Google Analytics —— Meta Pixel

PM आवास पर बहस के बाद भिड़े BJP-कांग्रेस कार्यकर्ता, प्रेस क्लब के बाहर हंगामा, पुलिस से भी झड़प

BJP Congress Workers Clash: प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर रायपुर प्रेस क्लब में डिप्टी CM विजय शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बीच करीब 1 घंटे 20 मिनट चली सीधी बहस के बाद कार्यक्रम स्थल के बाहर राजनीतिक माहौल गरमा गया। बहस खत्म होने के बाद प्रेस क्लब के बाहर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद पुलिस ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग करने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान पुलिस के साथ भी कार्यकर्ताओं की झड़प हो गई। हंगामे के दौरान एक SI का बैच और शर्ट का बटन टूट गया। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी भी की। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को अलग किया।

यह भी पढ़ें:- PM आवास महाडिबेट पर CM साय का बड़ा बयान- बोले- विजय शर्मा को 10 में 10, भूपेश बघेल को जीरो अंक, शाहनवाज ने कहा- बघेल चुनाव में भी हारे, अब डिबेट में भी हार गए

दरअसल, रायपुर प्रेस क्लब में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर भाजपा और कांग्रेस के दो बड़े नेताओं के बीच पहली बार सीधी बहस आयोजित की गई थी। मंच पर डिप्टी CM विजय शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने-अपने आंकड़े और दावे सामने रखे। बहस के दौरान जहां दोनों नेताओं के बीच PM आवास की स्वीकृति, निर्माण, केंद्र से राशि, पोर्टल और कोरोना काल को लेकर तीखी बहस हुई, वहीं कार्यक्रम खत्म होने के बाद दोनों दलों के कार्यकर्ता भी आमने-सामने आ गए। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक प्रेस क्लब के बाहर दोनों पक्षों में पहले बहस और नारेबाजी हुई। इसके बाद मामला धक्का-मुक्की और झड़प तक पहुंच गया। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने की कोशिश की। कार्यकर्ताओं को अलग करने के दौरान पुलिसकर्मियों और कार्यकर्ताओं के बीच भी धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। इसी दौरान एक SI का बैच टूट गया और शर्ट का बटन भी टूट गया। पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को शांत कराया।

कांग्रेसियों को बलपूर्वक रोका गया: शैलेश नितिन त्रिवेदी

हंगामे के दौरान दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी भी की गई। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में भूपेश बघेल समर्थक भी प्रेस क्लब के बाहर मौजूद थे। समर्थकों ने भूपेश जिंदाबाद के नारे लगाए। हंगामे के बाद कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कार्यक्रम की व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं को प्रेस क्लब के अंदर जाने दिया गया, जबकि कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को बलपूर्वक रोका गया। त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में प्रवेश को लेकर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के साथ समान व्यवहार नहीं किया गया। इसी को लेकर कांग्रेस की ओर से नाराजगी जताई गई। इससे पहले कार्यक्रम के दौरान प्रेस क्लब के अंदर बैठने की व्यवस्था को लेकर कुछ वरिष्ठ पत्रकारों ने भी नाराजगी जताई थी। लाइव डिबेट के दौरान व्यवस्था को लेकर आपत्ति सामने आई और कुछ वरिष्ठ पत्रकार मंच के सामने पहुंचकर अपनी नाराजगी जाहिर करते दिखाई दिए।

डिबेट की जानकारी नहीं थी, नाश्ता छोड़कर भागे: बघेल

इस वजह से कार्यक्रम के दौरान कुछ समय के लिए अव्यवस्था की स्थिति बनी। एक तरफ मंच पर PM आवास को लेकर भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच बहस चल रही थी, तो दूसरी तरफ कार्यक्रम स्थल की व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी सामने आ रही थी। बहस शुरू होने से पहले ही पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने डिबेट की सूचना को लेकर नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संचार विभाग को इस कार्यक्रम की कोई जानकारी या सूचना नहीं दी गई थी। भूपेश बघेल ने बताया कि सुबह जब उन्हें डिबेट के बारे में पता चला, उस समय वह नाश्ता कर रहे थे। जानकारी मिलते ही उन्होंने नाश्ता छोड़ा और कार्यक्रम में पहुंच गए। उन्होंने कहा कि ऐसा अवसर कम ही मिलता है, जब सरकार और विपक्ष के दो प्रमुख नेता एक ही मंच पर आमने-सामने बैठकर किसी मुद्दे पर चर्चा करें। (BJP Congress Workers Clash)

