कल रायपुर लौटेंगे किरण सिंह देव, BJP प्रदेश अध्यक्ष बदलने की चर्चाओं पर लगा ब्रेक
रायपुर। सड़क हादसे के बाद करीब दो महीने से दिल्ली में उपचार और स्वास्थ्य लाभ ले रहे छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव बुधवार, 23 सितंबर को छत्तीसगढ़ लौटेंगे। जानकारी के मुताबिक, वे दिल्ली से रवाना होकर रात करीब 8 बजे रायपुर पहुंचेंगे। उनके स्वागत के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट पर तैयारियां की हैं।

किरण सिंह देव की वापसी के साथ ही प्रदेश भाजपा संगठन में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी फिलहाल विराम लग गया है। स्वास्थ्य लाभ के बाद वे एक बार फिर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के रूप में संगठन की जिम्मेदारी संभालेंगे और पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय होंगे।
29 जुलाई को हुआ था सड़क हादसा
किरण सिंह देव 29 जुलाई को परिवार के साथ बागेश्वर धाम से लौट रहे थे। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के तालबेहट क्षेत्र में झांसी-ललितपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर उनकी इनोवा कार ट्रक से टकरा गई थी। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई थीं।
दुर्घटना के बाद उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। बाद में बेहतर उपचार के लिए एयर एंबुलेंस से दिल्ली के मेदांता अस्पताल रेफर किया गया। बताया गया कि हादसे में उनकी कमर की हड्डी में चोट आई थी। विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चला।
दिल्ली में चला लंबा उपचार
मेदांता अस्पताल में उपचार के बाद किरण सिंह देव ने दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ निवास में रहकर स्वास्थ्य लाभ लिया। इस दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने उनसे मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
अब स्वास्थ्य में सुधार के बाद उनकी छत्तीसगढ़ वापसी हो रही है। दिल्ली से रवाना होने के बाद वे बुधवार रात रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद उनके प्रदेश भाजपा संगठन की गतिविधियों में फिर से सक्रिय होने की संभावना है।
यह भी पढ़े :-



