Google Analytics —— Meta Pixel

गोल बाजार में उठाईगिरी, किसान नेता की बाइक की डिक्की से 44 हजार रुपये पार; CCTV में कैद वारदात

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर में उठाईगिरी की घटना सामने आई है। बैंक से रुपये निकालकर सब्जी खरीदने गोल बाजार पहुंचे किसान नेता लीलाराम साहू को शातिर चोर ने निशाना बनाया। आरोपी बाइक की डिक्की में रखा नकदी और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग लेकर फरार हो गया। बैग में 44 हजार रुपये नकद होने की जानकारी है। घटना के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

सब्जी खरीदने गए, पीछे से बैग लेकर भागा चोर

जानकारी के मुताबिक, यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के गोल बाजार की है। किसान नेता लीलाराम साहू बैंक से पैसे निकालने के बाद अपनी बाइक से बाजार पहुंचे थे। उन्होंने बाइक खड़ी की और सब्जी खरीदने चले गए। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने मौके का फायदा उठाया और बाइक की डिक्की खोलकर उसमें रखा बैग निकाल लिया। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।

कुछ देर बाद लीलाराम साहू को बैग गायब होने का पता चला। उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन बैग का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी।

CCTV कैमरे में कैद हुई चोरी की वारदात

सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक दुकान में लगे कैमरे की फुटेज सामने आई, जिसमें टोपी पहने एक संदिग्ध व्यक्ति बाइक के आसपास घूमता दिखाई दे रहा है।

फुटेज के मुताबिक, संदिग्ध पहले आसपास की गतिविधियों पर नजर रखता है। मौका मिलते ही वह बाइक की डिक्की खोलकर बैग निकालता है और वहां से निकल जाता है। पुलिस ने CCTV फुटेज को जांच में शामिल कर लिया है।

बैग में नकदी के साथ जरूरी दस्तावेज भी थे

पीड़ित के बैग में 44 हजार रुपये नकद के अलावा महत्वपूर्ण दस्तावेज भी रखे हुए थे। घटना के बाद पुलिस संदिग्ध की पहचान करने और चोरी गया सामान बरामद करने में जुटी है।

फिलहाल, कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!