स्वामी आत्मानंद स्कूल में बड़ा हादसा, लोहे का गेट गिरने से 7 वर्षीय बच्चे की मौत
जर्जर पिलर पर लगा था गेट, हादसे के बाद स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल; ग्रामीण लंबे समय से कर रहे थे मरम्मत की मांग

धरसीवा/तिल्दा। सिमगा तहसील के हथबंद गांव स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल (Swami Atmanand School ) के मुख्य गेट का लोहे का गेट गिरने से सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद स्कूल प्रबंधन की लापरवाही को लेकर सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि गेट लंबे समय से जर्जर पिलर पर लगा हुआ था और ग्रामीण इसकी मरम्मत की मांग कर रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, 7 वर्षीय शिवम यादव, पिता नन्हीं यादव, निवासी रतनपुर, बिलासपुर, अपने रिश्तेदारों के यहां हथबंद आया था। शनिवार को वह स्वामी आत्मानंद स्कूल (Swami Atmanand School ) के मुख्य गेट के पास खेल रहा था। इसी दौरान जर्जर पिलर पर लगा लोहे का भारी गेट अचानक उसके ऊपर गिर गया। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।
लंबे समय से जर्जर था गेट
ग्रामीणों के अनुसार, स्कूल (Swami Atmanand School ) के मुख्य गेट का पिलर काफी समय से जर्जर हालत में था। गेट की स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने कई बार इसकी मरम्मत की मांग की थी। आरोप है कि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। इसी बीच गेट गिरने से मासूम की जान चली गई।
एडीएम ने दिए जांच के आदेश
घटना के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। सिमगा एडीएम ने घटना की जांच के निर्देश दिए हैं। जांच के बाद हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी तय होने की बात कही जा रही है।
स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस हादसे ने सरकारी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्कूल परिसर और मुख्य द्वार जैसे स्थानों पर जर्जर निर्माण को लेकर समय रहते कार्रवाई नहीं होने पर जिम्मेदारी तय करने की मांग उठ रही है। अब देखना होगा कि जांच में किसकी लापरवाही सामने आती है और प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।
यह भी पढ़े :- ‘प्रतिद्वंद्वी नहीं, साझेदार हैं भारत-चीन’, मोदी-जिनपिंग की मुलाकात पर चीन का बड़ा बयान



