Google Analytics —— Meta Pixel

PM आवास महाडिबेट पर CM साय का बड़ा बयान- बोले- विजय शर्मा को 10 में 10, भूपेश बघेल को जीरो अंक, शाहनवाज ने कहा- बघेल चुनाव में भी हारे, अब डिबेट में भी हार गए

CM on Mega Debate: प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर रायपुर प्रेस क्लब में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और डिप्टी CM विजय शर्मा के बीच हुई महाडिबेट को लेकर अब सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। करीब 1 घंटे 20 मिनट तक चली इस सीधी बहस के बाद भाजपा और कांग्रेस की ओर से लगातार एक-दूसरे पर हमले किए जा रहे हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने डिबेट को लेकर बड़ा बयान देते हुए डिप्टी CM विजय शर्मा को पूरे 10 में 10 अंक दिए, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को 10 में जीरो अंक दिए हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि उन्होंने पूरी डिबेट देखी है। CM साय ने कहा कि विजय शर्मा ने आंकड़ों के साथ मजबूती से अपनी बात रखी, जबकि भूपेश बघेल डिबेट में प्रभावी तरीके से अपना पक्ष नहीं रख पाए।

यह भी पढ़ें:- PM आवास पर महाडिबेट के बाद छिड़ा पोस्टर वॉर, BJP ने भूपेश को घेरा तो कांग्रेस ने पूछा- 18 लाख स्वीकृत या सिर्फ संकल्प ? 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि मैंने पूरा डिबेट देखा। मैं डिप्टी CM विजय शर्मा को 10 में 10 अंक देता हूं और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को 10 में जीरो अंक देता हूं। वो उसी के लायक हैं। सीएम CM के इस बयान को भाजपा की ओर से हुई महाडिबेट की समीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने साफ तौर पर विजय शर्मा के प्रदर्शन को बेहतर बताया और भूपेश बघेल के तर्कों को खारिज किया। इसी मामले में भाजपा के वरिष्ठ नेता शाहनवाज हुसैन ने भी भूपेश बघेल पर निशाना साधा। उन्होंने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ बैठकर पूरी डिबेट देखी। शाहनवाज हुसैन ने कहा कि मैंने मुख्यमंत्री के साथ ही डिबेट को देखा। चुनाव में भी भूपेश बघेल हारे और अब डिबेट में भी हार हुई। शाहनवाज हुसैन के इस बयान के बाद भाजपा ने डिबेट को कांग्रेस और भूपेश बघेल के खिलाफ राजनीतिक मुद्दे के तौर पर और आक्रामक तरीके से उठाना शुरू कर दिया है। (CM on Mega Debate)

PM आवास के आंकड़ों पर हुई थी तीखी बहस

दरअसल, रायपुर प्रेस क्लब में पीएम आवास योजना को लेकर हुई महाडिबेट में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा आमने-सामने बैठे थे। दोनों नेताओं ने अपने-अपने कार्यकाल के आंकड़े सामने रखते हुए एक-दूसरे के दावों पर सवाल उठाए। भूपेश बघेल ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में करीब 6 लाख 97 हजार प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए थे। उन्होंने कोरोना काल में केंद्र से राशि नहीं मिलने और पीएम आवास का पोर्टल बंद होने का भी आरोप लगाया। वहीं विजय शर्मा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कोरोना काल में भी राशि आ रही थी और पीएम आवास का पोर्टल बंद नहीं था। उन्होंने केंद्र सरकार की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में आवास पूर्ण किए गए हैं। बहस का सबसे बड़ा मुद्दा 18 लाख प्रधानमंत्री आवास का दावा रहा। भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार के 18 लाख आवास स्वीकृत करने के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसे स्वीकृति बताकर प्रचारित किया गया, जबकि अब इसे संकल्प बताया जा रहा है। (CM on Mega Debate)

