रायपुर में ट्रिपल मर्डर: पति ने पत्नी और 2 बच्चों की हत्या की, खुद पर भी किया चाकू से वार
रायपुर के डूमतराई साहू पारा में ट्रिपल मर्डर से सनसनी फैल गई। पति ने पत्नी और दो बच्चों पर चाकू से हमला कर हत्या कर दी। आरोपी ने खुद पर भी वार किया और गंभीर घायल है।

Raipur Triple Murder : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। डूमतराई के साहू पारा इलाके में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो बच्चों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में तीनों की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से वार कर लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों की पहचान खिलेश्वरी साहू (पत्नी), आशीष साहू (10) और ज्ञान साहू (8) के रूप में हुई है। वहीं आरोपी पति भुनेश्वर साहू गंभीर रूप से घायल है। (Raipur Triple Murder)
चरित्र शंका को लेकर हुआ विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रविवार 27 सितंबर को पति-पत्नी के बीच चरित्र शंका को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद भुनेश्वर साहू ने कथित तौर पर चाकू से अपनी पत्नी और दोनों बच्चों पर हमला कर दिया। हमले में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से वार कर लिया।
पुलिस और FSL टीम ने शुरू की जांच
एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और FSL की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है।
आरोपी की हालत गंभीर होने के कारण फिलहाल उससे विस्तृत पूछताछ नहीं हो सकी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। हालांकि घटना की पूरी वजह और परिस्थितियों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। (Raipur Triple Murder)