बहस के दौरान भी दोनों नेताओं में तीखे आरोप

PM आवास को लेकर हुई बहस में विजय शर्मा और भूपेश बघेल के बीच कई बार तीखे आरोप-प्रत्यारोप हुए। भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार के 18 लाख आवास बनाने के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस दावे को कहना बंद कर देना चाहिए। इसके जवाब में विजय शर्मा ने कहा कि कांग्रेस को यह कहना बंद कर देना चाहिए कि केंद्र सरकार ने राशि स्वीकार नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने जानबूझकर पोर्टल पर जानकारी नहीं डाली और इसके बाद केंद्र सरकार पर राशि नहीं देने का आरोप लगाया। बहस के दौरान विजय शर्मा ने भूपेश बघेल पर तीखा हमला करते हुए कहा कि आपने गरीबों की आह ली, इसलिए सरकार गई। डिबेट के दौरान विजय शर्मा ने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रधानमंत्री आवास योजना की स्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उन्होंने पूरी रिपोर्ट और आंकड़ों के साथ अपनी बात रखी, लेकिन कांग्रेस की ओर से इस मुद्दे पर राजनीति की गई।

विकास उपाध्याय ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

विजय शर्मा ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में करीब 3 लाख आवास बनाए गए, जबकि छत्तीसगढ़ की मौजूदा साय सरकार ने 18 लाख आवास बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भूपेश बघेल के कार्यकाल में गरीबों के आवास रुके। विजय शर्मा ने कहा कि बाद में जांच में यह भी सामने आया कि कई ऐसे हितग्राही थे, जो मकान मिलने का इंतजार करते-करते दुनिया से चले गए। वहीं कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने डिबेट के बाद भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ सरकार, मुख्यमंत्री, डिप्टी CM और केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री आवास के नाम पर जनता के सामने झूठे दावे पेश किए। विकास उपाध्याय ने कहा कि भाजपा की ओर से रोजाना करीब 1,600 मकान बनाने का दावा किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भूपेश बघेल की चुनौती के बाद भी विजय शर्मा उन सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। उन्होंने भाजपा पर झूठे वादे कर जनता को गुमराह करने का आरोप भी लगाया। (BJP Congress Workers Clash)

PM आवास पर सियासी बहस के बाद सड़क पर भी टकराव

प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर लंबे समय से भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी टकराव जारी है। भाजपा कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में आवास निर्माण की गति और संख्या को लेकर सवाल उठाती रही है, जबकि कांग्रेस केंद्र से राशि नहीं मिलने और योजना के पोर्टल से जुड़े मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधती रही है। मंगलवार को पहली बार दोनों दलों के प्रमुख नेताओं ने इसी मुद्दे पर आमने-सामने बैठकर बहस की। करीब 1 घंटे 20 मिनट तक चली बहस में आंकड़ों और दावों को लेकर दोनों पक्षों में तीखे सवाल-जवाब हुए, लेकिन बहस खत्म होने के बाद मामला सिर्फ मंच तक सीमित नहीं रहा। प्रेस क्लब के बाहर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प ने कार्यक्रम को नया सियासी रंग दे दिया। पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और काफी मशक्कत के बाद स्थिति को शांत कराया गया। इस तरह PM आवास पर मंच के अंदर नेताओं की बहस के बाद बाहर कार्यकर्ताओं के बीच टकराव ने रायपुर प्रेस क्लब के इस हाई-प्रोफाइल राजनीतिक कार्यक्रम को और ज्यादा सुर्खियों में ला दिया।

Back to top button
error: Content is protected !!