नाखूनों में छिपा था हत्यारों का राज! दो साल पुराने केस में DNA ने खोली पूरी कहानी
रायपुर में 2024 के लता साहू हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। नाखूनों से सुरक्षित किए गए जैविक साक्ष्य के DNA मिलान के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

रायपुर। करीब दो साल पहले हुई महिला की हत्या के मामले में रायपुर पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्य के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 21 अगस्त 2024 को लता साहू की हत्या के बाद पुलिस ने मृतिका के नाखूनों से मिले अज्ञात व्यक्ति के जैविक साक्ष्य (Biological Traces) को सुरक्षित रखा था। इनसे तैयार DNA प्रोफाइल करीब दो साल बाद जांच में सामने आए संदिग्धों के DNA सैंपल से मिलाई गई। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों के DNA का पुराने प्रोफाइल से मिलान हुआ, जिसके बाद पूछताछ में घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए।
शराब खत्म होने के बाद हुआ विवाद
पुलिस जांच के अनुसार, घटना वाले दिन तीनों आरोपी लता साहू के घर पर शराब पी रहे थे। शराब खत्म होने के बाद दोबारा शराब लाने को लेकर विवाद शुरू हुआ और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आए कथित घटनाक्रम के अनुसार राजू मंडल ने लता साहू का गला दबाया, जबकि मनहरण सारंग और राजेश पाल ने उसके हाथ-पैर पकड़ रखे थे। संघर्ष के दौरान मृतिका ने बचने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपियों के जैविक साक्ष्य उसके नाखूनों में पहुंचने की बात सामने आई।
यही जैविक साक्ष्य करीब दो साल बाद जांच में अहम कड़ी साबित हुआ।
हत्या के बाद नकदी और सामान लेकर हुए फरार
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी घर में रखी नकदी, साड़ी और पायल लेकर पीछे की दीवार से फरार हो गए। पूछताछ में नकदी आपस में बांटने और अन्य सामान अपने पास रखने की जानकारी सामने आने की बात पुलिस ने कही है।
2024 में सुरक्षित हुआ DNA, 2026 में मिला सुराग
हत्या के समय आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर थे। जांच के दौरान मृतिका के नाखूनों से मिले जैविक साक्ष्य को सुरक्षित कर उसका DNA प्रोफाइल तैयार कराया गया था।
वर्ष 2026 में जांच के दौरान संदिग्धों के बारे में जानकारी मिलने पर उनके DNA सैंपल लिए गए। पुलिस के अनुसार, इन सैंपलों का पुराने DNA प्रोफाइल से वैज्ञानिक मिलान कराया गया, जिसमें तीनों आरोपियों के DNA का मैच सामने आया।
इसके बाद पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों से पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए।
ये तीन आरोपी गिरफ्तार
1. मनहरण सारंग (33)
पिता ईंतवारी सारंग, निवासी प्रेमनगर, रावांभाठा, रायपुर।
2. राजेश पाल उर्फ चोटी उर्फ राजू (31)
पिता गोविन्द्र पाल, निवासी हीरालाल वार्ड, नवागांव, जिला मुंगेली।
3. राजू मंडल उर्फ बंगाली (35)
हाल निवासी रावांभाठा, थाना खमतराई, रायपुर। स्थायी निवासी अर्जुन नगर, दुर्ग।
मृतिका की पहचान लता साहू (40) के रूप में हुई है, जो ट्रांसपोर्ट नगर, खमतराई क्षेत्र में रहती थीं।
एक आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार, राजू मंडल उर्फ बंगाली के खिलाफ पहले से चोरी के दो और हत्या का एक मामला दर्ज है। पुलिस ने वर्तमान मामले को उसके खिलाफ दर्ज चौथा अपराध बताया है। वहीं मनहरण सारंग के खिलाफ मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाने और अवैध वसूली से जुड़ा मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
वैज्ञानिक और तकनीकी जांच से मिली सफलता
पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर गंभीर और अज्ञात अपराधों की जांच में वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों का इस्तेमाल किया जा रहा था। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन में मामले की लगातार समीक्षा की गई।
DCP Crime स्मृति राजनाला, DCP North Zone दीपमाला कश्यप और ACP उरला पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में थाना खमतराई पुलिस और ACCU टीम ने पुराने वैज्ञानिक साक्ष्यों, तकनीकी जानकारी और संदिग्धों से पूछताछ को जोड़कर जांच आगे बढ़ाई।
पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र जायसवाल, थाना खमतराई टीम और ACCU टीम की मामले के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका रही। ACCU के ASI नवरंग कश्यप ने भी वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों को जोड़ने में योगदान दिया।
दो साल तक सुरक्षित साक्ष्य बना अहम कड़ी
इस मामले में सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह रहा कि हत्या के समय मिले जैविक साक्ष्य को पुलिस ने सुरक्षित रखा। उस समय आरोपी अज्ञात थे, लेकिन बाद में संदिग्धों के DNA सैंपल मिलने पर पुराने प्रोफाइल से उनका वैज्ञानिक मिलान कराया गया।
पुलिस के मुताबिक, करीब दो साल तक सुरक्षित रखा गया यही वैज्ञानिक साक्ष्य जांच में अहम कड़ी बना और तीन आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली। मामला यह भी दिखाता है कि गंभीर अपराधों की जांच में घटनास्थल से मिले वैज्ञानिक साक्ष्यों का संरक्षण और तकनीकी विवेचना किस तरह महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।



