नम्रता तिवारी बनीं ‘मिसेस छत्तीसगढ़ इंडिया’, प्रदेश का बढ़ाया गौरव
यूट्यूब और सोशल मीडिया के बाद ग्लैमर की दुनिया में बनाई पहचान, छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति को देश-दुनिया तक पहुंचाने में भी सक्रिय
रायपुर। छत्तीसगढ़ की प्रतिभाशाली यूट्यूबर एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नम्रता तिवारी ने प्रदेश का गौरव बढ़ाते हुए ‘मिसेस छत्तीसगढ़ इंडिया’ का खिताब अपने नाम किया है। रायपुर के ललित महल में आयोजित प्रतियोगिता में देशभर से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का आयोजन डॉ. रूना शर्मा द्वारा किया गया।
आरना फाउंडेशन, ब्यूटी आइकॉन इंडिया एवं ग्लोबल आइकॉन ऑफ इंडिया सीजन-7 से जुड़ी इस प्रतियोगिता में नम्रता तिवारी ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का प्रभावी प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब हासिल किया।
छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति को दे रहीं नई पहचान
नम्रता तिवारी यूट्यूब और सोशल मीडिया के माध्यम से छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति, परंपराओं और विशिष्ट पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने का कार्य कर रही हैं। उनके डिजिटल कंटेंट के माध्यम से प्रदेश की संस्कृति और यहां की विविध परंपराओं को बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंच मिली है।
यूट्यूब के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाने के बाद अब ग्लैमर और सौंदर्य प्रतियोगिता के मंच पर मिली यह सफलता उनके बहुआयामी व्यक्तित्व को सामने लाती है।
महिलाओं के लिए दिया प्रेरक संदेश
‘मिसेस छत्तीसगढ़ इंडिया’ का खिताब हासिल करने के बाद नम्रता तिवारी ने महिलाओं के लिए प्रेरक संदेश देते हुए कहा कि शादी, परिवार और घर की जिम्मेदारियां महिलाओं के सपनों का अंत नहीं हैं, बल्कि कई बार यह उनके नए सफर की शुरुआत बन सकती हैं। उन्होंने महिलाओं से अपने सपनों पर विश्वास रखने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
नम्रता की इस उपलब्धि को महिला प्रतिभा, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास का उदाहरण माना जा रहा है। खासतौर पर डिजिटल मीडिया के माध्यम से अपनी पहचान बनाने के बाद उन्होंने सौंदर्य एवं व्यक्तित्व प्रतियोगिता में सफलता हासिल कर एक नया मुकाम बनाया है।
जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने दी बधाई
नम्रता तिवारी को ‘मिसेस छत्तीसगढ़ इंडिया’ का खिताब मिलने पर पद्मश्री अनुज शर्मा, विधायक धरसींवा; देवजी भाई पटेल, पूर्व विधायक धरसींवा; नवीन अग्रवाल, अध्यक्ष जिला पंचायत रायपुर; वेदराम मनहरे, उपाध्यक्ष छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति आयोग; सुनीता अनिल सोनी, अध्यक्ष नगर पंचायत खरोरा; टिकेश्वर मनहरे, अध्यक्ष जनपद पंचायत खरोरा; शिरीष तिवारी, पूर्व डायरेक्टर जिला सहकारी बैंक रायपुर; रमेश शर्मा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य किसान मोर्चा तथा सूरज सोनी सहित शुभचिंतकों ने बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नम्रता तिवारी की यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत सफर की महत्वपूर्ण उपलब्धि है, बल्कि छत्तीसगढ़ की उन महिलाओं के लिए भी प्रेरणादायी है, जो परिवार और सामाजिक जिम्मेदारियों के साथ अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।



