Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में मेरठ के ‘नीले ड्रम कांड’ जैसी खौफनाक वारदात, कोरबा में लिव-इन पार्टनर की हत्या कर सेप्टिक टैंक में छुपाई लाश

Live in Partner Murder: उत्तर प्रदेश के मेरठ में हुए चर्चित ‘नीले ड्रम कांड’ की खौफनाक यादें अभी लोगों के जेहन से मिटी भी नहीं थी कि छत्तीसगढ़ की ऊर्जाधानी कोरबा से एक ऐसा ही दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सनकी प्रेमी ने अपनी लिव-इन पार्टनर की बेरहमी से हत्या करने के बाद उसके शव को घर के पीछे बने सेप्टिक टैंक में छिपा दिया। आरोपी करीब एक महीने तक पुलिस और परिजनों को लगातार गुमराह करता रहा, लेकिन रक्षाबंधन के दिन भाई के घर पहुंचने पर इस खौफनाक राज से पर्दा उठ गया। यह रोंगटे खड़े कर देने वाला सनसनीखेज मामला कोरबा जिले के श्यांग थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बरपाली गांव का है।

यह भी पढ़ें:- मिडिल ईस्ट में महायुद्ध की आहट, ईरान ने लागू किया ‘कोड-100’ अलर्ट, अमेरिका और इजरायल की बढ़ी टेंशन

जानकारी के मुताबिक 33 साल के संतोषी बाई के पहले पति की मौत हो चुकी थी, जिसके बाद वह पिछले करीब दो साल से आरोपी मनोज उरांव के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। बताया जा रहा है कि आरोपी मनोज शराब पीने का आदी था और अक्सर इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद और मारपीट होती रहती थी। मृतिका के परिजनों के मुताबिक रक्षाबंधन के एक दिन पहले 27 अगस्त की रात को भी मनोज शराब के नशे में घर पहुंचा और संतोषी के साथ उसका विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। हालांकि उस वक्त पड़ोसियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन कुछ देर बाद जब मौका मिला, तो मनोज ने संतोषी पर दोबारा हमला कर दिया। यह बेरहम मारपीट इतनी घातक थी कि संतोषी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। (Live in Partner Murder)

एक महीने तक यूं ही चला झूठ का खेल

हत्या की इस वारदात को छिपाने के लिए आरोपी ने शातिर साजिश रची। उसने संतोषी के शव को घर के पीछे बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक के अंदर डालकर उसका ढक्कन बंद कर दिया। अगले दिन जब रक्षाबंधन का त्योहार था और संतोषी अपने भाइयों को राखी बांधने मायके नहीं पहुंची तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने जब आरोपी मनोज से पूछताछ की तो उसने शातिर झूठ बोलते हुए कहा कि संतोषी एक दिन पहले ही कहीं चली गई है। इसके बाद परिजन उसकी तलाश में जुट गए, लेकिन एक महीने तक उसका कोई सुराग नहीं मिला। इस दौरान आरोपी मनोज भी चुपचाप घर से फरार हो गया। घटना के करीब एक महीने बाद मृतिका के भाई रामभरोस को शक हुआ और वह अपनी बहन की तलाश करते हुए उसके घर पहुंचा।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम कर रही जांच

घर के आसपास पहुंचते ही उसे बाड़ी की तरफ से तेज बदबू महसूस हुई। जब उसने पास जाकर देखा तो सेप्टिक टैंक का ढक्कन आधा खुला हुआ था और भीतर से असहनीय बदबू आ रही थी। शक गहराने पर तुरंत इसकी सूचना श्यांग थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी लक्ष्मण खूंटे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रात हो जाने के कारण सुरक्षा के मद्देनजर सुबह कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में सेप्टिक टैंक का ढक्कन खुलवाया गया, जिसके अंदर से संतोषी उरांव की सड़ी-गली लाश बरामद हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स और मेडिकल कॉलेज की विशेष टीम भी पहुंच गई। पुलिस ने शव को टैंक से बाहर निकालकर मर्ग कायम कर लिया है। (Live in Partner Murder)

Murder in Raipur

कोरबा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर के मुताबिक लिस फॉरेंसिक जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। हत्या के पूरे घटनाक्रम और इसमें शामिल अन्य पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद से ही आरोपी मनोज उरांव लगातार फरार चल रहा है। श्यांग थाना पुलिस की कई विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। कुल मिलाकर छत्तीसगढ़ के कोरबा में हुई इस खौफनाक वारदात ने एक बार फिर रिश्तों में भरोसे की कमी और बढ़ती दरारों को उजागर कर दिया है। मेरठ के ‘नीले ड्रम कांड’ की दहशत अभी लोगों के जेहन से मिटी भी नहीं थी कि कोरबा के इस सनसनीखेज मामले ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और यह उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही कानून के लंबे हाथ इस खूनी प्रेमी तक पहुंचेंगे और मृतका को इंसाफ मिलेगा।

Back to top button
error: Content is protected !!