गणेश चतुर्थी पर ‘रामायण’ का पहला गाना ‘जय जय राम’ रिलीज, रणबीर-साई पल्लवी की जोड़ी ने जीता दिल
Ramayana Song Release : गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ का पहला गाना ‘जय जय राम’ रिलीज हो गया है। रणबीर कपूर और साई पल्लवी के राम-सीता के रूप में नजर आने वाले दिव्य रूप और ए.आर. रहमान के संगीत से सजे इस गाने को दर्शकों की शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। रिलीज के साथ ही गाना सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया है।
‘सिया-राम’ की झलक ने मोहा मन
मेकर्स ने गणेश चतुर्थी के मौके पर ‘सिया-राम’ के नए पोस्टर के साथ गाने का वीडियो जारी किया। वीडियो में भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर और माता सीता के किरदार में साई पल्लवी नजर आ रही हैं। गाने में राम के पराक्रम के साथ सीता-राम के रिश्ते की भावनात्मक झलक भी दिखाई गई है। (Ramayana Song Release)
वीडियो में राम का धनुष पर प्रत्यंचा चढ़ाना, सीता-राम का विवाह और वनवास के दौरान नदी किनारे साथ बैठे दोनों के दृश्यों को खूबसूरती से फिल्माया गया है। इन दृश्यों ने दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है।
ए.आर. रहमान के संगीत में अरिजीत-श्रेया की आवाज
‘जय जय राम’ को ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान ने कंपोज किया है। गाने के बोल प्रसिद्ध कवि डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं। वहीं इसे अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है। दोनों की आवाज और रहमान के संगीत का संयोजन गाने को भक्तिमय और भावनात्मक रंग देता है।
सोशल मीडिया पर मिल रही प्रतिक्रिया
गाना रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। कई यूजर्स ने अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल की आवाज की तारीफ की, जबकि कुछ लोगों ने रणबीर कपूर और साई पल्लवी के राम-सीता के रूप को बेहद प्रभावशाली बताया। फिल्म के विजुअल्स और संगीत को लेकर भी दर्शकों में खासा उत्साह नजर आ रहा है।
दो भागों में रिलीज होगी ‘रामायण’
नमित मल्होत्रा द्वारा निर्मित और नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ दो भागों में रिलीज होगी। फिल्म का पहला भाग 2026 की दिवाली के दौरान सिनेमाघरों में आएगा, जबकि दूसरा भाग 2027 की दिवाली पर रिलीज किए जाने की योजना है।
फिल्म में रणबीर कपूर राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण, रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल हनुमान की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म के बैकग्राउंड स्कोर पर ए.आर. रहमान के साथ हॉलीवुड के चर्चित संगीतकार हंस जिमर भी काम कर रहे हैं। ऐसे में ‘रामायण’ को भारतीय सिनेमा की बड़े पैमाने की महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक माना जा रहा है। (Ramayana Song Release)
यह भी पढ़े :- बनारस और मुंबई के बीच साहित्य और संस्कृति का यह सेतु मेरे लिए बेहद विशेष अनुभव रहा – श्वेता पड्डा



