Google Analytics —— Meta Pixel

अंधविश्वास में हत्या: जादू-टोने के शक में ग्रामीण को पीट-पीटकर मार डाला, 3 गिरफ्तार, पढ़े पूरी खबर

कवर्धा। कुकदूर थाना क्षेत्र के ग्राम कांदावानी में जादू-टोना करने के संदेह में एक ग्रामीण की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। आरोप है कि विवाद के बाद रामसिंह बैगा को बरसाती नाले की ओर ले जाकर लाठी, पत्थर और हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, ग्राम में चैतराम बैगा के दशगात्र कार्यक्रम के दौरान रामसिंह बैगा पर जादू-टोना करने का संदेह जताते हुए कुछ लोगों से उसका विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने के बाद उसे बरसाती नाले की ओर ले जाया गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई। घटना में गंभीर रूप से घायल रामसिंह की मौत हो गई।

सूचना मिलने पर कुकदूर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। संदिग्धों से पूछताछ के साथ पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत हत्यात्मक पाए जाने के बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया।

जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने महर सिंह बैगा, धनसू बैगा और जोगी बैगा को गिरफ्तार किया। घटना में कथित रूप से शामिल दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लकड़ी की लाठी, पत्थर और अन्य सामग्री जब्त की है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Back to top button
error: Content is protected !!