Google Analytics —— Meta Pixel

पाक PM शहबाज शरीफ की इंटरनेशनल फजीहत, न्यूयॉर्क से बीजिंग तक कूटनीतिक मोर्चे पर बार-बार क्यों बेइज्जत हो रहे हैं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ?

Shahbaz Sharif Embarrassment: कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय मंचों की जब बात आती है तो प्रोटोकॉल और राष्ट्राध्यक्षों का सम्मान सबसे ऊपर होता है, लेकिन पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के मामले में जैसे नियमों और परंपराओं के मायने ही बदल जाते हैं। कर्ज के सहारे चल रही अर्थव्यवस्था और कमजोर कूटनीति का असर अब साफ तौर पर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर दिखने लगा है, जहां एक बार फिर शहबाज शरीफ की भारी फजीहत हुई है। पाकिस्तान के वजीर-ए-आजम शहबाज शरीफ संयुक्त राष्ट्र महासभा के सत्र में हिस्सा लेने के लिए न्यूयॉर्क पहुंचे। मेजबान देश अमेरिका की तरफ से भव्य स्वागत की उम्मीदें थी, लेकिन जब प्लेन का दरवाजा खुला और शहबाज शरीफ नीचे उतरे तो वहां ना तो अमेरिका का कोई बड़ा अधिकारी मौजूद था और ना ही उनके स्वागत के लिए कोई रेड कार्पेट बिछाया गया था।

यह भी पढ़ें:- अमेरिका में ट्रंप का मीडिया वॉर, व्हाइट हाउस ने फॉक्स न्यूज-सीएनएन समेत बड़े चैनलों को किया बैन, सऊदी अरब को भी दिया बड़ा धोखा

स्वागत के नाम पर वहां सिर्फ वही पाकिस्तानी अधिकारी खड़े नजर आए, जिन्हें शहबाज शरीफ खुद अपने साथ विमान में बिठाकर न्यूयॉर्क ले गए थे। शहबाज शरीफ के साथ कूटनीतिक मंच पर ऐसा बर्ताव पहली बार नहीं हुआ है। बीजिंग से लेकर समरकंद तक उनके कार्यकाल में ऐसी कई तस्वीरें कैमरे में कैद हुई हैं, जिन्हें कोई भी राष्ट्राध्यक्ष याद नहीं रखना चाहेगा। चीन की यात्रा के दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग जब आगे बढ़ रहे थे तो शहबाज शरीफ उनसे हाथ मिलाने के लिए उनके पीछे-पीछे दौड़ते नजर आए, लेकिन शी जिनपिंग बिना खास ध्यान दिए आगे निकल गए। SCO शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जब पास से गुजरे तो उन्होंने शहबाज शरीफ की तरफ देखना तक मुनासिब नहीं समझा और शरीफ बस मुंह ताकते रह गए। (Shahbaz Sharif Embarrassment)

पुतिन की मीटिंग में घुसपैठ

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात के लिए शहबाज शरीफ को घंटों इंतजार कराया गया। सब्र का बांध टूटने पर वह प्रोटोकॉल तोड़कर पुतिन और तुर्की के राष्ट्रपति एर्दोगन की बंद कमरे वाली मीटिंग में ही जा घुसे, जिसका नतीजा यह हुआ कि उन्हें चंद मिनटों में ही बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। पुतिन के साथ हुई बैठक का वो दृश्य भी किसी से छिपा नहीं है, जहां शहबाज शरीफ से ट्रांसलेटर का हेडफोन तक ठीक से नहीं लगाया जा रहा था। बार-बार कान से गिरता हेडफोन और सामने मुस्कुराते व्लादिमीर पुतिन वैश्विक मंच पर देश की फजीहत कराने के लिए काफी थे। अमेरिका के साथ पाकिस्तान के रिश्ते अब एक बेहद अजीबोगरीब मोड़ पर आ चुके हैं। वॉशिंगटन डीसी के सियासी गलियारों में यह चर्चा आम हो गई है कि अमेरिका अब पाकिस्तान की सियासत के असली रिमोट कंट्रोल को पहचान चुका है।

स्वाभिमान या सिर्फ ‘भीख की मुद्रा’ ?

सबसे बड़ा झटका तब लगा, जब वाशिंगटन दौरे पर शहबाज शरीफ को लगभग दरकिनार कर दिया गया। व्हाइट हाउस में जब फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को विशेष तौर पर लंच पर बुलाया गया तो देश के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को वहां का न्योता तक नहीं मिला। अमेरिकी नेतृत्व ने पाकिस्तानी सेना प्रमुख की जमकर तारीफ की, लेकिन प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का जिक्र तक नहीं किया गया। इसके अलावा जर्मनी के मंत्री के साथ बैग चेकिंग का विवाद हो या अंतरराष्ट्रीय बैठकों में ऐन वक्त पर माइक का फेल होना बदहाली और बदइंतजामी पाकिस्तान के हुक्मरानों का पीछा छोड़ने का नाम नहीं ले रही है। दुनियाभर में जब कोई भी राष्ट्राध्यक्ष विदेश यात्रा पर जाता है तो वह अपने करोड़ों देशवासियों के स्वाभिमान और गरिमा का प्रतिनिधित्व करता है, लेकिन जब किसी देश का नेतृत्व सिर्फ मांगने और कर्ज की गुहार लगाने की मुद्रा तक सीमित हो जाता है तो परिणाम ऐसे ही कूटनीतिक अलगाव और फजीहत के रूप में सामने आते हैं। न्यूयार्क की जमीन पर शहबाज शरीफ का यह फीका और अपमानजनक स्वागत इस बात का ताजा और पुख्ता सबूत है कि वैश्विक मंचों पर अब पाकिस्तान की साख किस निचले पायदान पर पहुंच चुकी है।

Back to top button
error: Content is protected !!