जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन से पहले दिल्ली में हाई अलर्ट, 38 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात, सीमाओं पर भी निगरानी

CJP Protest in Jantar Mantar: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर आज राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग को लेकर प्रदर्शन का ऐलान किया है। हालांकि दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। इसके बावजूद प्रदर्शन में शामिल होने के लिए लोग दिल्ली पहुंच रहे हैं, जिसके चलते पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस, जनपथ रोड, संसद मार्ग और चुनाव आयोग मुख्यालय की ओर जाने वाले रास्तों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। जानकारी के मुताबिक दिल्ली में करीब 38 हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। इसमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) के जवान और दिल्ली पुलिस के कर्मचारी शामिल हैं। संवेदनशील इलाकों में बैरिकेडिंग की गई है और कई जगहों पर वाहनों और लोगों की आवाजाही पर निगरानी रखी जा रही है।
यह भी पढ़ें:- ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR पर रोक की मांग को लेकर CJP का प्रदर्शन आज, वोटर लिस्ट से लेकर नियुक्ति कानून तक उठाए सवाल
कनॉट प्लेस के नजदीक इंदिरा चौक पर सुबह से ही प्रदर्शनकारी जुटने लगे थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक सुबह करीब 6:30 बजे पुलिस ने वहां मौजूद लोगों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। कुछ छात्र पास के सार्वजनिक शौचालय में छिप गए थे। बताया जा रहा है कि वहां से करीब 50 प्रदर्शनकारियों को वाहनों में बैठाकर ले जाया गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस वाहन में भीड़ होने के कारण एक छात्र की दम घुटने से तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। इसके बाद कुछ छात्रों ने वाहन पर हाथ मारना शुरू कर दिया। जानकारी के मुताबिक इंदिरा चौक से अब तक 100 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। बिना पहचान पत्र के पहुंचने वाले लोगों की जांच की जा रही है। CJP के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने राजधानी के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी है। (CJP Protest in Jantar Mantar)

जानकारी के अनुसार 8 से 12 अक्टूबर के बीच सुरक्षा व्यवस्था के लिए 221 कंपनियां CAPF की बुलाई गई हैं, जिनमें करीब 23 हजार जवान शामिल हैं। इसके अलावा दिल्ली पुलिस के कम से कम 15 हजार कर्मियों की तैनाती की गई है। दिल्ली-नोएडा के चिल्ला बॉर्डर पर BSF के जवान तैनात किए गए हैं। मंडी हाउस और फिरोज शाह रोड जैसे इलाकों में रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की मौजूदगी है। उत्तर प्रदेश से लगती पूर्वी दिल्ली और शाहदरा सीमा के साथ राजस्थान की ओर से आने वाले रास्तों पर भी निगरानी रखी जा रही है।दिल्ली को दूसरे राज्यों से जोड़ने वाली सड़कों पर बैरिकेडिंग और जांच की व्यवस्था की गई है। बसों की बुकिंग, किराए पर ली जा रही गाड़ियों और प्रदर्शन में शामिल होने के लिए आने वाले समूहों पर नजर रखी जा रही है पुलिस की ओर से बॉडी कैमरों के इस्तेमाल की तैयारी भी की जा रही है।
रेलवे और मेट्रो सेवाओं पर असर
प्रदर्शन के मद्देनजर राजधानी की परिवहन व्यवस्था पर भी असर पड़ रही है। जानकारी के अनुसार सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक जंतर-मंतर के नजदीक नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों की आवाजाही रोक लगा दी गई है। इसके अलावा 250 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के रद्द कर दिया गया है। इसी तरह 10 अक्टूबर को दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद रखा गया है। इन पाबंदियों से यात्रियों, विद्यार्थियों, कार्यालय जाने वाले लोगों और रेलवे स्टेशनों तक पहुंचने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है। इंडिया गेट के आसपास चार किलोमीटर के दायरे में शुक्रवार रात 10 बजे से शनिवार रात 10 बजे तक इंटरनेट सेवा बंद रखा गया था। भीड़ बढ़ने की आशंका को देखते हुए अस्थायी हिरासत केंद्रों की व्यवस्था की गई है। 10 डिटेंशन सेंटर बनाए गए हैं। ज्यादा संख्या में प्रदर्शनकारियों के पहुंचने की स्थिति में स्टेडियमों में भी अस्थायी हिरासत केंद्र तैयार रखने की जानकारी दी गई है।
विपक्षी दलों की भागीदारी पर भी नजर
वहीं रेलवे स्टेशनों पर आने वाले यात्रियों और होटलों में ठहरने वाले लोगों की जांच की जा रही है। विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और पेइंग गेस्ट (PG) संचालकों से संपर्क कर छात्रों को प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने की अपील की गई है। प्रदर्शन को लेकर विपक्षी दलों की भूमिका भी चर्चा में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक वामपंथी दलों और आम आदमी पार्टी ने प्रदर्शन में शामिल होने का ऐलान किया है। तृणमूल कांग्रेस ने समर्थन दिया है, हालांकि उसके नेताओं की प्रत्यक्ष भागीदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं बताई गई। कांग्रेस इस प्रदर्शन से दूरी बनाए हुए हैं। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रदर्शन से पहले कहा था कि जंतर-मंतर विरोध प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थान है और संविधान का अनुच्छेद 19 नागरिकों को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने का अधिकार देता है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर पहुंचने से रोका गया तो वे जहां रोके जाएंगे, वहीं विरोध दर्ज कराएंगे।
सुप्रीम कोर्ट ने सुरक्षा प्रतिबंधों पर जताई थी चिंता
प्रदर्शन से पहले सुरक्षा प्रतिबंधों को लेकर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी भी चर्चा में रही। शुक्रवार को कोर्ट ने कहा था कि किसी स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सिर्फ उतनी ही कार्रवाई की जानी चाहिए, जितनी आवश्यक हो। कोर्ट ने मेट्रो और रेल सेवाओं को पूरी तरह बंद करने जैसे कदमों पर चिंता जताई थी। फिलहाल राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है और प्रदर्शन को लेकर प्रशासन सतर्क है। दूसरी ओर CJP अपनी मांगों पर पीछे हटने के संकेत नहीं दे रही है। ऐसे में दिनभर पुलिस की कार्रवाई, प्रदर्शनकारियों की संख्या और यातायात व्यवस्था पर नजर बनी रहेगी। कुल मिलाकर CJP का प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और SIR प्रक्रिया पर रोक की मांग के साथ चुनावी पारदर्शिता समेत मतदाता सूची की विश्वसनीयता से जुड़े सवालों को केंद्र में ला रहा है। अब देखना होगा कि इन मांगों पर चुनाव आयोग और केंद्र सरकार की ओर से क्या रुख अपनाया जाता है और आंदोलन आने वाले दिनों में क्या दिशा लेता है। (CJP Protest in Jantar Mantar)



