CJP के प्रदर्शन पर BJP और NDA हमलावर, कहा- देश को अस्थिर करने की हो रही कोशिश, विपक्ष फैला रहा अराजकता

BJP on CJP Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन को लेकर देश की सियासत गरमा गई है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR रोकने की मांग पर हो रहे विरोध प्रदर्शन के बीच बीजेपी और NDA नेताओं ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि आज देश में बहुत ही खतरनाक और गंभीर स्थिति पैदा करने की कोशिश की जा रही है। देश की 140 करोड़ जनता जिसका सुख-शांति के साथ भारत के विकास में सहयोग मिल रहा है, उसे अस्थिर करने का प्रयास किया जा रहा है और ये कौन कर रहा है? इसमें दो अराजकतावादी समूह जिसमें से एक INDI गठबंधन के नेता राहुल गांधी और दूसरे गुट का नेतृत्व अरविंद केजरीवाल के सहयोगी CJP कर रहा है। मैं इन दोनों गुटों को स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि भारत की जनता पूरी तरह से आपके इन उद्देश्यों को देख रही है और आपकी जो अराजकतावादी प्रतिस्पर्धा चल रही है कि कौन इस देश में ज्यादा अस्थिरता पैदा कर सकता है।
यह भी पढ़ें:- दिल्ली में जंतर-मंतर प्रदर्शन पर घमासान, CJP संस्थापक अभिजीत दीपके, केजरीवाल-ममता समेत हिरासत में कई नेता
उन्होंने कहा कि आपके यह मंसूबे पूरे नहीं होंगे। ये कौन लोग हैं? जिनको जनता ने नकार दिया है। चाहे राहुल गांधी का INDI गठबंधन हो या फिर अरविंद केजरीवाल हों और उनकी CJP हो, जनता ने जब इनको नकार दिया, लोकतंत्र ने सजा दी तो उससे सीखने की जगह आपने इस देश को अस्थिर करने का इरादा बना लिया। मैं कहना चाहता हूं कि ये प्रयास कहीं न कहीं राजनीतिक उद्देश्यों के साथ-साथ विदेशी ताकतों के इशारे पर आप कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि एक तरफ जनता विकास और विकसित भारत के निर्माण के लिए मोदी जी के साथ खड़ी है और दूसरी तरफ विपक्ष निराश और हताश है। वो मैदान में जीत नहीं सकता है, जनता का विश्वास प्राप्त नहीं कर सकता इसलिए सड़कों पर अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहा है। संवैधानिक संस्थाओं को ध्वस्त कर रहा है। लोकतंत्र में विश्वास को तोड़ने की साजिश रच रहा है। संविधान को तार-तार कर रहा है और विपक्ष सिर्फ यही नहीं कर रहा है। वो विदेश ताकतों के समर्थन से यह कर रहा है, लेकिन जनता ने साफ कर दिया है कि हम विकास के साथ हैं, मोदी जी के साथ हैं। यह अराजकता फैलाने की कोशिश है। यह प्रतिपक्ष की साजिश है और मैं तो इनके रवैये हैरान हूं। ये देश को कमजोर करने की साजिश रच रहे हैं। (BJP on CJP Protest)
आंदोलन भारत को अस्थिर करने की कोशिश: मजूमदार
केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि आंदोलन भारत को अस्थिर करने की कोशिश है। हमारे विपक्षी दल के नेता के इतने दागदार चेहरे हैं कि वो सामने नहीं आ सकते हैं। ये लोग मेघनाद की तरह बादल के पीछे छिपकर अपने बाण चला रहे हैं। ये सामने नहीं आ सकते हैं। इनका पूरा मुंह काला हो चुका है और बादल का नाम CJP है। ऐसे बादल ज्यादा दिन नहीं टिकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि CJP को कहां से वित्तपोषण और ताकत मिल रही है, वो सभी जानते हैं। पिछले कुछ महीनों में एशिया के कई देशों में सत्ता परिवर्तन की कोशिश की गई और वो सफल भी हुए। मैं ज्यादा नहीं बोलूंगा। समय आने दीजिए, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि इससे पहले भी जंतर-मंतर पर CJP का आंदोलन हुआ था। जब तक आंदोलन शांतिपूर्ण रहा तब तक पुलिस ने उसका विरोध नहीं किया, लेकिन उसके बाद जब संसद भवन तक उनकी रैली निकली तब हिंसा हुई, पुलिस पर पथराव हुआ, पुलिस ने तब लाठीचार्ज किया। CJP ने जंतर-मंतर पर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर आंदोलन का ऐलान किया, लेकिन पुलिस ने तय किया है कि किसी को भी फिलहाल जंतर-मंतर पर आंदोलन करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। (BJP on CJP Protest)
