अफ्रीकी एक्ट्रेस और प्रोड्यूसर तारिना पटेल ने कहा कि मुझे लगता है कि जिस आम बात पर जोर दिया गया, वह यह है कि 20 साल पूरे करने के बाद अब हम ब्रिक्स के तीसरे दशक में प्रवेश कर रहे हैं। 20 से ज्यादा देश इसमें शामिल हो चुके हैं और हम सब मिलकर दुनिया की आधी से ज्यादा आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं और कुल GDP का 40% हिस्सा हमारे पास है। मेरा मतलब है, ये आंकड़े चौंकाने वाले हैं। आंकड़े झूठ नहीं बोलते और हमारा मकसद रिश्तों को बढ़ावा देना और उन्हें मजबूत करना है। साथ ही सीमाओं को खत्म करके दिन-ब-दिन, महीने-दर-महीने एक मजबूत अर्थव्यवस्था का निर्माण करना है।

राष्ट्रपति पुतिन के अलावा रूस के उपप्रधानमंत्री डेनिस मंतुरोव और विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव भी BRICS सम्मेलन में शामिल होने भारत पहुंचे। इससे सम्मेलन में रूस की उच्चस्तरीय भागीदारी का अंदाजा लगाया जा सकता है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पुतिन के भारत पहुंचने पर उनका स्वागत करते हुए भारत-रूस संबंधों को लंबे समय से चले आ रहे बहुआयामी संबंधों के रूप में रेखांकित किया। उन्होंने दोनों देशों के रिश्तों को विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी पर आधारित बताया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ट्वीट कर कहा कि 18वें ब्रिक्स सम्मेलन के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का गर्मजोशी से स्वागत है। हवाई अड्डे पर राज्य मंत्री और गोंडा के सांसद के.वी. सिंह ने उनकी अगवानी की। भारत और रूस के बीच बहुआयामी और लंबे समय से चले आ रहे संबंध हैं, जो विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी पर आधारित हैं। BRICS सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान के साथ भी द्विपक्षीय बैठक की। पेजेशकियान BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत पहुंचे हैं।

दक्षिण अफ्रीका, मिस्र और इथियोपिया समेत कई देशों की भागीदारी

ईरान के राष्ट्रपति के अलावा संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के साथ भी प्रधानमंत्री मोदी की द्विपक्षीय बैठक हुई। गुटेरेस भी BRICS शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए दिल्ली पहुंचे। BRICS सम्मेलन में दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा भी पहुंचे। दक्षिण अफ्रीका BRICS का सदस्य देश है। मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी और इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबिय अहमद अली भी सम्मेलन के लिए भारत पहुंचे। दोनों नेताओं का एयरपोर्ट पर भारतीय मंत्रियों ने स्वागत किया। नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति काशिम शेट्टिमा और विदेश मंत्री बियांका ओडुमेग्वु-ओजुकु भी दिल्ली पहुंचे। युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो ने भी BRICS सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत का दौरा किया। इसके अलावा बेलारूस, बोलीविया, क्यूबा, कजाकिस्तान, मलेशिया, थाईलैंड, उज्बेकिस्तान और वियतनाम समेत कई देशों की भागीदारी भी सामने आई है। एशियन इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक यानी AIIB की अध्यक्ष जू जियायी भी नई दिल्ली में आयोजित BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचीं। उरुग्वे के विदेश मंत्री मारियो लुबेटकिन भी सम्मेलन के लिए दिल्ली पहुंचे। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने उरुग्वे के विदेश मंत्री मारियो लुबेटकिन और ब्राजील के विदेश मंत्री मौरो विएरा के साथ अलग-अलग मुलाकातें भी कीं। दोनों बैठकें हैदराबाद हाउस में हुईं। फिलीपींस की विदेश मामलों की सचिव मा. थेरेसा पी. लाजारो भी BRICS सम्मेलन में शामिल होने दिल्ली पहुंचीं।

