Google Analytics —— Meta Pixel

बीजेपी प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के दौरे में दिखी सादगी, कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत के स्वागत में दिखा था शक्ति प्रदर्शन 

BJP Congress State Incharges: छत्तीसगढ़ में भाजपा की नई प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के दौरों के तरीके में बड़ा अंतर देखने को मिला है। एक ओर स्मृति ईरानी के स्वागत में न ढोल-ताशे नजर आए, न बैनर-पोस्टर और न ही बुके-गमछों का औपचारिक सिलसिला। दूसरी ओर कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के पहले दौरे पर एयरपोर्ट से लेकर सड़क और पार्टी कार्यालय तक स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। दोनों नेताओं के दौरों की इन अलग-अलग तस्वीरों ने राजनीतिक गलियारों में चर्चा को जन्म दिया है।

यह भी पढ़ें:- BJP की बैठक में मंत्रियों को लेकर की गई शिकायत, स्मृति ईरानी की बैठक में लिया जाएगा रिपोर्ट कार्ड

छत्तीसगढ़ भाजपा की नई प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी 25 अक्टूबर को सुबह करीब 8:50 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचीं। उनके स्वागत के लिए संगठन के 16 नामित पदाधिकारी, महापौर और विधायक मौजूद थे। स्वागत के दौरान न ढोल-ताशे थे और न एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक बैनर-पोस्टर लगाए गए थे। मंत्रियों को भी एयरपोर्ट पर स्वागत के लिए नहीं बुलाया गया था। प्रदेश कार्यालय पहुंचने के बाद स्मृति ईरानी ने बुके और गमछे स्वीकार नहीं किए। एक महिला कार्यकर्ता ने उनके साथ सेल्फी लेने की कोशिश की तो उन्होंने उसे ‘मन की बात’ सुनने जाने के लिए कहा। दौरे के दौरान उन्होंने भाजपा कार्यालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस सुरक्षा हटवाने की बात भी सामने आई। वे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के बीच बिना किसी विशेष सुरक्षा घेरे के नजर आईं। (BJP Congress State Incharges)

नौ घंटे की बैठकें, दूसरे दिन भी मैराथन कार्यक्रम

स्मृति ईरानी ने भाजपा कार्यालय परिसर स्थित स्मृति मंदिर में अटल बिहारी वाजपेयी, दीनदयाल उपाध्याय और राजमाता विजयाराजे सिंधिया को पुष्प अर्पित किए। इसके बाद वे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ अभनपुर पहुंची, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को कार्यकर्ताओं के साथ जमीन पर बैठकर सुना। प्रदेश कार्यालय में बैठकों के दौरान भी उन्होंने मंच पर बैठने के बजाय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बराबर स्तर पर कुर्सी रखवाई। स्मृति ईरानी के दौरे के पहले दिन करीब नौ घंटे तक बैठकें चली। प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग और जिला प्रभारियों, जिला अध्यक्षों, पूर्व सांसदों-विधायकों और कोर ग्रुप के साथ संगठनात्मक चर्चा की गई। सूत्रों के मुताबिक बैठकों में संगठन को मजबूत करने, सरकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने और सरकार-संगठन के बीच समन्वय बढ़ाने पर जोर रहा। 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। (BJP Congress State Incharges)

सुखदेव भगत के पहले दौरे पर जगह-जगह स्वागत

आज दौरे के दूसरे दिन विधायकों, सांसदों, मंत्रियों, कोर ग्रुप और विचार परिवार के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें निर्धारित हैं। वरिष्ठ विधायक राजेश मूणत ने सत्ता और संगठन के कामकाज की समीक्षा के साथ 2028 और 2029 के चुनावों को लेकर चर्चा होने की बात कही है। पहले दिन कुछ मंत्रियों को लेकर शिकायतों की चर्चा भी सामने आई। दूसरी ओर कांग्रेस के नए प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत ने 27 सितंबर को पहली बार छत्तीसगढ़ का दौरा किया था। रायपुर एयरपोर्ट पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और सांसद ज्योत्सना महंत समेत कई नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद अलग-अलग जगहों पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए। सुखदेव भगत को प्रतीक चिह्न के तौर पर गदा और तलवार भेंट की गई। उन्हें पारंपरिक खुमरी पहनाकर सम्मानित किया गया और स्वागत कार्यक्रमों में पंथी समेत छत्तीसगढ़ के पारंपरिक नृत्यों की प्रस्तुतियां भी हुईं। (BJP Congress State Incharges)

कांग्रेस के दौरे में बैठक के साथ सड़क पर प्रदर्शन

कुछ जगहों पर उन्हें लड्डुओं से तौला गया। इसके बाद वे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन पहुंचे, जहां उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और पार्टी की राजनीतिक स्थिति समेत आगामी कार्यक्रमों पर अपनी बात रखी। सुखदेव भगत के पहले दौरे के दौरान राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक हुई। रात में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के शांति नगर स्थित निवास पर कांग्रेस विधायक दल की बैठक भी आयोजित की गई। इसमें प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री शामिल हुए। बैठक में विधानसभा के मुद्दों, जनहित से जुड़े विषयों और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर चर्चा हुई। स्मार्ट मीटर और वोट चोरी के आरोपों को लेकर प्रदर्शन की रणनीति पर भी बात हुई। 28 सितंबर को सुखदेव भगत ने राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक में हिस्सा लिया। इसके बाद वे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ SIR यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण समेत वोट चोरी के आरोपों को लेकर विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। 

स्वागत के तरीके अलग, मकसद संगठन को मजबूत करना

कार्यकर्ता राजीव गांधी चौक से कलेक्ट्रेट की ओर बढ़े, जहां पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इस दौरान धक्का-मुक्की भी हुई। दौरे में कांग्रेस के अलग-अलग संगठनों और अनुशासन समिति के साथ बैठकें भी शामिल थी। सुखदेव भगत 6 से 9 अक्टूबर तक फिर छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहे। उनके पहले दौरे में स्वागत कार्यक्रमों के साथ राजनीतिक बैठकों और विरोध प्रदर्शन पर जोर दिखाई दिया। वहीं स्मृति ईरानी के दौरे में सीमित स्वागत और संगठन के भीतर लगातार बैठकों की तस्वीर सामने आई है। दोनों प्रदेश प्रभारियों के दौरों में स्वागत की शैली और कार्यक्रमों की तस्वीर अलग रही। सुखदेव भगत के दौरे में पारंपरिक स्वागत, सम्मान समारोह और सार्वजनिक विरोध प्रदर्शन प्रमुख रहे, जबकि स्मृति ईरानी के दौरे में सादगी, प्रोटोकॉल से दूरी और संगठनात्मक बैठकों पर जोर दिखाई दिया। हालांकि दोनों दौरों की तुलना सिर्फ स्वागत के तरीके तक सीमित नहीं है। दोनों ही दलों के प्रदेश प्रभारियों के सामने संगठन को मजबूत करने, नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बढ़ाने समेत आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए पार्टी को तैयार करने की जिम्मेदारी है। ऐसे में इन दौरों के वास्तविक राजनीतिक असर का आकलन आने वाले दिनों में संगठनात्मक फैसलों और जमीनी गतिविधियों से किया जा सकेगा।

Back to top button
error: Content is protected !!