Google Analytics —— Meta Pixel

Weather Alert – मानसून की विदाई से पहले जमकर बरसेंगे बादल, छत्तीसगढ़ में आज भारी बारिश के आसार

Weather Alert : छत्तीसगढ़ से मानसून की विदाई से पहले एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने के आसार हैं। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर प्रदेश के कई हिस्सों में दिखाई दे रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 22 सितंबर को प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं, 24 सितंबर को बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में भी अच्छी बारिश हो सकती है।

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम प्रणाली

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम-मध्य और उससे लगे पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना स्पष्ट कम दबाव का क्षेत्र सोमवार दोपहर तक इसी क्षेत्र में सक्रिय रहा। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। (Weather Alert)

मौसम प्रणाली के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। अगले 24 से 48 घंटे में इसके अवदाब से गहरे अवदाब में बदलने के आसार हैं। इसके 23 सितंबर की सुबह के आसपास उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा तट के पास पहुंचने की संभावना जताई गई है। इस सिस्टम का असर अब छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी नजर आने लगा है।

इन इलाकों में हुई बारिश

पिछले 24 घंटे में प्रदेश के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश भैरमगढ़ में 5 सेमी दर्ज की गई। इसके अलावा गंगालूर में 4 सेमी, जबकि बिहारपुर, रतनपुर, दुर्ग, बेलगहना और पेंड्रा रोड में 3-3 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में मंगलवार को मौसम आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। इस दौरान एक-दो दौर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

मानसून की विदाई से पहले सक्रिय हुए इस सिस्टम के चलते अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। (Weather Alert)

यह भी पढ़े :- स्कूल शिक्षा विभाग में व्याख्याता के 854 पदों पर होगी भर्ती, हिन्दी, अंग्रेजी और संस्कृत में सर्वाधिक 120-120 पद

Back to top button
error: Content is protected !!