बस्तर संभाग में मूसलाधार बारिश से बिगड़े हालात, उफान पर नदी-नाले, कई रास्ते जलमग्न, 9 राहत शिविरों में 350 से ज्यादा लोग शिफ्ट

Chhattisgarh Rain Update: छत्तीसगढ़ के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। इस बीच बस्तर संभाग में हालात पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए हैं। भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति निर्मित हुई है। नदी-नाले उफान पर हैं और कुछ जगहों पर संपर्क मार्ग प्रभावित हुए हैं। स्थिति को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें अलर्ट मोड पर हैं। बस्तर संभाग में लगातार बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने संभाग के सभी जिलों के कलेक्टरों से फोन पर चर्चा कर हालात की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों, नदी-नालों के जलस्तर, आवागमन की स्थिति और राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा की। मंत्री ने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए। मंत्री केदार कश्यप ने अधिकारियों से कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, जहां जलभराव या बाढ़ की स्थिति बन रही है, वहां लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ भोजन, पेयजल, दवाइयों और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने नदी-नालों और निचले इलाकों पर लगातार नजर रखने और जलमग्न पुल-पुलियों और रपटों पर आवागमन रोकने के निर्देश भी दिए गए हैं। चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से बस्तर संभाग में मूसलाधार बारिश के बाद कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर बस्तर जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन दल राहत बचाव कार्यों में जुटे हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित निकालकर राहत शिविरों में पहुंचाया जा रहा है। बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में नगरनार क्षेत्र के नदी बोड़ना में बाढ़ के पानी में फंसे करीब 40 लोगों को नावों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इन्हें ग्राम पंचायत भवन में बनाए गए अस्थायी राहत शिविर में पहुंचाया गया। वहीं तोकापाल के घाट धनोरा से 25 परिवारों को सुरक्षित निकाला गया। पलवा और लोहंडीगुड़ा के भेजा क्षेत्र के निचले इलाकों में पानी भरने के बाद प्रभावित परिवारों को भी सुरक्षित स्थानों और पंचायत भवनों में स्थानांतरित किया गया।
9 राहत शिविरों में 350 से ज्यादा लोगों को आश्रय
बस्तर जिले में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए कुल 9 राहत शिविर संचालित किए जा रहे हैं। इनमें अब तक 350 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित आश्रय दिया गया है। जगदलपुर शहर में सबसे ज्यादा असर देखने को मिला है, जहां चार राहत शिविरों में करीब 175 लोगों को ठहराया गया है। शहीद भगत सिंह स्कूल में 100 से ज्यादा प्रभावितों के भोजन और ठहरने की व्यवस्था की गई है। नगरनार क्षेत्र के नदी बोड़ना राहत शिविर में करीब 40, भैंसगांव शिविर में 77, बकावंड के बेलगांव राहत केंद्र में 35 और लोहंडीगुड़ा के भेजा राहत शिविर में 26 प्रभावितों को आश्रय दिया गया है। सभी शिविरों में भोजन, पेयजल, ठहरने और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था की गई है। बाढ़ की स्थिति के बीच बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने प्रभावित और संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जगदलपुर के गंगामुंडा पारा, महादेव घाट, खड़कघाट, मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल डिमरापाल के आसपास के क्षेत्रों और नगरनार-भेजापदर मार्ग पर नदी बोड़ना सहित कई जलभराव वाले स्थानों का जायजा लिया। (Chhattisgarh Rain Update)
इंद्रावती नदी का बढ़ा जलस्तर
