Google Analytics —— Meta Pixel

BJP की बैठक में मंत्रियों को लेकर की गई शिकायत, स्मृति ईरानी की बैठक में लिया जाएगा रिपोर्ट कार्ड

BJP Ministers Performance Review: छत्तीसगढ़ भाजपा की नई प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के दौरे के बीच पार्टी और सरकार के कामकाज को लेकर चर्चाएं तेज हैं। पहले दिन की मैराथन बैठकों के बाद अब आज मंत्रियों के साथ होने वाली बैठक पर सबकी नजर है। जानकारी के मुताबिक पहले दिन की चर्चाओं में कुछ मंत्रियों को लेकर शिकायतें सामने आने की बात कही जा रही है। ऐसे में मंत्रियों के साथ प्रस्तावित बैठक में उनके कामकाज और विभागों से जुड़े मुद्दों पर सवाल-जवाब होने की संभावना जताई जा रही है। स्मृति ईरानी ने दौरे के पहले दिन प्रदेश भाजपा कार्यालय में संगठन के अलग-अलग स्तरों के नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें की। 

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में BJP प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी की मैराथन बैठकें, दूसरे दिन विधायकों-सांसदों और मंत्रियों से मंथन

प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग और जिला प्रभारियों, जिला अध्यक्षों, पूर्व सांसदों-विधायकों और कोर ग्रुप के साथ चर्चा का सिलसिला करीब नौ घंटे तक चला। इन बैठकों में संगठन को मजबूत करने, सरकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने, वरिष्ठ नेताओं को साथ लेकर चलने और सरकार-संगठन के बीच समन्वय बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की जानकारी सामने आई है। आगामी 2028 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन की तैयारियों की समीक्षा भी की गई। इसी दौरान कुछ मंत्रियों को लेकर शिकायतों की चर्चा सामने आई। सोमवार को स्मृति ईरानी के कार्यक्रम में राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ बैठक शामिल है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंत्रियों की बैठक शुरू हो चुकी है। इस बैठक में सरकार के कामकाज की समीक्षा और संगठन से मिलने वाले फीडबैक पर विचार किए जाने की संभावना है। (BJP Ministers Performance Review)

संगठन और सरकार के बीच तालमेल पर जोर

बताया जा रहा है कि बैठक में मंत्रियों से उनका रिपोर्ट कार्ड पूछा जाएगा। भाजपा के वरिष्ठ विधायक राजेश मूणत के मुताबिक सत्ता और संगठन के कामकाज की समीक्षा की जा रही है। उन्होंने 2028 के विधानसभा और 2029 के लोकसभा चुनावों के लिहाज से चर्चा होने की बात भी कही है। ऐसे में मंत्रियों के साथ बैठक को सरकार के प्रदर्शन और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा के सामने सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने, संगठन के कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने और अलग-अलग स्तरों पर समन्वय बनाए रखने की चुनौती है। प्रदेश प्रभारी के दौरे के दौरान अलग-अलग स्तर के नेताओं से संवाद को इसी कवायद का हिस्सा माना जा रहा है। हालांकि मंत्रियों को लेकर सामने आई शिकायतों पर स्मृति ईरानी की ओर से किसी कार्रवाई या निर्णय की जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में आज की बैठक के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि शिकायतों के मुद्दे पर क्या चर्चा हुई और संगठन या सरकार के स्तर पर आगे कोई कदम उठाया जाता है या नहीं।

Back to top button
error: Content is protected !!