अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने तोड़ा 64 साल पुराना प्रोटोकॉल, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के स्वागत में खुद पहुंचे एयरपोर्ट, जानिए इसके पीछे की बड़ी कूटनीति

Trump Broke Protocol For Jinping: ग्लोबल डिप्लोमेसी की दुनिया में प्रोटोकॉल किसी देश की ताकत और उसके कूटनीतिक रिश्तों का सबसे बड़ा पैमाना माना जाता है। अमेरिका जैसे महाशक्ति देश में तो यह नियम दशकों से और भी ज्यादा सख्त रहा है, जहां पिछले 64 सालों में कभी ऐसा नहीं हुआ कि कोई अमेरिकी राष्ट्रपति विदेशी मेहमान को रिसीव करने खुद एयरपोर्ट पहुंचा हो, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के स्वागत में इस दशकों पुराने अघोषित नियम को ताक पर रख दिया। जिनपिंग के इस ऐतिहासिक दौरे और ट्रंप के इस बड़े कदम के पीछे की पूरी कहानी और इसके कूटनीतिक मायने बेहद खास हैं। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग 11 साल बाद अमेरिका के दौरे पर पहुंचे हैं। साल 2026 में दोनों नेताओं की यह दूसरी मुलाकात है।
यह भी पढ़ें:- वोटर लिस्ट विवाद का पूरा सच, जानिए क्या है SIR, Form-6 में क्या बदला और 14 आपत्तियों का क्या है मामला ?
एंड्रूज एयरबेस पर जिनपिंग के स्वागत के लिए सबसे लंबी रेड कार्पेट बिछाई गई और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप खुद उन्हें रिसीव करने पहुंचे। जिनपिंग के उतरने से ठीक पहले अमेरिकी सुरक्षा में तैनात एक जवान ने रेड कार्पेट पर कुछ अटपटा दिखने पर खुद लेटकर उसे दुरुस्त किया। एंड्रूज एयरबेस पर मिलिट्री बैंड की धुन के साथ-साथ आसमान में बी-1 सुपरसोनिक फाइटर जेट्स ने लो-अल्टीट्यूड फ्लाईओवर किया, जिसकी गड़गड़ाहट से खुद ट्रंप के चेहरे की भाव-भंगिमा बदल गई। प्रेसिडेंट सैल्यूट के बाद जिनपिंग के सम्मान में एयरपोर्ट पर ही 21 तोपों की सलामी दी गई। इस दौरान अमेरिकी बी-1 फाइटर जेट्स ने काफिले की हवाई निगरानी की, जबकि सड़क पर ट्रैफिक को बिना किसी बाधा के सामान्य रखा गया। (Trump Broke Protocol For Jinping)
क्यों तोड़ा गया 64 साल पुराना प्रोटोकॉल ?
अमेरिका में आमतौर पर विदेशी राष्ट्रपतियों को रिसीव करने राष्ट्रपति खुद नहीं जाते। इतिहास में इससे पहले यह प्रोटोकॉल सिर्फ कुछ ही विशेष मौकों पर टूटा है। साल 1949 में भारत के पहले PM नेहरू की पहली अमेरिकी यात्रा पर राष्ट्रपति हैरी एस. ट्रूमैन और 1961 की यात्रा पर राष्ट्रपति जॉन एफ. कैनेडी एयरपोर्ट पहुंचे थे। साल 1959 में सोवियत प्रमुख खुश्चेव के स्वागत के लिए राष्ट्रपति डी.डी. आइजनहावर एयरपोर्ट गए थे। साल 1962 में तत्कालीन ब्रिटिश PM मैकमिलन के स्वागत के लिए जॉन एफ. कैनेडी खुद एयर पोर्ट गए थे। साल 1962 के बाद से यह पहला मौका है, जब किसी अमेरिकी राष्ट्रपति ने देश की सीमा के भीतर किसी शीर्ष नेता का एयरपोर्ट पर जाकर स्वागत किया है। साल 2025 में ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का अलास्का में स्वागत किया था, लेकिन वह एक न्यूट्रल वेन्यू था। (Trump Broke Protocol For Jinping)
जिनपिंग को इतनी तवज्जो क्यों दे रहे हैं ट्रंप ?
ट्रंप की ओर से चीनी राष्ट्रपति को इस स्तर पर वीवीआईपी ट्रीटमेंट देने के पीछे कई बड़े आर्थिक और भू-राजनीतिक कारण छिपे हैं। पहला- टैरिफ वॉर और सप्लाई चेन। ट्रंप की ओर से कई देशों पर टैरिफ लगाने के बाद चीन ने भी जवाबी टैरिफ लगाए थे, जिससे वैश्विक कारोबार और जरूरी चीजों की सप्लाई पर असर पड़ा है। दूसरा- रेयर अर्थ मिनरल्स। अमेरिका अपनी जरूरत का 70 प्रतिशत रेयर अर्थ मिनरल्स चीन से खरीदता है। चीन की तरफ से एक्सपोर्ट पर दी जाने वाली छूट 10 नवंबर को खत्म हो रही है और ट्रंप चाहते हैं कि अमेरिकी हितों को देखते हुए चीन इस छूट को जारी रखे। तीसरा- मिडटर्म इलेक्शन। पिछले साल अमेरिका को चीन के साथ 202 अरब डॉलर का व्यापार घाटा हुआ था। ट्रंप इस डील को सुधारकर नवंबर में होने वाले मिडटर्म इलेक्शन से पहले अपने पक्ष में मजबूत राजनीतिक माहौल बनाना चाहते हैं। (Trump Broke Protocol For Jinping)
इन 4 बड़े मुद्दों पर भी टिकी हैं दुनिया की निगाहें
व्हाइट हाउस में दोनों नेताओं के बीच होने वाली उच्चस्तरीय बैठकों में मुख्य रूप से चार बड़े एजेंडे शामिल हैं। पहला- व्यापार और टैरिफ पर आपसी सहमति। दूसरा- आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते खतरों और नियंत्रण पर चर्चा। तीसरा- ताइवान मसला और क्षेत्रीय सुरक्षा। चौथा- रूस और पुतिन के साथ चीन के व्यापारिक व निजी संबंधों का प्रभाव। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप ने व्हाइट हाउस के ईस्ट रूम में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और फर्स्ट लेडी पेंग लियुआन के सम्मान में स्टेट डिनर का आयोजन किया। ग्लोबल मंच पर कूटनीति के इस नए अध्याय ने यह साबित कर दिया है कि राजनीति में स्थायी दुश्मन जैसी कोई अवधारणा नहीं होती, बल्कि समझौते और रणनीतिक जरूरतें ही सब कुछ तय करती हैं। अब पूरी दुनिया की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि ट्रंप और जिनपिंग की इस हाई-लेवल मुलाकात से आने वाले दिनों में वैश्विक अर्थव्यवस्था और भू-राजनीतिक समीकरणों पर क्या और कैसे असर पड़ता है।