अधिकारियों ने राहत शिविरों में पहुंचकर प्रभावित परिवारों से बातचीत की और भोजन, पेयजल, सुरक्षित ठहरने और स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की। मैदानी अमले को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। लगातार बारिश के कारण इंद्रावती नदी का जलस्तर बढ़ा है, जिससे नदी किनारे और निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है। सुरक्षा के मद्देनजर ओडिशा में इंद्रावती नदी पर बने खातीगुड़ा बांध के तीन और मुरान बांध के दो गेट खोलकर अतिरिक्त पानी छोड़ा जा रहा है। इसके चलते नदी के आसपास बसे गांवों और निचले इलाकों में प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। मन्धोता और बकावंड के बेलगांव सहित पानी से घिरे क्षेत्रों में बचाव दल नावों और आवश्यक उपकरणों के साथ तैनात हैं। प्रशासन कंट्रोल रूम, फोन नेटवर्क और मैदानी अमले के जरिए स्थिति की लगातार निगरानी कर रहा है। लगातार बारिश के बीच सुकमा जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर अमित कुमार, डीएफओ अक्षय भोंसले और एडिशनल एसपी रोहित शाह ने जलभराव और संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।

मंत्री और सांसद ने कलेक्टर से ली जानकारी
अधिकारियों ने पावारास रोड पर जलभराव, शबरी नदी के झापरा पुल, रामाराम में सड़क किनारे गिरे ट्रांसफार्मर और बोदागुड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज बहाव वाले पानी का निरीक्षण किया। राजस्व अमले को लगातार निगरानी में तैनात किया गया है। सुकमा-कोंटा राष्ट्रीय राजमार्ग के कुछ हिस्सों में पानी भरने के कारण आवागमन प्रभावित हुआ है। इसके मद्देनजर विभिन्न स्थानों पर राहत शिविर शुरू किए गए हैं। सामुदायिक भवन कोंटा में करीब 550, आसिरगुड़ा में करीब 220 और शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुकमा में करीब 100 लोगों के लिए भोजन और सुरक्षित ठहरने की व्यवस्था की गई है। बारिश और जलभराव की स्थिति के बीच सुकमा के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप और बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कलेक्टर अमित कुमार से फोन पर चर्चा कर जिले के हालात की जानकारी ली। कलेक्टर ने प्रभावित क्षेत्रों और राहत शिविरों में की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी। जिला प्रशासन ने आपात स्थिति के लिए 07864284012 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। (Chhattisgarh Rain Update)
खैरागढ़ में नदी-नालों से दूर रहने की अपील
लगातार बारिश को देखते हुए खैरागढ़ जिला प्रशासन ने नागरिकों से नदी-नालों, तालाबों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। जलमग्न पुल-पुलियों और रपटों को पार नहीं करने और पानी का बहाव कम होने तक सुरक्षित स्थान पर रुकने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने पिकनिक, सेल्फी या बाढ़ का नजारा देखने के लिए नदी-नालों के पास जाने को जोखिमपूर्ण बताया है। बच्चों और युवाओं को ऐसे स्थानों से दूर रखने की अपील की गई है। बाढ़ या जलभराव की स्थिति में जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष 07820-299631 और पुलिस कंट्रोल रूम 94792-47401 पर सूचना दी जा सकती है। लगातार बारिश और जलस्तर बढ़ने के बीच खैरागढ़ और राजनांदगांव में गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर भी प्रशासन ने विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। श्रद्धालुओं और समितियों से निर्धारित और सुरक्षित विसर्जन स्थलों का उपयोग करने, तेज बहाव वाले स्थानों और गहरे पानी में जाने से बचने की अपील की गई है। राजनांदगांव कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने जंगलेश्वर-धामनसरा एनीकट पहुंचकर जलस्तर और जलप्रवाह की स्थिति का जायजा लिया। जिले में तीन रेस्क्यू बोट उपलब्ध हैं और जरूरत पड़ने पर आसपास के जिलों से अतिरिक्त रेस्क्यू बोट मंगाने की व्यवस्था की जा रही है। एसडीआरएफ और होमगार्ड की टीमों को भी अलर्ट रखा गया है।
राजनांदगांव में बाढ़ संभावित क्षेत्रों की निगरानी
