सुकमा में CRPF के SI ने सर्विस रिवॉल्वर से खुद को मारी गोली, इलाज के दौरान मौत

CRPF SI Commits Suicide: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक उपनिरीक्षक की मौत का मामला सामने आया है। मेट्टागुड़म कैंप में तैनात CRPF के SI देवानंद यादव ने देर रात अपने सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। घटना के बाद कैंप में मौजूद साथी जवानों ने उन्हें तत्काल मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई और फील्ड एंबुलेंस के जरिए एल्मागुड़ा कैंप पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार घटना 12 और 13 अक्टूबर की मध्यरात्रि करीब 12 से 12:30 बजे के बीच हुई। देवानंद यादव CRPF की 131वीं वाहिनी के अंतर्गत मेट्टागुड़म कैंप में पदस्थ थे। इसी दौरान उन्होंने अपने सर्विस हथियार से खुद को गोली मार ली, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह भी पढ़ें:- झारखंड में हुए सड़क हादसे में राजनांदगांव के एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, कारोबारी की पत्नी और दो बेटियों ने तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद कैंप में मौजूद जवानों और अधिकारियों ने उन्हें प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की। इसके बाद फील्ड एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें एल्मागुड़ा कैंप ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स की निगरानी में उनका इलाज किया गया। हालांकि गंभीर हालत के चलते उन्हें बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक उपनिरीक्षक देवानंद यादव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रहने वाले थे। उनका गृह ग्राम करजहा थाना बरहज है। उनके पिता का नाम रामानंद यादव है। घटना की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है। जवान की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में शोक का माहौल है। (CRPF SI Commits Suicide)
आत्मघाती कदम उठाने की वजह स्पष्ट नहीं
देवानंद यादव ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। घटना के पीछे की वजह को लेकर पुलिस जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उपनिरीक्षक ने किन परिस्थितियों में अपनी जान लेने जैसा कदम उठाया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। शव का पंचनामा और पोस्टमॉर्टम समेत आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने की प्रक्रिया की गई। इसके बाद पार्थिव शरीर को ससम्मान उनके गृह ग्राम भेजने की व्यवस्था की गई। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल इस घटना ने सुरक्षाबल के एक जवान की मौत के साथ कई सवाल खड़े किए हैं। आंकड़ों के मुताबिक 2021 से 2025 के बीच CRPF के 281 जवानों ने आत्महत्या की। साल 2021 में 57, 2022 में 43, 2023 में 57, 2024 में 46 और 2025 में 59 मामले दर्ज किए गए। वहीं साल 2026 में 22 मई तक 19 मामले सामने आए।




