Google Analytics —— Meta Pixel

बिना लाइसेंस कीटनाशक भंडारण का मामला, 7 सैंपल मिसब्रांडेड मिले; आरोपी पर FIR

बिलासपुर के लोखंडी गांव में बिना लाइसेंस कीटनाशक भंडारण के मामले में FIR दर्ज हुई है। जांच में जब्त सातों सैंपल मिसब्रांडेड पाए गए।

बिलासपुर। तखतपुर क्षेत्र के लोखंडी गांव में बिना लाइसेंस बड़ी मात्रा में कीटनाशक भंडारण के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। कृषि विभाग की कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए सात कीटनाशक नमूनों की प्रयोगशाला जांच में सभी नमूने मिसब्रांडेड पाए गए। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद कृषि विभाग ने सकरी थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

किराए के मकान में मिला था कीटनाशक का भंडार

मामला 20 अगस्त का है। कृषि विभाग को सूचना मिली थी कि लोखंडी गांव में एक किराए के मकान में बिना लाइसेंस कीटनाशकों का भंडारण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर विभागीय टीम ने मनीष रजक के किराए के मकान में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आशु सिंह, पिता राम सिंह, निवासी दीनदयाल कॉलोनी, मंगला, बिलासपुर के कब्जे से बड़ी मात्रा में कीटनाशक सामग्री बरामद की गई।

जांच के दौरान कुछ कीटनाशक एक्सपायर्ड भी पाए गए। विभाग ने मौके पर पंचनामा तैयार कर सामग्री जब्त कर मकान को सील कर दिया। जब्त सामग्री में से सात नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए राजनांदगांव स्थित राज्य कीटनाशी गुणवत्ता नियंत्रण प्रयोगशाला भेजे गए।

जांच में सातों नमूने मिसब्रांडेड

प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट में सातों नमूनों को मिसब्रांडेड बताया गया। रिपोर्ट मिलने के बाद कृषि विभाग ने मामले में कानूनी कार्रवाई के लिए सकरी पुलिस को शिकायत दी।

कृषि अधिकारी की शिकायत पर मामला दर्ज

कीटनाशक, खाद एवं बीज निरीक्षक सह कृषि विकास अधिकारी शिल्पा श्रीवास्तव के आवेदन पर पुलिस ने आरोपी आशु सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 286 के तहत अपराध दर्ज किया है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान कीटनाशकों की खरीद, उनके स्रोत, संभावित बिक्री और भंडारण से संबंधित दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!