ऐसे आंदोलनों से आम जन को समस्या होती है: अठावले
अठावले ने कहा कि हमारा भी ऐसा अनुभव रहा है। हमने भी आंदोलन किए हैं। जब कांग्रेस पार्टी की सरकार थी, तब भी ऐसा लाठीचार्ज होता था, इसी तरह की पुलिस कार्रवाई करती थी, क्योंकि यह पुलिस की जिम्मेदारी है कि आम जन को समस्या न हो। ऐसे आंदोलनों से आम जन को समस्या होती है। CJP पार्टी NEET पेपर लीक मामले के खिलाफ गठित हुई थी, लेकिन धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा तो हो गया। अब उनके द्वारा हर किसी का इस्तीफा मांगने की आवश्यकता मुझे नहीं लगती है। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि कानून को हाथ में लेने का अधिकारी किसी को नहीं है। वो दिल्ली पुलिस देख रही है, जिसको पुलिस से इजाजत नहीं मिली, उसे अदालत जाने का अधिकार है। नेता प्रतिपक्ष होने के नाते मैं भी कई बार अदालत गया। दिल्ली पुलिस ने किसी को इजाजत नहीं दी तो अदालत में चले जाना चाहिए। दिल्ली में हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट, दोनों है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि चुनाव में जब एक पार्टी को 5 साल के लिए जनादेश मिलता है तो विपक्ष को चाहिए कि वो धीरे-धीरे अपनी भूमिका अदा करे, अपने संगठन को मजबूत करे और अध्ययन करे कि लोग विरोध में क्यों हैं। अब ऐसा करने की जगह राहुल गांधी और उनके साथ के लोग सिर्फ अराजकता फैलाएंगे तो यह उचित नहीं है। मैं इसकी कड़ी शब्दों में निंदा करता हूं। बिहार, बंगाल, यूपी से दशकों पहले से कांग्रेस साफ हो गई तो कांग्रेस को अपना आत्ममूल्यांकन करने की जरूरत है।
अभिव्यक्ति के नाम पर बदतमीजी नहीं कर सकते: निरुपम
पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री विशाल लामा ने कहा कि कानून सर्वोपरि है, संविधान सर्वोपरि है। असुविधा है तो वे कोर्ट में जाएं और कोर्ट में अपील करें। जो भारत के नागरिक हैं, उन्हें भारत के संविधान द्वारा विदित कानून को भी मानना चाहिए। यदि वे लोग राष्ट्रप्रेम की भावना रखते हों तो उन्हें राष्ट्र के संविधान को भी मानना चाहिए। JDU नेता श्याम रजक ने कहा कि लोकतंत्र में आंदोलन का होना कोई गलत नहीं है। लोकतंत्र में किसी को विरोध करना है, तो वो आंदोलन करते हैं। हम इसका समर्थन करते हैं, लेकिन प्रशासन का भी दायित्व बनता है कि जो भी आंदोलन हो उसमें सुरक्षा की स्थिति रहे। सुरक्षा की दृष्टि से कई तरह के निर्णय लेने पड़ते हैं, उसी के तहत प्रशासनिक दृष्टिकोण से कई तरह के निर्णय लिए गए हैं। शिवसेना नेता संजय निरुपम ने कहा कि लोकतंत्र में भारत के संविधान के प्रावधानों के अनुसार हर व्यक्ति को अपनी बातें रखने का अधिकार है, विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार है, सरकार से असहमत होने का अधिकार है, लेकिन अभिव्यक्ति के अधिकार का दुरुपयोग करते हुए आप बदतमीजी नहीं कर सकते, मर्यादाओं का उल्लंघन नहीं कर सकते। आंदोलन करना एक बात होती है लेकिन आंदोलन के नाम पर बदतमीजी करना आपत्तिजनक है। रास्ते पर उतरकर संवैधानिक पदों पर बैठे हुए लोगों का अपमान करना, उनका मजाक उड़ाना, यह आंदोलन नहीं होता। यह राजनीतिक शिष्टाचार के खिलाफ है।



