CJP के प्रदर्शन से पहले दिल्ली में हाई अलर्ट, जंतर-मंतर से बॉर्डर तक कड़ी सुरक्षा, 45 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद, करीब 75 ट्रेनें रद्द

High Alert in Delhi: कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP की ओर से 10 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जंतर-मंतर से लेकर मंडी हाउस, जनपथ, धौला कुआं और दिल्ली के अलग-अलग बॉर्डर इलाकों तक भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। कई जगहों पर मल्टी-लेयर बैरिकेडिंग की गई है, जबकि सीमावर्ती इलाकों में आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने 45 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद रखने की घोषणा की है।
यह भी पढ़ें:- जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन से पहले दिल्ली में हाई अलर्ट, 38 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात, सीमाओं पर भी निगरानी
वहीं उत्तर रेलवे के मुताबिक दिल्ली आने वाली करीब 40 और दिल्ली से रवाना होने वाली लगभग 35 मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द की गई हैं। इस तरह कुल करीब 75 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। CJP के प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रदर्शन स्थल के आसपास बैरिकेडिंग की गई है और सुरक्षाबलों की तैनाती बढ़ाई गई है। जनपथ रोड, संसद मार्ग पुलिस स्टेशन के आसपास और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास आउटर सीपी सर्कल इलाके में भी सुरक्षा कड़ी की गई है। इसके अलावा मंडी हाउस, इंडिया गेट, फिरोज शाह रोड, ली मेरिडियन क्षेत्र और धौला कुआं में भी पुलिस और सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। फिरोज शाह रोड और मंडी हाउस के आसपास रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की तैनाती की गई है। (High Alert in Delhi)
दिल्ली के बॉर्डर पर सख्त निगरानी
मोहन एस्टेट और कालिंदी कुंज समेत कई इलाकों में सड़कों पर बैरिकेडिंग के साथ सुरक्षा जांच की जा रही है। मोहन एस्टेट इलाके में सुरक्षा के मद्देनजर स्पाइक स्ट्रिप्स भी लगाई गई हैं। वहीं प्रदर्शन से पहले कुछ लोग रात में ही जंतर-मंतर पर जुटते नजर आए। प्रदर्शन में दूसरे राज्यों से लोगों के पहुंचने की आशंका को देखते हुए दिल्ली की सीमाओं पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कालिंदी कुंज, टिकरी बॉर्डर, चिल्ला बॉर्डर और आया नगर बॉर्डर पर पुलिसकर्मी वाहनों की जांच कर रहे हैं। गुरुग्राम से दिल्ली आने वाले वाहनों की भी जांच की जा रही है। दक्षिण दिल्ली में अंतरराज्यीय और अंतरजिला सीमाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि अनधिकृत रूप से प्रदर्शन में शामिल होने के लिए आने वाले लोगों को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।
पूरी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था की गई: DCP आनंद मित्तल
दक्षिण दिल्ली के डीसीपी आनंद मित्तल ने कहा कि CJP की ओर से प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए पूरी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था की गई है। दक्षिण दिल्ली के साथ-साथ अंतरराज्यीय और अंतरजिला सीमाओं पर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि अलग-अलग बॉर्डर पर करीब 12 पुलिस पिकेट तैनात हैं। इसके अलावा जिलों के भीतर भी कई पिकेट लगाए गए हैं। सीमाओं पर चेकिंग तेज कर दी गई है और पुलिस की कोशिश है कि पूरे दिन शांति बनी रहे। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के डीसीपी राहुल अलवाल ने बताया कि जिले में 1200 पुलिस अधिकारी तैनात हैं। इसके अलावा दो अन्य सुरक्षा कंपनियां भी उपलब्ध कराई गई हैं। पुलिस दिल्ली में प्रवेश करने वाले वाहनों की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि CJP को प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिली है। ऐसे में गाजियाबाद या उत्तर प्रदेश के अन्य इलाकों से आने वाले लोगों को अवैध तरीके से प्रदर्शन में शामिल होने से रोका जाएगा।
पुलिस ने की शांति बनाए रखने की अपील
डीसीपी राहुल अलवाल ने कहा कि अगर युवा या राजनीतिक दलों के लोग वाहनों में लोगों को लेकर आते हैं तो उन्हें वापस जाने के लिए समझाया जाएगा। ऐसा नहीं करने पर कार्रवाई की जा सकती है। डीसीपी के मुताबिक पुलिस के पास संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए पर्याप्त बल है। प्राथमिकता क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। ईस्टर्न रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त मिलिंद डुंबरे ने कहा कि पूर्वी रेंज के तीनों जिले पूरी तरह तैयार हैं और सुरक्षाबलों की तैनाती कर दी गई है। पुलिस लोगों से संपर्क कर रही है और उन्हें प्रदर्शन की अनुमति नहीं होने की जानकारी देकर इसमें शामिल नहीं होने और शांति बनाए रखने की अपील कर रही है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में भी जांच अभियान चल रहा है। गाजियाबाद और नोएडा से लोगों के आने की संभावना को देखते हुए निगरानी की जा रही है। इस संबंध में उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ भी समन्वय रखा जा रहा है।
