Google Analytics —— Meta Pixel

तेलीबांधा चौक का नहीं बदला जाएगा नाम, साहू समाज ने जताया था विरोध

CM on Telibandha Chowk: राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक के नाम को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्थिति स्पष्ट की है। दरअसल, मुख्यमंत्री की ओर से प्रदेश के 38 जगहों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ विकसित करने की घोषणा के बाद तेलीबांधा चौक का नाम बदले जाने की चर्चा शुरू हो गई थी। इसको लेकर साहू समाज की ओर से नाराजगी सामने आई और विपक्ष ने भी सरकार पर निशाना साधा। मामला बढ़ने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने साफ किया कि तेलीबांधा चौक का नाम बदला नहीं जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 38 जगहों पर सेवा ज्योति संकल्प चौक विकसित किए जाएंगे, लेकिन इसका मतलब किसी मौजूदा चौक का नाम बदलना नहीं है। मुख्यमंत्री ने लोगों से किसी भी तरह की गलतफहमी में नहीं रहने की अपील की।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में ठगी का जाल, शेयर मार्केट से लेकर नकली सोना और APK तक करोड़ों का लगाया चूना

नाम बदलने की चर्चा के बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी! आपको जिसका नाम बदलना है बदल लें। आप अपने घर की छत पर चाहे अडानी का झंडा लगा लें, लेकिन अगर तेलीबांधा चौक का नाम बदला तो तेली समाज के साथ अन्याय होगा। तेलीबांधा सिर्फ एक चौक का नाम नहीं, साहू समाज की आस्था, पहचान और गौरव है, पुरखों का स्वाभिमान है। साहू समाज यह अन्याय बर्दाश्त नहीं करेगा। लोगों में बहुत गुस्सा है। इस गुस्से को समय रहते पढ़ लीजिए। बाद में मीडिया से बातचीत में बघेल ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री बना तो मरीन ड्राइव को बदलकर तेलीबांधा नाम किया, लेकिन मुख्यमंत्री ने फिर से उसका नाम बदल दिया, बीजेपी सरकार को नाम बदलने का बहुत शौक है, कोई नई चौक बना ले उसका नाम सेवा ज्योति रख ले, नाम बदलना गलत, हम इसका विरोध करते हैं। (CM on Telibandha Chowk)

साहू समाज ने महापौर और निगम आयुक्त से की मुलाकात

इसके बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदला जा रहा है, जिन्हें भ्रम है, उन्हें अपना भ्रम दूर करना चाहिए। तेलीबांधा चौक का नाम परिवर्तन नहीं किया जा रहा है। किसी भी गलतफहमी में नहीं पड़ना चाहिए। सेवा संकल्प ज्योति चौक के रूप में डेवलप किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि चौक के नाम और मूल स्वरूप में कोई बदलाव नहीं किया जा रहा है। प्रदेश के 38 जगहों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ विकसित करने की घोषणा के तहत विकास कार्य किए जाएंगे। इससे पहले साहू समाज के पदाधिकारियों ने रायपुर महापौर मीनल चौबे और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा से मुलाकात की थी। मुलाकात के दौरान तेलीबांधा चौक के नाम को लेकर स्थिति स्पष्ट की गई। साहू समाज के मुताबिक महापौर मीनल चौबे ने स्पष्ट किया है कि तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदला जाएगा। तेलीबांधा थाना के सामने स्थित मेक इन इंडिया चौक के पास सेवा ज्योति संकल्प चौक विकसित किया जाएगा।

विधायक पुरंदर मिश्रा ने भी किया स्थिति स्पष्ट

साहू समाज की ओर से कहा गया कि तेलीबांधा चौक यथावत रहेगा। मेक इन इंडिया चौक के पास ज्योति सेवा संकल्प चौक बनेगा। साहू समाज के प्रदेश संयुक्त सचिव प्रदीप साहू ने भी इस संबंध में अपनी बात रखी। साहू समाज ने लंबे समय से तेलीबांधा में तेलिन दाई की प्रतिमा स्थापित करने की मांग भी की है। समाज के मुताबिक महापौर ने जल्द ही प्रतिमा स्थापित करने का आश्वासन दिया है। मामले में रायपुर उत्तर से बीजेपी विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि लोगों के बीच कन्फ्यूजन है। तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदला जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों में कन्फ्यूजन है कि तेलीबांधा चौक का नाम बदला जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं है, बल्कि मेक इन इंडिया चौक को विकसित करेंगे। तेलीबांधा के सामने मेक इन इंडिया चौक है, उसे सेवा ज्योति संकल्प के नाम में डेवलप करेंगे। मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में 38 सेवा ज्योति विकसित चौक बनाने की घोषणा की है। तेलीबांधा में कोई नया चौक नहीं होगा। कांग्रेस की ओर से साहू समाज के अपमान को लेकर लगाए गए आरोपों पर मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस के पास कोई काम नहीं बचा है। (CM on Telibandha Chowk)

क्या है पूरा विवाद ?

विधायक ने कहा कि कांग्रेस कोई भी बात को बतंगड़ बनाने और बीजेपी को बदनाम करने का काम करती है। मुख्यमंत्री साय के बयान के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने फिर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि चलिए… जल्दी सदबुद्धि आ गई। साहू समाज की नाराजगी का ही असर है। समाज की एकता ही सबसे बड़ी ताकत है। दरअसल, 7 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के 38 जगहों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ विकसित करने की घोषणा की थी। इसमें रायपुर का तेलीबांधा चौक भी शामिल था। इसके बाद यह चर्चा शुरू हो गई कि तेलीबांधा चौक का नाम बदलकर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ किया जा रहा है। इस चर्चा के बाद साहू समाज की ओर से विरोध सामने आया और राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई। हालांकि मुख्यमंत्री साय की सफाई और महापौर से साहू समाज की मुलाकात के बाद अब यह स्पष्ट किया गया है कि तेलीबांधा चौक का मूल नाम यथावत रहेगा, जबकि मेक इन इंडिया चौक के पास सेवा ज्योति संकल्प चौक विकसित किए जाने की बात कही गई है। (CM on Telibandha Chowk)

Back to top button
error: Content is protected !!