Google Analytics —— Meta Pixel

झारखंड में हुए सड़क हादसे में राजनांदगांव के एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, कारोबारी की पत्नी और दो बेटियों ने तोड़ा दम

Road Accident in Jharkhand: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव के एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। झारखंड में हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में कारोबारी की पत्नी और उनकी दो बेटियां शामिल हैं। हादसे के दौरान कार में सवार नौ महीने का बच्चा सुरक्षित बच गया। घटना की सूचना मिलते ही राजनांदगांव में परिवार और परिचितों के बीच शोक का माहौल है। तीनों मृतकों के पार्थिव शरीर बुधवार को राजनांदगांव लाए गए, जिनका एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। जानकारी के मुताबिक हादसा 13 अक्टूबर की सुबह झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के कुदापी डाउन के पास हुआ। राजनांदगांव निवासी परिवार कार से जमशेदपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से रॉन्ग साइड में आ रहे एक ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। 

यह भी पढ़ें:- पति को बार-बार भिखारी कहना मानसिक क्रूरता, हाईकोर्ट ने दी तलाक की मंजूरी, फैमिली कोर्ट का पलटा फैसला

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार सवार अमृत कौर (45), अमनदीप कौर (15) और गुर सिमरन कौर (11) की मौके पर ही मौत हो गई। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे में परिवार के दो अन्य सदस्य हरमन कौर (6) और प्रदीप सिंह (57) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, कार में सवार नौ महीने का बच्चा इस भीषण हादसे में सुरक्षित बच गया। जानकारी के मुताबिक टक्कर के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही हाटगम्हरिया पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। (Road Accident in Jharkhand)

मंगलम मोटर्स के संचालक हैं प्रदीप सिंह

पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। हादसे में शामिल ट्रक और कार को भी जब्त कर लिया गया है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। हादसे में गंभीर रूप से घायल प्रदीप सिंह (57) राजनांदगांव में मंगलम मोटर्स के संचालक हैं। परिवार मूल रूप से पंजाब के अमृतसर का रहने वाला है और लंबे समय से राजनांदगांव में रह रहा है। परिवार करीब दो महीने पहले ही अपने पुराने निवास महेश नगर से बनगांव स्थित नए बंगले में शिफ्ट हुआ था। हाल ही में परिवार की बुजुर्ग मां भी पंजाब से यहां रहने आई थी। नए घर में बसने के कुछ ही समय बाद परिवार पर आई इस त्रासदी ने सभी को झकझोर दिया है। झारखंड में हुए इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है, जहां एक ओर तीन जिंदगियां खत्म हो गईं, वहीं परिवार के अन्य सदस्य अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। अब सभी की निगाहें घायलों के जल्द स्वस्थ होने और पुलिस जांच पर टिकी हैं। (Road Accident in Jharkhand)

Back to top button
error: Content is protected !!