होटलों और गेस्ट हाउसों में भी जांच
प्रदर्शन से पहले दिल्ली के नबी करीम इलाके में पुलिस ने होटलों और गेस्ट हाउसों की जांच की। इसके साथ ही लोगों को सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता के संबंध में जागरूक करने के लिए अभियान भी चलाया गया। पुलिस अलग-अलग इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही है, ताकि प्रदर्शन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। CJP के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी एडवाइजरी जारी की है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, ट्रैफिक पुलिस, दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रस्तावित प्रदर्शन के चलते करीब 30 सड़क मार्ग प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि इन मार्गों पर ट्रैफिक पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। जरूरत के मुताबिक डायवर्जन और वाहनों की जांच की जाएगी। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस के बीच समन्वय स्थापित किया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे यात्रा की योजना बनाने से पहले जारी एडवाइजरी देख लें और प्रभावित इलाकों में जाने से पहले वैकल्पिक मार्गों पर विचार करें।


45 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद
सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने कई मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश और निकास को अस्थायी रूप से बंद रखने की घोषणा की है। DMRC के सर्विस अपडेट के मुताबिक संबंधित स्टेशनों पर 10 अक्टूबर 2026 की शाम 6 बजे तक एंट्री और एग्जिट बंद रहेंगे। DMRC ने स्पष्ट किया है कि इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों की ओर से स्थिति की समीक्षा की जाएगी और आगे की जानकारी उसी के अनुसार दी जाएगी। नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन को छोड़कर अन्य संबंधित स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे मेट्रो से यात्रा करने से पहले DMRC के आधिकारिक अपडेट की जांच कर लें। प्रदर्शन से पहले रेल यातायात पर भी असर पड़ रहा है। उत्तर रेलवे के अनुसार आने वाली ट्रेनों के रेक उपलब्ध नहीं होने के कारण दिल्ली आने वाली करीब 40 मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें और दिल्ली से जाने वाली लगभग 35 मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द की गई हैं। यात्रियों को सलाह है कि वे स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें। (High Alert in Delhi)
बंद रहने वाले मेट्रो स्टेशनों की सूची
- जनपथ
- पटेल चौक
- सेंट्रल सेक्रेटेरिएट
- लोक कल्याण मार्ग
- राजीव चौक
- नई दिल्ली
- सेवा तीर्थ
- मंडी हाउस
- बाराखंभा रोड
- ITO
- दिल्ली गेट
- खान मार्केट
- रामकृष्ण आश्रम मार्ग
- झंडेवालान
- सुप्रीम कोर्ट
- इंद्रप्रस्थ
- शिवाजी स्टेडियम
- दिल्ली हाट-INA
- हौज खास
- जोर बाग
- लाजपत नगर
- जंगपुरा
- आश्रम
- जामिया मिल्लिया इस्लामिया
- चावड़ी बाजार
- जामा मस्जिद
- करोल बाग
- राजेंद्र प्लेस
- विश्व विद्यालय
- कश्मीरी गेट
- इंद्रलोक
- गुरु तेग बहादुर नगर
- नेताजी सुभाष प्लेस
- आजादपुर
- जहांगीरपुरी
- हैदरपुर बादली मोड़
- मजलिस पार्क
- सीलमपुर
- मौजपुर-बाबरपुर
- जाफराबाद
- स्वागत है
- यमुना विहार
- खजूरी खास
- शाहदरा
- रिठाला
दिल्ली पुलिस ने हाउस अरेस्ट की खबरों को बताया भ्रामक
प्रदर्शन से पहले नेताओं को हाउस अरेस्ट किए जाने के दावे भी सामने आए। इस पर दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया कि दीपेंद्र हुड्डा या किसी अन्य राजनेता को हाउस अरेस्ट किए जाने का दावा भ्रामक और तथ्यहीन है। दिल्ली पुलिस ने कहा कि ऐसी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। साथ ही नागरिकों से अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास नहीं करने और उन्हें साझा करने से बचने की अपील की गई है। बता दें कि जंतर मंतर पर CJP के विरोध प्रदर्शन से पहले सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात दिल्ली पुलिस के जवानों की वर्दी पर बॉडी कैमरे लगाए गए हैं। ये कैमरे अंधेरे में भी काम करते हैं। ये कैमरे प्रदर्शनकारियों की पहचान करने में मदद करेंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर प्रस्तावित CJP प्रदर्शन से पहले दिल्ली में सुरक्षा, यातायात और सार्वजनिक परिवहन से जुड़े व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने की तैयारी में जुटे हैं। (High Alert in Delhi)




