Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में हत्या की वारदातों से सनसनी, दुर्ग में शराब के विवाद में युवक की मौत, धमधा में पत्नी की हत्या कर हार्ट अटैक का रचा नाटक

Chhattisgarh Crime News: छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों से सामने आई हिंसा और हत्या की घटनाओं ने सनसनी फैला दी है। दुर्ग जिले में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक युवक की ईंट-पत्थर से हमला कर हत्या कर दी गई। वहीं धमधा में पति ने पत्नी की हत्या करने के बाद मौत को हार्ट अटैक का रूप देने की कोशिश की, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने उसकी साजिश का खुलासा कर दिया। इधर, बिलासपुर के मस्तूरी क्षेत्र में बिदर त्योहार के दौरान दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके पिता और भाई गंभीर रूप से घायल हैं। वहीं बस्तर में शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर महिलाओं और स्थानीय लोगों ने मुख्य मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में मेरठ के ‘नीले ड्रम कांड’ जैसी खौफनाक वारदात, कोरबा में लिव-इन पार्टनर की हत्या कर सेप्टिक टैंक में छुपाई लाश

दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र के वार्ड-22 स्थित कुरूद बाजार चौक में शराब पीने के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। कहासुनी के बाद एक युवक ने दूसरे युवक के सिर पर ईंट-पत्थर से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जानकारी के मुताबिक मनीष बघेल और राज जोशी शराब पी रहे थे। इसी दौरान उतई निवासी पुरण भारती वहां पहुंचा। शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर पुरण भारती और राज जोशी के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ते-बढ़ते गाली-गलौज तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान राज जोशी ने पुरण भारती पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से पुरण भारती खून से लथपथ होकर नीचे गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। (Chhattisgarh Crime News)

पत्नी की हत्या के बाद हार्ट अटैक का रची साजिश

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। खास बात यह है कि घटना की सूचना आरोपी राज जोशी के मामा मनीष बघेल ने ही जामुल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का पंचनामा कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मौके पर मौजूद मामा-भांजे दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए कचांदूर मेडिकल कॉलेज की मर्चुरी भेजा गया है। पुलिस फिलहाल विवाद की वास्तविक वजह और हत्या में दोनों की भूमिका को लेकर जांच कर रही है। दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल के मुताबिक मामले में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। दुर्ग जिले के धमधा ब्लॉक के अगार बस्ती से हत्या का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें आरोपी पति ने पत्नी की हत्या करने के बाद इसे स्वाभाविक मौत साबित करने की कोशिश की। हालांकि, शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने आरोपी की पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया। (Chhattisgarh Crime News)

आरोपी त्रिलोक की अनु से हुई थी लव मैरिज

अगार बस्ती निवासी त्रिलोक खंडे का प्रेम विवाह अनु के साथ हुआ था। दोनों के दो बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि अनु के बार-बार मायके जाने को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना वाली रात भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच गाली-गलौज और हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान त्रिलोक ने अनु के सिर पर वार कर दिया। चोट लगने के बाद अनु जमीन पर गिर गई और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद त्रिलोक घबरा गया। आरोप है कि उसने हत्या को छिपाने के लिए आसपास के लोगों को बुलाया और बताया कि अनु अचानक जमीन पर गिर गई है और शायद उसे हार्ट अटैक आया है। इसके बाद आसपास के लोग अनु को धमधा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव का शॉर्ट पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में मारपीट से चोट लगने के कारण मौत की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने त्रिलोक खंडे को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसे गिरफ्तार कर लिया। धमधा एसडीओपी बीएस तिग्गा के मुताबिक शॉर्ट पीएम रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला सामने आया है। आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

बिदर त्योहार के दौरान खूनी संघर्ष, युवक की मौत

बिलासपुर के मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम गतौरा में स्थानीय बिदर त्योहार के दौरान दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक हो गया। लाठी-डंडों से हुए हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके पिता और बड़े भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम गतौरा के वार्ड नंबर 19 स्थित जनक पहरी पारा की है। रविवार रात यहां बिदर त्योहार मनाया जा रहा था। इसी दौरान करीब रात 10 बजे किसी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने व्यासनारायण राठौर, उनके बड़े बेटे रवि कुमार राठौर और छोटे बेटे शैलेश कुमार राठौर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और तीनों को इलाज के लिए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने शैलेश कुमार राठौर को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं व्यासनारायण राठौर और रवि कुमार राठौर का इलाज जारी है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बस्तर में शराब दुकान हटाने की मांग

घटना की सूचना मिलने के बाद सोमवार को पुलिस के आला अधिकारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दूसरे पक्ष के लोगों समेत करीब 14 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से विवाद की वजह और हमले में शामिल लोगों की भूमिका को लेकर पूछताछ कर रही है। त्योहार के दौरान हुई इस हिंसक घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। इधर, बस्तर के नया बस स्टैंड क्षेत्र में स्थित सरकारी शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर स्थानीय महिलाओं और लोगों ने मोर्चा खोल दिया। सोमवार को शांति नगर वार्ड की महिलाओं ने मुख्य मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया। दरअसल, रविवार शाम शराब दुकान के पास ही दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई थी। इस दौरान चाकूबाजी में एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है।

कानून व्यवस्था पर उठे सवाल

प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि शराब दुकान के कारण इलाके में आए दिन विवाद की स्थिति बनती रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी यहां हत्या का मामला सामने आ चुका है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि शराब दुकान के कारण मुख्य मार्ग पर अक्सर भीड़ और सड़क जाम की स्थिति बनती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इसी को लेकर शांति नगर वार्ड के लोगों ने सरकारी शराब दुकान को तत्काल दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग भी उठाई गई। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों को स्थानीय लोगों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। अधिकारियों ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इन तमाम घटनाओं के बाद एक सवाल जरूर खड़ा होता है कि आखिर शराब, आपसी विवाद और त्योहार के दौरान बढ़ती हिंसा कब थमेगी? दुर्ग में मामूली कहासुनी जानलेवा बन गई, धमधा में रिश्ते का खून हुआ और बिलासपुर में त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं। वहीं बस्तर में शराब दुकान को लेकर लोगों का गुस्सा सड़क पर है। अब पुलिस की जांच और प्रशासन की कार्रवाई से ही साफ होगा कि इन घटनाओं के पीछे की पूरी सच्चाई क्या है और ऐसी घटनाओं पर रोक कैसे लगेगी।

Back to top button
error: Content is protected !!