बंगाल की खाड़ी में बन रहे साइक्लोन का छत्तीसगढ़ में दिखेगा असर, 28-29 अक्टूबर को भारी बारिश के आसार

Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे लो प्रेशर एरिया के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक 25 से 29 अक्टूबर के बीच इस मौसमी सिस्टम का असर छत्तीसगढ़ में दिखाई दे सकता है। खासतौर पर 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस होने लगेगी।
यह भी पढ़ें:- जिसके साथ लिए थे सात फेरे, उसी ने नदी में धकेला, राजनांदगांव में घरेलू विवाद के बाद पत्नी की हत्या
प्रदेश में अभी मौसम शुष्क बना हुआ है और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई है। हालांकि बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे मौसमी सिस्टम के कारण आने वाले दिनों में परिस्थितियां बदल सकती हैं। मौसम के मौजूदा पूर्वानुमान के अनुसार 24 अक्टूबर को लो प्रेशर सिस्टम के मजबूत होने, 25 अक्टूबर को इसके और सक्रिय होने, 26 अक्टूबर के आसपास चक्रवाती परिसंचरण विकसित होने की संभावना है। इस सिस्टम का प्रभाव 27 अक्टूबर से छत्तीसगढ़ में दिखाई देने लग सकता है। इसके बाद प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बादल छाने और बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। 28 और 29 अक्टूबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
रायपुर में आज मौसम साफ, 33 डिग्री तक रहेगा पारा
राजधानी रायपुर में 24 अक्टूबर को मौसम साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। फिलहाल दिन के समय गर्मी का असर बना रहेगा, जबकि सुबह और रात में अपेक्षाकृत राहत महसूस हो सकती है। 23 अक्टूबर को रायपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 1.8 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम था। मौसम में बदलाव के साथ प्रदेश के रात के तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है। अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है। तापमान में गिरावट के कारण सुबह और रात के समय हल्की ठंड का अहसास बढ़ेगा।
अंबिकापुर सबसे ठंडा, रायपुर में सबसे ज्यादा तापमान
अभी दिन के तापमान में फिलहाल बहुत बड़ी गिरावट के संकेत नहीं हैं। कई शहरों में अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। ऐसे में दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंड का मिला-जुला असर देखने को मिल सकता है। प्रदेश के अलग-अलग शहरों में तापमान में अंतर बना हुआ है। 23 अक्टूबर को रायपुर में प्रदेश का सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे कम था। उत्तर छत्तीसगढ़ के इलाकों में रात का तापमान अपेक्षाकृत कम बना हुआ है। दूसरी ओर रायपुर समेत मध्य छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में दिन के समय गर्मी का असर जारी है। (Chhattisgarh Weather Update)
प्रमुख शहरों के मौसम का हाल
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
|---|---|---|
| रायपुर | 33.0°C | 22.0°C |
| बिलासपुर | 31.0°C | 19.0°C |
| पेंड्रारोड | 30.1°C | 16.0°C |
| अंबिकापुर | 30.0°C | 13.9°C |
| जगदलपुर | 32.5°C | 20.0°C |
| दुर्ग | 31.2°C | 20.0°C |
| राजनांदगांव | 32.5°C | 21.0°C |
अक्टूबर के अंतिम हफ्ते में बारिश से प्रदेश के कई इलाकों में तापमान और मौसम के मिजाज में बदलाव आ सकता है। बारिश होने पर दिन की गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान में गिरावट के चलते रातें पहले की तुलना में ठंडी हो सकती हैं।फिलहाल 24 अक्टूबर को प्रदेश में किसी बड़े बारिश अलर्ट की जानकारी नहीं है और मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन बंगाल की खाड़ी में बन रहे सिस्टम पर मौसम विभाग की नजर बनी हुई है। 27 अक्टूबर से संभावित बदलाव और 28-29 अक्टूबर को भारी बारिश की आशंका को देखते हुए आने वाले दिनों के मौसम पूर्वानुमान पर नजर रखना जरूरी होगा। (Chhattisgarh Weather Update)



