छत्तीसगढ़ में 28-29 अक्टूबर को भारी बारिश का अलर्ट, बस्तर में 60 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

Chhattisgarh Weather Alert: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती सिस्टम का असर प्रदेश में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई है। बस्तर संभाग के कुछ जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। मौसम में बदलाव को देखते हुए किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक 26 अक्टूबर को प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि 27 अक्टूबर से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान कुछ जिलों में बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। इसके बाद 28 और 29 अक्टूबर को कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।
यह भी पढ़ें:- बीजेपी प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के दौरे में दिखी सादगी, कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत के स्वागत में दिखा था शक्ति प्रदर्शन
27 अक्टूबर के लिए रायपुर, बलौदाबाजार, महासमुंद, धमतरी, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, सक्ती, रायगढ़, सरगुजा, जशपुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़, कांकेर, कोंडागांव और नारायणपुर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। 28 अक्टूबर को बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर में भारी बारिश, बिजली गिरने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। इन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं नारायणपुर, कोंडागांव, धमतरी और गरियाबंद में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना के चलते ऑरेंज अलर्ट है। रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के सभी जिलों में भी बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। इन इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
29 अक्टूबर को भी कई जिलों में बारिश का असर
तेज हवाओं के दौरान लोगों को खुले स्थानों, कमजोर निर्माण वाले ढांचों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। 29 अक्टूबर को बिलासपुर, मुंगेली और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में भारी बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है। वहीं कोरबा, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर, कबीरधाम, बेमेतरा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और राजनांदगांव में भारी बारिश, गरज-चमक तथा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। रायपुर, बिलासपुर, बस्तर और सरगुजा संभाग के सभी जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। ऐसे में अगले तीन दिनों के दौरान लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। (Chhattisgarh Weather Alert)
रायपुर में दिन में गर्मी, सुबह-शाम हल्की ठंड
राजधानी रायपुर में इन दिनों दिन और रात के तापमान में अंतर महसूस किया जा रहा है। दिन में तापमान 32 डिग्री के आसपास रहने से गर्मी का अहसास हो रहा है, जबकि देर रात और सुबह के समय हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। शहर के आउटर इलाकों में सुबह और रात के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस हो सकता है। रविवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 12.5 डिग्री सेल्सियस रहा। अन्य प्रमुख शहरों में बिलासपुर का अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री, पेंड्रारोड का 30.8 डिग्री, जगदलपुर का 31.7 डिग्री और राजनांदगांव का 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को रायपुर में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने और अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि बंगाल की खाड़ी में बन रहे सिस्टम के चलते आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। (Chhattisgarh Weather Alert)
किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह
संभावित खराब मौसम को देखते हुए कृषि विभाग और कृषि विश्वविद्यालय ने किसानों को जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है। तेज हवाओं और बारिश के कारण खेतों में पानी भरने, खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने और कटी हुई फसल के भीगने का खतरा है। ऐसे में किसानों को फसल सुरक्षित रखने के इंतजाम करने चाहिए। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए लोगों को बिजली चमकने के दौरान खुले मैदानों में रहने से बचने, सुरक्षित स्थान पर रहने और तेज हवाओं के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। अगले कुछ दिनों में मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्कता बरतना जरूरी होगा। फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क है, लेकिन 27 अक्टूबर से बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। 28 और 29 अक्टूबर को कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और किसानों को अपनी फसल सुरक्षित रखने की जरूरत है। मौसम विभाग ने बदलते मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है।



