जिसके साथ लिए थे सात फेरे, उसी ने नदी में धकेला, राजनांदगांव में घरेलू विवाद के बाद पत्नी की हत्या

Wife Murder in Rajnandgaon: सात जन्मों तक साथ निभाने का वादा, जिंदगीभर एक-दूसरे का सहारा बनने की कसमें और साथ जीने-मरने के सपने, लेकिन जब रिश्तों में भरोसे की जगह नफरत और छोटी-छोटी बातों पर विवाद लेने लगे तो वही रिश्ता जिंदगी छीनने की वजह बन गया, जिस पत्नी के साथ जिंदगी बिताने के लिए डेढ़ साल पहले सात फेरे लिए थे, उसी को पति घुमाने के बहाने घर से लेकर निकला और फिर नदी में धकेल दिया। वजह बताई- पत्नी की कच-कच से तंग आ चुका था। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से सामने आई यह घटना पति-पत्नी के रिश्ते को झकझोरने वाली है।
यह भी पढ़ें:- कोरबा में 7 साल की बच्ची से दरिंदगी के बाद हत्या, लोगों ने की आरोपी को फांसी देने की मांग
मामला स्टेशन पारा क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक 24 साल के मयुर मेश्राम उर्फ रिंकु की शादी 21 साल की नीलम से करीब डेढ़ साल पहले हुई थी। दोनों के बीच अक्सर पारिवारिक विवाद होने की बात सामने आई है। 21 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे मयूर अपनी पत्नी को बाइक से घुमाने के बहाने घर से लेकर निकला था। दोनों मोहरा नदी के पुल के पास पहुंचे, जहां किसी बात को लेकर उनके बीच फिर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान मयूर ने नीलम को पुल से नीचे नदी में धकेल दिया। नदी का पानी गहरा होने के कारण नीलम डूब गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद नीलम की तलाश शुरू की गई। (Wife Murder in Rajnandgaon)

कच-कच करती थी, तंग आ गया था: आरोपी पति
पुलिस और गोताखोरों की मदद से शिवनाथ नदी में खोजबीन की गई, लेकिन रात के अंधेरे के कारण महिला का पता नहीं चल सका। अगले दिन सुबह फिर से तलाश अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद 22 अक्टूबर को सुबह करीब 11:30 बजे गोताखोरों ने नदी से नीलम का शव बरामद किया। शव मिलने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया। मृतिका के परिजनों ने उसके पति पर हत्या का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस ने मयूर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने पत्नी को नदी में धक्का देने की बात स्वीकार की। पूछताछ में आरोपी पति ने पत्नी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहने और उसके साथ अक्सर विवाद होने की बात कही। आरोपी के मुताबिक पत्नी की बातों और लगातार होने वाले विवाद से वह परेशान था। उसने पुलिस को बताया कि वह पत्नी की कच-कच से तंग आ चुका था और उसे रास्ते से हटाना चाहता था।

डेढ़ साल पहले हुई थी शादी, आए दिन होता था विवाद
पुलिस अब घटना से जुड़े तथ्यों, पति-पत्नी के संबंधों और परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। मृतिका के परिजनों के अनुसार नीलम और मयूर के बीच आए दिन पारिवारिक विवाद होते रहते थे। दोनों की शादी को अभी महज डेढ़ साल ही हुए थे, जिस रिश्ते को अभी साथ मिलकर जिंदगी की शुरुआत करनी थी, उसका अंत इस तरह होने से परिवार में मातम पसरा है। फिलहाल पुलिस की जांच का केंद्र घटना से पहले दोनों के बीच हुए विवाद, आरोपी के बयान और उपलब्ध साक्ष्य हैं। पुलिस की ओर से सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। (Wife Murder in Rajnandgaon)
पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार
सीएसपी सत्य प्रकाश के मुताबिक पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद था। घटना वाले दिन पति अपनी पत्नी को बाइक से घुमाने ले गया और शिवनाथ नदी के पुल से उसे नीचे धकेल दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। यह घटना एक बार फिर घरेलू विवादों के भयावह अंजाम को सामने लाती है। रिश्तों में मतभेद होना अलग बात है, लेकिन विवाद का अंत किसी की जिंदगी छीनने तक पहुंच जाना समाज के सामने गंभीर सवाल खड़े करता है। डेढ़ साल पहले जिस रिश्ते की शुरुआत सात फेरों और साथ निभाने के वादे से हुई थी, वह अब हत्या के आरोप और एक परिवार के उजड़ने की कहानी बन गया है।