डिबेट के बाद पोस्टर वॉर भी शुरू

वहीं विजय शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में 18 लाख आवास बनाने का संकल्प लिया है और सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है। विजय शर्मा ने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में करीब 3 लाख आवास पूर्ण होने का दावा किया, जबकि भाजपा सरकार के करीब ढाई साल में 16 हजार करोड़ रुपये खर्च करने की बात कही। महाडिबेट खत्म होने के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच सोशल मीडिया पर भी राजनीतिक वार-पलटवार शुरू हो गया। भाजपा ने कार्टून पोस्टर जारी करते हुए लिखा- हवाबाजी का हुआ बंटाधार, भ्रम का गुब्बारा फूटा सही आंकड़ों के साथ। इसके जवाब में भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए विजय शर्मा पर तंज कसते हुए लिखा- अगली बार किसी समझदार को भेजना। छोटा रिचार्ज रील के लिए ही ठीक है। भाजपा ने पलटवार करते हुए लिखा- तुम्हारी इनकमिंग भी जनता ने बंद कर दी है मिस्टर एटीएम, अगली बार राहुल गांधी को भेजना। इसके बाद दोनों दलों की ओर से पीएम आवास के आंकड़ों और 18 लाख आवास के दावे को लेकर लगातार पोस्ट जारी किए गए।

महाडिबेट के बाद प्रेस क्लब के बाहर भी हुआ विवाद

डिबेट के बाद मामला उस समय और गरमा गया जब प्रेस क्लब के बाहर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति बनी। पुलिस ने बीच-बचाव कर कार्यकर्ताओं को अलग करने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस के साथ भी झड़प हुई और एक SI का बैच और शर्ट का बटन टूट गया। दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी भी की गई। कार्यक्रम में भूपेश बघेल के समर्थकों की भी बड़ी संख्या मौजूद थी और उन्होंने भूपेश जिंदाबाद के नारे लगाए। PM आवास पर हुई महाडिबेट के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का यह बयान भाजपा के लिए बड़ा राजनीतिक हथियार माना जा रहा है। सीएम ने जिस तरह विजय शर्मा को 10 में 10 और भूपेश बघेल को जीरो अंक दिए हैं, उससे साफ है कि भाजपा इस बहस को अपनी जीत के तौर पर पेश कर रही है। (CM on Mega Debate)

वहीं शाहनवाज हुसैन का यह कहना कि चुनाव में भी भूपेश बघेल हारे और अब डिबेट में भी हार हुई, बहस को सीधे राजनीतिक मुकाबले से जोड़ता है। दूसरी ओर कांग्रेस लगातार यह दावा कर रही है कि महाडिबेट में भाजपा सरकार के 18 लाख आवास स्वीकृत करने के दावे पर सवाल खड़े हुए हैं। कांग्रेस का आरोप है कि पहले 18 लाख आवास की स्वीकृति की बात कही गई और अब इसे संकल्प बताया जा रहा है। इस तरह PM आवास पर हुई महाडिबेट अब सिर्फ योजना के आंकड़ों तक सीमित नहीं रह गई है। डिबेट के बाद नेताओं के बयान, सोशल मीडिया पोस्टर वॉर, कार्यकर्ताओं की झड़प और अब मुख्यमंत्री साय व शाहनवाज हुसैन की प्रतिक्रिया ने इस पूरे मामले को छत्तीसगढ़ की सियासत का नया हॉट टॉपिक बना दिया है। PM आवास पर हुई महाडिबेट भले ही खत्म हो गई हो, लेकिन इसके बाद शुरू हुई सियासी बहस अभी थमती नजर नहीं आ रही। भाजपा इसे आंकड़ों की लड़ाई में अपनी जीत बता रही है तो कांग्रेस 18 लाख आवास की स्वीकृति और संकल्प के अंतर को लेकर सरकार से जवाब मांग रही है। अब सवाल सिर्फ डिबेट में कौन जीता और कौन हारा, इसका नहीं है। सवाल उन लाखों परिवारों का है, जिन्हें प्रधानमंत्री आवास का इंतजार है। आंकड़ों के इस सियासी दावे के बीच आखिर धरातल पर कितने आवास स्वीकृत हुए, कितने बने और कितने परिवारों को वास्तव में उनका घर मिला, इसका जवाब आने वाले दिनों में और महत्वपूर्ण होगा।

Back to top button
error: Content is protected !!