Google Analytics —— Meta Pixel

झीरम घाटी हत्याकांड के दोषियों को मृत्युदंड न्याय की जीत: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

CM Sai on Jhiram Case: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने झीरम घाटी हत्याकांड मामले में दोषी पाए गए सभी दस नक्सलियों को जगदलपुर एनआईए कोर्ट की ओर से मृत्युदंड की सजा सुनाए जाने को न्याय की जीत बताया है। मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा है कि झीरम घाटी में हुआ बर्बर हत्याकांड छत्तीसगढ़ के इतिहास का वह पीड़ादायक अध्याय है, जिसकी कटु स्मृतियां हमें लंबे समय तक पीड़ा देती रहेंगी। इस जघन्य कम्युनिस्ट हिंसा में हमने प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं, सुरक्षाकर्मियों और आम नागरिकों को भी खोया है।

यह भी पढ़ें:- भारतीय डेविस कप टीम के मैनेजर सुजीत रॉय की अपील – 17 सितंबर को पीएम मोदी के लिए जलाएं ‘आशीर्वाद का दीया’

मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले में दोषी पाए गए सभी दस नक्सलियों को जगदलपुर एनआईए कोर्ट की ओर से दी गई मृत्युदंड की सजा न्याय की जीत है। एनआईए ने जिस तरह इस जांच को अंजाम तक पहुंचाया, उसकी भी सराहना होनी चाहिए। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के लौह संकल्प और उनके दृढ़ नेतृत्व में हमने सशस्त्र नक्सलवाद के चंगुल से प्रदेश को मुक्त कराया है। दशकों से नक्सली हिंसा झेल रहा बस्तर आज शांति, विश्वास और विकास के नए युग की ओर आगे बढ़ रहा है। (CM Sai on Jhiram Case)

सभी दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि: CM साय

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अवसर विशेषकर जनजाति समाज की लाश पर राजनीति करने वालों और आतंक को बौद्धिक और वैचारिक समर्थन देने वालों के लिए आत्मचिंतन का भी अवसर है। दिमागी नक्सल भी यह जान लें कि निहित स्वार्थ के कारण किसी भी आतंक को प्रश्रय और आसरा देने का परिणाम सबके लिए विनाशकारी ही होता है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र और संविधान के विरुद्ध लड़ने वाले आतंक का भस्मासुर किसी विचार या क्षेत्र की सरहद को नहीं मानता है। यह समझकर उन्हें अपनी हरकतों से बाज आना चाहिए। मुख्यमंत्री साय ने झीरम घाटी के क्रूर हमले में प्राण गंवाने वाले सभी दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी है। (CM Sai on Jhiram Case)

Back to top button
error: Content is protected !!