25 करोड़ की रंगदारी मामले में शोएब ढेबर की तलाश तेज, गिरफ्तारी पर 15 हजार का इनाम
रायपुर में कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में शोएब ढेबर फरार है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कुल 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
रायपुर। कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा और उनके परिवार को गैंग के नाम पर धमकी देकर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर की तलाश जारी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इससे पहले सेंट्रल डीसीपी की ओर से 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इस तरह आरोपी पर अब कुल 15 हजार रुपये का इनाम घोषित हो चुका है।

विदेशी नंबर से भेजे गए थे धमकी भरे संदेश
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को प्रार्थी आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल पर विदेशी नंबर से WhatsApp के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। संदेश भेजने वाले ने खुद को एक गैंग से जुड़ा बताते हुए 25 करोड़ रुपये की मांग की थी। साथ ही रकम नहीं देने पर कुकरेजा, उनके बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी गई थी।
पांच आईफोन किए गए थे जब्त
मामले की शिकायत पर तेलीबांधा थाने में अपराध दर्ज किया गया था। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान शोएब ढेबर को पकड़ा गया था। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना से संबंधित पांच आईफोन जब्त किए थे, जिनकी कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई थी।
अदालत से दोबारा गिरफ्तारी की मिली थी अनुमति
मामले में आरोपी को रिमांड कोर्ट में पेश किया गया था। इसके बाद 28 सितंबर को पुलिस ने नियमित अदालत में दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति मांगी थी, जिसे अदालत ने मंजूरी दे दी। इसके बाद से शोएब ढेबर फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
सूचना देने वाले की पहचान रखी जाएगी गोपनीय
पुलिस कमिश्नर ने आरोपी की गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के दोबारा अपराध करने की आशंका को देखते हुए भी यह कदम उठाया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपी के संबंध में जानकारी देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।



