दुबई के क्राउन प्रिंस ने अस्पताल में की भारतीय पायलट से मुलाकात, माथा चूमकर कहा- हमें गर्व है
फ्लाईदुबई FZ1073 में को-पायलट के हमले के बाद घायल हुए थे कैप्टन स्मित माछर, बहादुरी से टला बड़ा हादसा
दुबई। फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में को-पायलट के हमले के दौरान यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय कैप्टन स्मित माछर (Smit Machchhar ) से दुबई के क्राउन प्रिंस और यूएई के रक्षा मंत्री शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने अस्पताल पहुंचकर मुलाकात की। शनिवार को हुई इस मुलाकात में क्राउन प्रिंस ने कैप्टन माछर को गले लगाया और उनका माथा चूमकर उनकी बहादुरी की सराहना की।
शेख हमदान ने मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए कैप्टन स्मित माछर (Smit Machchhar ) के साहस और जिम्मेदारी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में कैप्टन माछर ने मानवीय संवेदनशीलता और साहस का परिचय दिया। उन्होंने यह भी कहा कि यूएई को गर्व है कि स्मित माछर उसकी टीम का हिस्सा हैं।
यूएई के अटॉर्नी जनरल के मुताबिक, फ्लाईदुबई की दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट FZ1073 में ओमान के नागरिक को-पायलट ने कॉकपिट में कैप्टन माछर पर क्रैश एक्स से हमला किया और विमान के नियंत्रण पर कब्जा करने की कोशिश की। घटना की जांच जारी है और अधिकारियों ने इसे आतंकवादी कृत्य की कोशिश बताया है।
घायल होने के बावजूद खोला कॉकपिट का दरवाजा
हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन माछर (Smit Machchhar ) ने सूझबूझ दिखाई। विमान के तेजी से नीचे जाने के दौरान उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इसके बाद यात्रियों और क्रू के सदस्यों ने अंदर पहुंचकर हमलावर को काबू किया। बाद में विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर आपात स्थिति में उतारा गया।
फ्लाइट में 170 से अधिक लोग सवार थे। घटना के बाद कैप्टन माछर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। भारतीय दूतावास के मुताबिक उनकी हालत में सुधार हो रहा है और उन्हें बेहतर चिकित्सा देखभाल मिल रही है।
पीएम मोदी से भी साझा किया था घटना का अनुभव
कैप्टन स्मित माछर ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वीडियो कॉल के दौरान घटना के बारे में जानकारी साझा की थी। उन्होंने बताया था कि जब विमान तेजी से नीचे जा रहा था, तब उन्होंने किसी भी तरह कॉकपिट का दरवाजा खोलने का फैसला किया, ताकि बाहर मौजूद लोग मदद कर सकें।
घटना के बाद कैप्टन माछर की बहादुरी की भारत और विदेशों में चर्चा हुई है। फिलहाल यूएई की जांच एजेंसियां हमले की पूरी परिस्थितियों, आरोपी के मकसद और घटना से जुड़े संभावित संबंधों की जांच कर रही हैं।



