बेटी ने मुस्लिम युवक से की शादी, पिता ने जीवित बेटी का किया पिंडदान

जगदलपुर। शहर के धरमपुरा क्रमांक-3 इलाके में अंतरधार्मिक विवाह और धर्म परिवर्तन से नाराज एक पिता द्वारा अपनी जीवित बेटी का पिंडदान किए जाने का मामला सामने आया है। परिवार के अनुसार, सुजान दत्ता की बेटी सिमरन दत्ता ने एक मुस्लिम युवक से विवाह किया और इसके बाद धर्म परिवर्तन कर लिया। बेटी के इस फैसले से नाराज पिता ने हिंदू रीति-रिवाज से पिंडदान की रस्म पूरी कर उससे पारिवारिक संबंध खत्म करने की घोषणा की। घटना 20 सितंबर की बताई जा रही है।
सिर मुंडवाकर की पिंडदान की रस्म
परिवार के मुताबिक, बेटी के विवाह और धर्म परिवर्तन के बाद उसे निर्णय पर पुनर्विचार के लिए समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह अपने फैसले पर कायम रही। इसके बाद सुजान दत्ता ने सिर मुंडवाया और पंडितों की मौजूदगी में मंत्रोच्चार के बीच जीवित बेटी के लिए पिंडदान की रस्म पूरी की।
पिता ने सार्वजनिक रूप से घोषणा की कि अब बेटी से उनका आजीवन कोई पारिवारिक संबंध नहीं रहेगा। परिवार की ओर से इस संबंध में एक घोषणा पत्र भी सार्वजनिक किया गया है, जिसमें संबंध विच्छेद की बात कही गई है।
परिवार ने लगाए ‘लव जिहाद’ के आरोप
परिवार ने बेटी के विवाह और धर्म परिवर्तन को ‘लव जिहाद’ से जोड़ते हुए आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, सिमरन दत्ता की ओर से इस पूरे मामले पर कोई विस्तृत स्वतंत्र बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों को आरोप के तौर पर ही देखा जा रहा है।
बंगाली समाज के पदाधिकारी पहुंचे घर
घटना की जानकारी मिलने के बाद निखिल भारत बंगाली समन्वय समिति, बस्तर संभाग के अध्यक्ष जीवानंद हालदार सहित समिति के अन्य पदाधिकारी सुजान दत्ता के घर पहुंचे। उन्होंने परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
अंतरधार्मिक विवाह, धर्म परिवर्तन और पारिवारिक-सामाजिक मान्यताओं से जुड़े इस घटनाक्रम की शहर में चर्चा है। मामले में संबंधित अन्य पक्षों का स्वतंत्र पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।



