कांकेर में धर्मांतरण की आशंका से बवाल, ग्रामीणों ने घेरा घर; 3 दिन से पुलिस तैनात
कांकेर। जिले के आमाबेड़ा थाना क्षेत्र के बड़े तेवड़ा गांव में एक ग्रामीण के घर बड़ी संख्या में लोगों के जुटने के बाद धर्मांतरण की आशंका को लेकर तनाव की स्थिति बन गई। प्रार्थना सभा और धर्मांतरण की चर्चा के बाद ग्रामीणों ने घर को घेर लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। एहतियात के तौर पर घटना के तीन दिन बाद भी गांव में पुलिस बल तैनात है।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीण के घर में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के बाद गांव में प्रार्थना सभा आयोजित होने की चर्चा फैल गई। इसके साथ ही धर्मांतरण की आशंका जताई जाने लगी। इसके बाद कई ग्रामीण एकत्र होकर संबंधित घर के सामने पहुंच गए। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया।
इस दौरान घर मालिक और ग्रामीणों के बीच बहस भी हुई। मामला बढ़ता देख जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। अंतागढ़ एसडीएम और एडिशनल एसपी भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया।
घर मालिक ने कहा- बेटी का जन्मदिन था
संबंधित घर के मालिक ने प्रार्थना सभा और धर्मांतरण के आरोपों से इनकार किया है। उसका कहना है कि घर में उसकी बेटी का जन्मदिन मनाया जा रहा था और इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे।
वहीं, ग्रामीणों ने घर में प्रार्थना सभा आयोजित किए जाने की बात कहते हुए धर्मांतरण की आशंका जताई है। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है।
कुछ महीने पहले भी हुआ था विवाद
बताया जा रहा है कि बड़े तेवड़ा गांव में कुछ महीने पहले भी धर्मांतरण के आरोपों को लेकर विवाद हुआ था। उस दौरान इलाके में तनाव की स्थिति बनी थी। इसी बीच गांव के एक चर्च में तोड़फोड़ की घटना भी सामने आई थी। इसके बाद से पुलिस और प्रशासन ऐसे मामलों को लेकर क्षेत्र में सतर्कता बरत रहा है।
जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
फिलहाल अधिकारियों की समझाइश के बाद गांव में स्थिति शांत है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थानीय स्तर पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटा रही है।
घर में आयोजित कार्यक्रम की वास्तविक प्रकृति क्या थी और धर्मांतरण को लेकर लगाए जा रहे आरोपों में कितनी सच्चाई है, यह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।



