Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में बस यात्रियों को महंगाई का झटका, किराए में 40% तक बढ़ोतरी, विपक्ष ने सरकार को घेरा

Chhattisgarh Bus Fare Hike: छत्तीसगढ़ में यात्री बसों से सफर करने वालों को अब पहले से ज्यादा किराया चुकाना होगा। राज्य सरकार के परिवहन विभाग ने यात्री बसों के किराए में बढ़ोतरी करते हुए नई दरों की अधिसूचना जारी कर दी है। नई दरों के तहत साधारण बसों से लेकर डीलक्स, एसी स्लीपर और सुपर लग्जरी बसों तक का किराया बढ़ाया गया है। अलग-अलग श्रेणियों के मुताबिक किराए में 40 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है। सरकार ने यह फैसला पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमतों और बस संचालकों की लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद लिया है। किराया बढ़ने का असर नौकरीपेशा लोगों, स्टूडेंट्स, रोजाना बस से आने-जाने वाले यात्रियों और दूसरे शहरों में काम करने वाले लोगों के बजट पर पड़ सकता है। पहले से महंगाई का सामना कर रहे लोगों को अब यात्रा के लिए अतिरिक्त पैसे खर्च करने होंगे। वहीं बस संचालकों का कहना है कि डीजल की बढ़ती कीमतों और बसों में सुरक्षा से जुड़े नए इंतजाम करने के कारण उनका खर्च बढ़ गया है।

यह भी पढ़ें:- सुकमा में CRPF के SI ने सर्विस रिवॉल्वर से खुद को मारी गोली, इलाज के दौरान मौत

परिवहन विभाग की नई दरों के मुताबिक साधारण बसों में शुरुआती 5 किलोमीटर का न्यूनतम किराया 10 रुपए तय किया गया है। इसके बाद हर किलोमीटर के लिए 1.75 रुपए देने होंगे। डीलक्स बसों में शुरुआती 5 किलोमीटर का किराया 12 रुपए रखा गया है, जबकि इसके बाद प्रति किलोमीटर 2.20 रुपए की दर लागू होगी। डीलक्स एसी स्लीपर और सेमी-स्लीपर बसों में शुरुआती 5 किलोमीटर के लिए 12 रुपए किराया देना होगा। इसके बाद प्रति किलोमीटर 3.20 रुपए चुकाने होंगे। वहीं डीलक्स नॉन-एसी स्लीपर और सेमी-स्लीपर बसों के लिए शुरुआती 5 किलोमीटर का किराया 12 रुपए और उसके बाद 2.20 रुपए प्रति किलोमीटर तय किया गया है। वोल्वो और सुपर लग्जरी एसी बसों में शुरुआती 5 किलोमीटर के लिए 12 रुपए किराया निर्धारित किया गया है। इसके बाद हर किलोमीटर के लिए 3.30 रुपए देने होंगे। इसके अलावा रात के समय चलने वाली साधारण बस सेवाओं में निर्धारित किराए से 10 प्रतिशत ज्यादा किराया लागू होगा। (Chhattisgarh Bus Fare Hike)

नई दरों से यात्रियों की जेब पर कितना असर ?

किराए में बढ़ोतरी का असर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों पर ज्यादा दिखाई दे सकता है। पहले की तुलना में अब यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। खासकर वे लोग जो नौकरी, पढ़ाई या अन्य जरूरी कामों के लिए नियमित रूप से बस से सफर करते हैं, उनके मासिक खर्च में बढ़ोतरी होगी। जगदलपुर से रायपुर के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को किराए में करीब 100 से 200 रुपए तक ज्यादा देने पड़ रहे हैं। इसके अलावा जगदलपुर से ओडिशा और अन्य स्थानों के लिए चलने वाली बसों के किराए पर भी बढ़ोतरी का असर देखने को मिल रहा है। सरगुजा में बस किराए में बढ़ोतरी का असर अंतरराज्यीय बस स्टैंड पर भी देखने को मिला। नई दरें लागू होने के बाद कुछ जगहों पर यात्रियों और कंडक्टरों के बीच किराए को लेकर बहस की स्थिति बन रही है। 

जगदलपुर में भी दिखने लगा असर

यात्रियों का कहना है कि आम लोगों की आय में उसी अनुपात में बढ़ोतरी नहीं हुई है, लेकिन रोजमर्रा के खर्च लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में बस किराया बढ़ने से उनकी परेशानी और बढ़ेगी। यात्रियों के मुताबिक बस का सफर कई लोगों की जरूरत है। नौकरी करने, पढ़ाई करने, इलाज कराने और दूसरे जरूरी कामों के लिए लोगों को नियमित रूप से यात्रा करनी पड़ती है। ऐसे में किराए में बढ़ोतरी का सीधा असर उनके बजट पर पड़ता है। वहीं कंडक्टरों का कहना है कि नई दरों को लेकर यात्रियों के साथ बहस की स्थिति कुछ समय तक बनी रह सकती है। यात्रियों को नई दरों की जानकारी होने और बढ़े हुए किराए को स्वीकार करने में समय लग सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में बस स्टैंड और बसों के भीतर किराए को लेकर विवाद की स्थिति भी सामने आ सकती है। बस्तर संभाग के जगदलपुर में भी किराया बढ़ने के बाद इसका असर दिखाई देने लगा है। जगदलपुर से रायपुर समेत दूसरे शहरों के लिए यात्रा करने वाले लोगों को अब ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। (Chhattisgarh Bus Fare Hike)