राजनांदगांव जिले में एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और जनपद पंचायतों के सीईओ ने बाढ़ संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। कई स्थानों पर ग्रामीणों को नदी-नालों, एनीकट और पुलों के पास जाने से बचने की समझाइश दी गई। छुरिया के नांदियाखुर्द में पुल के ऊपर पानी बहने के कारण बांस से बेरिकेडिंग कर आवागमन को सुरक्षित किया गया। वहीं छिपा नाला एनीकट सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। फिलहाल जिले के निरीक्षित क्षेत्रों में अतिवृष्टि से किसी बड़ी क्षति की सूचना नहीं है। बलरामपुर में भी लगातार बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने राजस्व अमले और आपदा प्रबंधन टीम को अलर्ट मोड पर रखा है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने संवेदनशील और जलभराव वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों, जलप्रपातों और उफनते जलस्रोतों से दूर रहने, डूबे हुए रास्तों और पुल-पुलियों को पार नहीं करने और गिरे हुए बिजली के तारों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। आपात स्थिति में डायल 112 और जिला बाढ़ आपदा नियंत्रण कक्ष के टोल फ्री नंबर 07831-273002 पर संपर्क किया जा सकता है।
लोहारा-बालोद मार्ग पर अस्थायी मरम्मत, 21 करोड़ का प्रस्ताव
लगातार बारिश के बीच बालोद के लोहारा-बालोद मार्ग पर बने गड्ढों की डब्ल्यूएमएम सामग्री से मरम्मत कराई गई है। लोक निर्माण विभाग के मुताबिक बारिश के दौरान आवश्यकता के अनुसार मरम्मत जारी है और फिलहाल मार्ग पर यातायात संचालित हो रहा है। बारिश का मौसम खत्म होने के बाद बीटी पैच वर्क कराया जाएगा। वहीं 18.90 किलोमीटर लंबे मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए वित्तीय वर्ष 2027-28 के मूल बजट में शामिल करने हेतु 21 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। बारिश के बीच रायपुर केंद्रीय जेल का भी औचक निरीक्षण किया गया। प्रधान जिला और सत्र न्यायाधीश बलराम प्रसाद वर्मा ने जेल में निरुद्ध विचाराधीन और सजायाफ्ता बंदियों से चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। बंदियों को उनके कानूनी ज्यादाारों, निःशुल्क अधिवक्ता नियुक्ति, जमानत और जेल अपील के संबंध में जानकारी दी गई। महिला बंदियों से भी चर्चा कर उनकी समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए गए। जेल परिसर में साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, भोजन और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी जेल प्रशासन को दिए गए। (Chhattisgarh Rain Update)
प्रशासन की अपील-सावधानी ही सुरक्षा
लगातार बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए अलग-अलग जिलों के प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक जोखिम नहीं लेने की अपील की है। नदी-नालों में तेज बहाव के दौरान उन्हें पार करने, जलमग्न पुल-पुलियों से गुजरने और बाढ़ का नजारा देखने के लिए जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से बचने को कहा गया है। प्रशासन ने लोगों से मौसम और राहत संबंधी जानकारी के लिए सिर्फ अधिकृत स्रोतों पर भरोसा करने और अफवाहों से बचने की अपील की है। प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन, पुलिस, राजस्व विभाग, आपदा प्रबंधन, एसडीआरएफ और होमगार्ड की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। बस्तर से लेकर सुकमा, राजनांदगांव और बलरामपुर तक लगातार बारिश के बीच प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कहीं रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है, तो कहीं राहत शिविरों में प्रभावितों को सुरक्षित ठिकाना दिया गया है। फिलहाल प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता है-बाढ़ और जलभराव वाले इलाकों में जनहानि को रोकना और जरूरतमंदों तक समय पर मदद पहुंचाना। ऐसे में मौसम के अगले अपडेट पर भी प्रशासन की नजर बनी हुई है और लोगों से लगातार सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।




