Google Analytics —— Meta Pixel

इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने आए, शौक ने बनाया चेन स्नैचर; युवक-युवती गिरफ्तार

भिलाई। इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने भिलाई आए युवक-युवती पर चेन झपटमारी की दो वारदातों में शामिल होने का आरोप लगा है। सुपेला पुलिस ने CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने 31 जुलाई और 20 सितंबर को हुई चेन झपटमारी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवक पीछे बैठकर महिलाओं के गले से चेन झपटता था, जबकि युवती स्कूटी चलाती थी। दोनों सुबह के समय उन इलाकों में पहुंचते थे, जहां महिलाएं टहलने के लिए निकलती थीं। पहचान छिपाने के लिए हेलमेट के साथ चेहरे पर कपड़ा बांधने की बात भी सामने आई है।

CCTV फुटेज से मिला सुराग

पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई की सुबह करीब 6:32 बजे गीता देवी (62) अपने घर के सामने टहल रही थीं। इसी दौरान स्कूटी सवार युवक-युवती ने उनका पीछा कर चेन झपटी और फरार हो गए। शिकायत के बाद पुलिस ने आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।

जांच के दौरान 20 सितंबर को नेहरू नगर ईस्ट की विद्या विहार कॉलोनी में गीता देवी के साथ हुई दूसरी चेन झपटमारी की घटना भी सामने आई। दोनों घटनाओं को जोड़कर जांच आगे बढ़ाई गई। CCTV फुटेज में वारदात में इस्तेमाल स्कूटी से पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले।

विक्की से पूछताछ में तरुणा का नाम

जांच के दौरान पुलिस ने विक्की नायक को पकड़ा। पूछताछ में उसके साथ तरुणा सिन्हा के भी दोनों वारदातों में शामिल होने की जानकारी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, 31 जुलाई की घटना में CG-07-NN-6415 नंबर की स्कूटी का इस्तेमाल किया गया था।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सोने की चेन का बचा हुआ हिस्सा और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की है।

दोनों इंजीनियरिंग के छात्र

पुलिस के अनुसार, 23 वर्षीय विक्की नायक मूल रूप से मध्यप्रदेश के बालाघाट का रहने वाला है और तितुरडीह, दुर्ग में रह रहा था। वहीं 20 वर्षीय तरुणा सिन्हा राजनांदगांव की रहने वाली है और तितुरडीह में रहकर पढ़ाई कर रही थी।

पुलिस का कहना है कि दोनों आपस में दोस्त हैं और शौक तथा पढ़ाई से जुड़े खर्चों के लिए चेन झपटमारी करने लगे थे। दोनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

यह भी पढ़े :- Asian Games 2026 – भारतीय महिला क्रिकेट टीम का जलवा, श्रीलंका को 147 रन से हराकर जीता गोल्ड

Back to top button
error: Content is protected !!