शी जिनपिंग के भारत दौरे पर टिकी नजरें

BRICS सम्मेलन का सबसे महत्वपूर्ण कूटनीतिक पहलू चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का भारत दौरा भी है। चीनी विदेश मंत्रालय के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर शी जिनपिंग 12 से 13 सितंबर तक नई दिल्ली में होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। शी जिनपिंग के भारत पहुंचने के साथ ही दिल्ली में उनके दौरे को लेकर राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गईं। मजनू का टीला इलाके में तिब्बती समुदाय के लोगों ने चीनी राष्ट्रपति के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। शी जिनपिंग के भारत दौरे को लेकर विपक्ष ने भी केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि 7 साल पहले चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को प्रधानमंत्री मोदी सीधा अहमदाबाद ले गए थे। वहां उन्होंने उन्हें झूले पर भी झुलाया था। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग जैसे ही यहां से अपने देश लौटकर गए तो हमारे देश के 21 जवानों को अपनी जान गवानी पड़ी। आज अरुणाचल और लद्दाख के एक बड़े हिस्से पर चीन ने अपना दावा कर रखा है। नक्शे बदल चुके हैं और शहरों के नाम बदल रहे हैं। हमारा कहना है कि अरुणाचल प्रदेश और लद्दाख का जर्रा-जर्रा हमारा था, है और हमेशा रहेगा।

भारत मंडपम बना वैश्विक कूटनीति का केंद्र

कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा कि हमारी चीन के साथ क्या नीति है, वह ज्यादा समझ नहीं आता है। हमारा व्यापार घाटा साल-दर-साल बढ़ता जा रहा है, जिन 6-7 सालों में चीन हमारा प्रमुख दुश्मन था, उस समय हमारा ट्रेड 3-4 गुना बढ़ गया था। इसके बाद हमारा व्यापार घाटा कई गुना बढ़ गया था। अब कहा जा रहा है कि दोनों देशों के नेता मिलेंगे। अगर दोनों नेता मिलेंगे और बॉर्डर पर कोई परेशानी नहीं हुई तो क्या चर्चा होगी? मुझे BRICS की इस बातचीत से ज्यादा उम्मीद नहीं है। 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान भारत मंडपम में दुनिया के कई प्रमुख नेताओं की मौजूदगी ने नई दिल्ली को वैश्विक कूटनीति के केंद्र में ला दिया है। एक ओर मोदी-पुतिन बैठक में भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी और आर्थिक सहयोग पर चर्चा का संकेत मिल रहा है, तो दूसरी ओर शी जिनपिंग के भारत दौरे से भारत-चीन संबंधों पर दुनिया की नजरें टिकी हैं। इसके साथ ही ईरान, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, नाइजीरिया, युगांडा समेत अलग-अलग देशों के नेताओं और प्रतिनिधियों की मौजूदगी BRICS के बढ़ते दायरे को रेखांकित करती है। (BRICS Summit 2026)

BRICS सम्मेलन का यह आयोजन ऐसे समय में हो रहा है, जब वैश्विक अर्थव्यवस्था, ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार, तकनीक और भू-राजनीतिक समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। ऐसे में भारत की मेजबानी में हो रहा यह शिखर सम्मेलन केवल नेताओं की बैठकों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए आर्थिक और रणनीतिक सहयोग के नए रास्तों पर भी चर्चा हो रही है। कुल मिलाकर दिल्ली में चल रहा BRICS Summit 2026 भारत की कूटनीतिक सक्रियता का बड़ा मंच बन चुका है। मोदी-पुतिन की मुलाकात, रूस के साथ आगामी वार्षिक शिखर सम्मेलन का निमंत्रण, तिरुक्कुरल की भेंट, शी जिनपिंग की मौजूदगी और भारत-चीन संबंधों पर उठते राजनीतिक सवाल—इन सभी घटनाक्रमों ने इस सम्मेलन को वैश्विक और घरेलू दोनों स्तरों पर बेहद महत्वपूर्ण बना दिया है। अब नजरें इस बात पर हैं कि सम्मेलन के दौरान होने वाली चर्चाओं से कौन से नए समझौते और सहयोग के रास्ते सामने आते हैं। (BRICS Summit 2026)

Back to top button
error: Content is protected !!