WhatsApp APK Scam: फाइल डाउनलोड होते ही कारोबारी के खाते से 4.15 लाख गायब, पढ़े पूरी खबर
रायपुर में WhatsApp पर आई APK फाइल डाउनलोड होते ही कारोबारी के बैंकिंग माध्यमों से 4.15 लाख रुपए से ज्यादा की रकम निकल गई। खम्हारडीह पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की।

WhatsApp APK Scam : राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। खम्हारडीह थाना क्षेत्र में WhatsApp के जरिए भेजी गई APK फाइल डाउनलोड होते ही कारोबारी के बैंकिंग माध्यमों से 4.15 लाख रुपए से ज्यादा की रकम निकल गई। ठगी का शिकार लाभांडी स्थित रहेजा रेजीडेंसी निवासी कारोबारी तनुज अग्रवाल (35) हुए हैं। शिकायत के बाद खम्हारडीह पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
WhatsApp पर आई APK फाइल, फिर खाते से होने लगे ट्रांजैक्शन
पुलिस के मुताबिक, 12 सितंबर को तनुज अग्रवाल के WhatsApp नंबर पर एक APK फाइल भेजी गई थी। उनके मोबाइल में WhatsApp का ऑटो-डाउनलोड फीचर चालू था, जिसके चलते फाइल अपने आप डाउनलोड हो गई। इसके बाद उनके बैंकिंग माध्यमों से लगातार ट्रांजैक्शन होने लगे। (WhatsApp APK Scam)
कारोबारी का मोबाइल नंबर Bank of India के क्रेडिट कार्ड और Union Bank के करंट अकाउंट से लिंक था। शिकायत के अनुसार, Bank of India के क्रेडिट कार्ड से 69,998.97 रुपए, जबकि Union Bank के करंट अकाउंट से UPI के जरिए 3,45,530.95 रुपए ट्रांसफर किए गए।
इस तरह कारोबारी के बैंकिंग माध्यमों से कुल 4,15,529.92 रुपए की रकम निकल गई।
साइबर पोर्टल पर शिकायत के बाद FIR
ठगी का पता चलने के बाद कारोबारी ने National Cyber Crime Reporting Portal पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद 17 सितंबर को खम्हारडीह थाने में लिखित शिकायत दी गई। प्रारंभिक जांच और दस्तावेजों के आधार पर पुलिस ने धारा 318(4) BNS के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
APK भेजने वाले नंबर की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब उस मोबाइल नंबर की जानकारी जुटा रही है, जिससे APK फाइल भेजी गई थी। इसके साथ ही ठगी की रकम किन बैंक खातों में पहुंची, ट्रांजैक्शन की कड़ियां और इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस बैंकिंग रिकॉर्ड और साइबर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
साइबर एक्सपर्ट्स लगातार लोगों को अनजान नंबरों से WhatsApp पर आने वाली APK या अन्य संदिग्ध फाइलों को डाउनलोड और इंस्टॉल नहीं करने की सलाह देते हैं। (WhatsApp APK Scam)
यह भी पढ़े :- CG Weather: छत्तीसगढ़ में गर्मी से मिलेगी राहत! 19 सितंबर से बढ़ेगी बारिश, भारी बारिश का अलर्ट



