Google Analytics —— Meta Pixel

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर तैयारी तेज, लोकभवन में हुई बैठक 

Presidential Visit Preparations: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 22 और 23 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर आवश्यक तैयारियों के संबंध में लोकभवन में बैठक आयोजित की गई। राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में राष्ट्रपति के दौरे के दौरान लोकभवन में की जाने वाली व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में लोकभवन परिसर में बैठक व्यवस्था, पार्किंग, बिजली और इंटरनेट की निर्बाध उपलब्धता समेत अलग-अलग व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। इसके साथ ही चिकित्सा सुविधाओं, सुरक्षा प्रबंधों और प्रोटोकॉल के तहत वाहनों की व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें।

यह भी पढ़ें:- दिल्ली में कमजोर इमारतें बनी खतरा, 3 साल में 98 लोगों ने गंवाई जान

बैठक में जनसंपर्क विभाग के संचालक आशीष कुमार टिकरिहा, रायपुर के पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम रायपुर, सामान्य प्रशासन विभाग और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक राष्ट्रपति 22 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ पहुंचेंगी। इस दौरान रायपुर और जगदलपुर में अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होने की संभावना है। जगदलपुर में विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित होने वाले मुरिया दरबार में उनकी उपस्थिति प्रस्तावित है। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। (Presidential Visit Preparations)

राष्ट्रपति का यह दौरा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की ओर से दिए गए आमंत्रण के बाद प्रस्तावित हुआ है। मुख्यमंत्री साय ने दिल्ली दौरे के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बस्तर दशहरा में शामिल होने के लिए निमंत्रण दिया था। इसके बाद 22 और 23 अक्टूबर को उनके छत्तीसगढ़ दौरे का कार्यक्रम सामने आया। 28 सितंबर 2026 को मुख्यमंत्री साय का निमंत्रण राष्ट्रपति की ओर से स्वीकार जाने की जानकारी सार्वजनिक हुई थी। राष्ट्रपति को निमंत्रण पत्र सौंपने के दौरान केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, बस्तर सांसद महेश कश्यप और विभागीय सचिव डॉ. एस. भारतीदासन मौजूद थे। 23 अक्टूबर को होने वाले मुरिया दरबार में राष्ट्रपति की भागीदारी को बस्तर की जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के लिए अहम माना जा रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!