Google Analytics —— Meta Pixel

PM आवास पर महाडिबेट के बाद छिड़ा पोस्टर वॉर, BJP ने भूपेश को घेरा तो कांग्रेस ने पूछा- 18 लाख स्वीकृत या सिर्फ संकल्प ? 

BJP Congress Poster War: प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर रायपुर प्रेस क्लब में डिप्टी CM विजय शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बीच हुई महाडिबेट के बाद अब भाजपा और कांग्रेस के बीच सोशल मीडिया पर भी सियासी घमासान शुरू हो गया है। करीब 1 घंटे 20 मिनट चली बहस में दोनों नेताओं के बीच PM आवास की स्वीकृति, निर्माण, केंद्र से राशि, पोर्टल और आंकड़ों को लेकर तीखी बहस हुई। अब डिबेट खत्म होने के बाद दोनों दलों ने एक-दूसरे पर निशाना साधते हुए कार्टून पोस्टर, सोशल मीडिया पोस्ट और तीखे राजनीतिक तंज के जरिए पलटवार शुरू कर दिया है। डिबेट के बाद भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधते हुए एक कार्टून पोस्टर जारी किया। पोस्टर में लिखा गया- हवाबाजी का हुआ बंटाधार, भ्रम का गुब्बारा फूटा सही आंकड़ों के साथ। 

यह भी पढ़ें:- महाराजा चक्रधर सिंह की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचा रहा चक्रधर समारोह: राज्यपाल डेका

इस पर पूर्व CM भूपेश बघेल ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भाजपा और डिप्टी CM विजय शर्मा पर हमला बोला। साथ ही कहा कि अगली बार किसी समझदार को भेजना। छोटा रिचार्ज रील के लिए ही ठीक है। इस पर बीजेपी ने कहा कि तुम्हारी इनकमिंग भी जनता ने बंद कर दी है मिस्टर एटीएम, अगली बार राहुल गांधी को भेजना। पूर्व CM ने आगे लिखा- प्रधानमंत्री आवास पर झूठों को डिप्टी CM विजय शर्मा ने स्वीकार कर लिया है। यह छत्तीसगढ़ की जनता की दुष्प्रचार पर जीत है। 2023 में नई भाजपा सरकार ने 18 लाख नए प्रधानमंत्री आवास स्वीकृति करने का जो दावा किया था वो झूठ है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने अपने तीन दौरों पर जो लगभग 10 लाख प्रधानमंत्री आवास का दावा किया था, वह भी झूठ है। प्रचार की आड़ में छिपना बंद कीजिए विष्णुदेव जी! धरातल पर आइये और सच्चाई का सामना कीजिए।

इस पर बीजेपी ने एक के बाद एक ट्वीट कर कहा कि गरीब के घर का सवाल उठाया तो पुराना राज सामने आया। हिसाब मांगने पर हड़बड़ाए, भूपेश जी रास्ता बदलते नजर आए। एक अन्य पोस्ट में लिखा- आज क्षमायाचना का दिन भी है। भूपेश बघेल को 18 लाख से ज्यादा परिवारों को आवास से वंचित रखने के लिए माफी मांग लेना चाहिए। फर्जी आंकड़ों के दम पर डिबेट करेंगे तो यही होगा ना भूपेश जी। फर्जी नैरेटिव पकड़ा गया आपका। भूपेश जी, आपकी गणित इतनी कमजोर है, तब आपने हजारों करोड़ का घोटाला किया, अगर दुरुस्त होती तो पता नहीं पूरा राज्य ही बेच दिया होता। भूपेश जी करवा ली सार्वजनिक बेज्जती। अगर सच में काम किया होता तो आज ये दिन ना देखना पड़ता। भ्रष्टाचार, धांधली और घूसखोरी के अलावा थोड़ा गणित भी सीखना था भूपेश जी। (BJP Congress Poster War)

भाजपा के पोस्टर और सोशल मीडिया हमलों के बाद कांग्रेस भी पीछे नहीं रही। कांग्रेस ने भी PM आवास महाडिबेट को लेकर अपना पोस्टर जारी कर भाजपा पर निशाना साधा। साथ ही लिखा- 18 लाख आवास का ढोल पीटते रहे, अब विजय शर्मा ने ही भाजपा के झूठ की हवा निकाल दी। प्रचार की आड़ में सच्चाई छिपाना बंद करो। कांग्रेस ने आगे कहा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी ने भाजपा सरकार के दावों की हवा निकाल दी है। बताया था स्वीकृत, सवाल हुआ तो निकला संकल्प। पोस्टर वाली सरकार की हवा निकल गई। मतलब 14 दिसंबर 2023 को पहली कैबिनेट में जिसे आपने 18 लाख आवास की स्वीकृति बताकर प्रचारित किया था, वह अब संकल्प निकला ? अगर ऐसा है तो साफ बताइए, स्वीकृति के नाम पर छत्तीसगढ़ की जनता को गुमराह क्यों किया गया ? झूठ बोले कौआ काटे। पहली कैबिनेट में फिर 18 लाख कहां से स्वीकृत कर दिए इसका जवाब भी दे दो ? क्या सिर्फ पोस्टरों में चेहरा चमकाने के लिए 18 लाख का जुमला दिया था। (BJP Congress Poster War)

महाडिबेट के बाद बढ़ी सियासी गर्मी

PM आवास योजना पर हुई महाडिबेट के बाद अब यह मुद्दा सिर्फ मंच पर हुई बहस तक सीमित नहीं रह गया है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही इस बहस को अपने पक्ष में बताने की कोशिश कर रहे हैं। एक ओर भाजपा का दावा है कि विजय शर्मा ने सरकारी आंकड़ों के साथ कांग्रेस के दावों को जवाब दिया और पिछली सरकार के कार्यकाल में आवास निर्माण की स्थिति को सामने रखा। दूसरी ओर कांग्रेस का दावा है कि भूपेश बघेल ने भाजपा के 18 लाख आवास स्वीकृत करने के दावे पर सवाल उठाकर सरकार को घेर दिया। महाडिबेट के दौरान जहां दोनों नेता आंकड़ों को लेकर आमने-सामने थे, वहीं कार्यक्रम खत्म होने के बाद प्रेस क्लब के बाहर भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई। अब सोशल मीडिया पर पोस्टर और पोस्ट की लड़ाई ने इस राजनीतिक टकराव को और तेज कर दिया है। यानी PM आवास पर शुरू हुई महाडिबेट अब आंकड़ों से आगे बढ़कर पोस्टर, सोशल मीडिया पोस्ट और तीखे राजनीतिक हमलों की लड़ाई में बदल गई है। भाजपा और कांग्रेस दोनों अपने-अपने दावों को सही साबित करने में जुटे हैं और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!