कांग्रेस ने सरकार पर बोला हमला

यात्रियों का कहना है कि सरकार को किराया बढ़ाने से पहले आम जनता की आर्थिक स्थिति पर भी ध्यान देना चाहिए था। दूसरी ओर बस ऑपरेटरों का कहना है कि डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी से बसों के संचालन का खर्च लगातार बढ़ रहा है। इसके अलावा सरकार की गाइडलाइन के अनुसार बसों में जीपीएस और सीसीटीवी कैमरे जैसे सुरक्षा उपकरण लगाने पर भी खर्च करना पड़ रहा है। बसों के रखरखाव, कर्मचारियों के वेतन और अन्य परिचालन खर्चों को देखते हुए संचालक लंबे समय से किराया बढ़ाने की मांग कर रहे थे। बस संचालकों के मुताबिक अगर किराया नहीं बढ़ाया जाता तो बसों का संचालन आर्थिक रूप से मुश्किल हो सकता था। हालांकि यात्रियों का कहना है कि बढ़ती लागत का पूरा बोझ आम जनता पर डालने के बजाय सरकार को राहत देने के विकल्प तलाशने चाहिए। बस किराए में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। 

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि बिजली बिल 3 साल में पांच बार बढ़ा चुके हैं। बस किराया एक साल में दूसरी बार 40% बढ़ाई है। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस की कीमत बढ़ गई। सबके दाम बढ़ गए हैं तो कोई बचा है क्या। सीधे इसका फर्क आम लोगों पर पड़ रहा है। पूर्व कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि बस किराए में 40 प्रतिशत तक की वृद्धि आम जनता के लिए कमर तोड़ साबित होगी। महंगाई के इस दौर में लोगों के लिए घर का खर्च चलाना पहले ही चुनौती बना हुआ है, ऐसे में यात्री किराए में इतनी बड़ी बढ़ोतरी से आर्थिक बोझ और बढ़ेगा। सरकार को इस फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को आम यात्रियों की परेशानी को समझते हुए राहत देने की दिशा में कदम उठाना चाहिए। कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि यह महंगाई से जूझ रही जनता पर सरकार का कुठाराघात है। सरकार की गलत नीतियों से जनता और बस संचालक दोनों परेशान हैं। (Chhattisgarh Bus Fare Hike)

परिवहन व्यवस्था सुचारू रखने के लिए बढ़ाया किराया: साव

ठाकुर ने आगे कहा कि डीजल पर वैट और रोड टैक्स में कटौती कर राहत देनी चाहिए थी। सरकार के फैसले से एक वर्ग को राहत तो दूसरे पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। सरकार के पास जनता को महंगाई से राहत देने का कोई उपाय नहीं है। इस बीच सरकार ने किराया बढ़ाने के पीछे परिवहन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और बढ़ती लागत को वजह बताया है। डिप्टी CM अरुण साव ने सरकार का पक्ष रखा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में वृद्धि हुई है और ट्रांसपोर्टर लगातार बस किराया बढ़ाने की मांग कर रहे थे। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने किराए में मामूली बढ़ोतरी की है, ताकि परिवहन व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे। सरकार का तर्क है कि बस संचालन की लागत बढ़ने के कारण किराया संशोधित करना जरूरी हो गया था। वहीं विपक्ष का कहना है कि सरकार को आम यात्रियों को राहत देने के लिए वैकल्पिक उपाय करने चाहिए थे। बस किराए में बढ़ोतरी का असर सिर्फ लंबी दूरी की यात्रा तक सीमित नहीं रहेगा। 

अब राहत की उम्मीद लगाए बैठे हैं यात्री

नियमित रूप से बसों का इस्तेमाल करने वाले नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और छोटे कारोबारियों को भी अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ सकता है, जिन परिवारों के सदस्य रोजाना काम या पढ़ाई के लिए बस से आते-जाते हैं, उनके मासिक बजट पर इसका असर पड़ेगा। दूसरी ओर बस संचालकों का कहना है कि बढ़ती लागत के बीच किराया संशोधन जरूरी था। ऐसे में इस फैसले को लेकर सरकार, बस ऑपरेटरों और यात्रियों के बीच अलग-अलग राय सामने आ रही है। छत्तीसगढ़ में बस किराए में बढ़ोतरी के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि महंगाई से जूझ रहे आम लोगों को राहत कैसे मिलेगी। सरकार ने परिवहन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए किराया बढ़ाने का फैसला लिया है, जबकि यात्रियों को आशंका है कि इससे रोजमर्रा के खर्च और बढ़ जाएंगे। एक तरफ बस संचालक बढ़ती लागत का हवाला दे रहे हैं तो दूसरी तरफ यात्री अपनी सीमित आय में बढ़ते खर्च को लेकर चिंतित हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में किराया बढ़ोतरी का असर यात्रियों की संख्या और बस संचालन पर कितना पड़ता है, इस पर भी नजर रहेगी। फिलहाल छत्तीसगढ़ में बस से सफर करने वालों को अपनी यात्रा के लिए पहले से ज्यादा बजट रखना होगा।

Back to top button
error: Content is protected !!