Google Analytics —— Meta Pixel

चक्रवात अर्नब का खतरा, छत्तीसगढ़ में हाई अलर्ट, 27 से 29 अक्टूबर तक केंद्र और राज्य सरकार सतर्क, बस्तर संभाग के जिलों पर ज्यादा फोकस

Cyclone Arnab Alert: बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ को लेकर केंद्र और छत्तीसगढ़ सरकार अलर्ट मोड पर हैं। तूफान के आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका के बीच छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तेज हवाएं और भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने सभी जिलों के कलेक्टरों को 27 से 29 अक्टूबर तक विशेष एहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं। खास तौर पर दक्षिण बस्तर के जिलों में सतर्कता बढ़ाने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत बचाव की पूरी तैयारी रखने को कहा गया है। चक्रवात से निपटने की तैयारियों की समीक्षा के लिए नई दिल्ली में कैबिनेट सचिव डॉ. टी.वी. सोमनाथन की अध्यक्षता में राष्ट्रीय संकट प्रबंधन समिति (NCMC) की बैठक हुई। 

यह भी पढ़ें:- ब्राजील में लूला दा सिल्वा का जलवा बरकरार, चौथी बार जीते राष्ट्रपति चुनाव, ट्रंप समर्थक फ्लावियो बोल्सोनारो को हराया, PM नरेंद्र मोदी ने दी बधाई

वहीं छत्तीसगढ़ के मंत्रालय महानदी भवन में अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। इसमें सभी जिलों के कलेक्टरों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जोड़कर तैयारियों की समीक्षा की गई। दोनों बैठकों में जान-माल की सुरक्षा, राहत शिविरों की व्यवस्था और आवश्यक सेवाओं को चालू रखने पर विशेष जोर दिया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य और उससे लगे दक्षिण-पूर्वी हिस्से में बना गहरा दबाव चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ में बदल गया है। 26 अक्टूबर 2026 की सुबह 5:30 बजे तूफान पूर्व-मध्य और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित था। (Cyclone Arnab Alert)

उस समय यह अंडमान द्वीप समूह के श्री विजय पुरम से लगभग 590 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम, विशाखापत्तनम से 650 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व और काकीनाडा से 730 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व में था। मौसम विभाग के मुताबिक तूफान के 27 अक्टूबर तक पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और इसके बाद उत्तर-पश्चिम की ओर आंध्र प्रदेश के तट की तरफ बढ़ने की संभावना है। 28 अक्टूबर की सुबह तक इसके बापटला और विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश समेत यनम के तट से बहुत भीषण चक्रवाती तूफान के रूप में टकराने का अनुमान जताया गया है। इस दौरान हवा की लगातार रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि तेज झोंकों के साथ इसकी गति 140 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका है। ऐसे में तटीय इलाकों में तेज हवाओं, भारी बारिश और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचने का खतरा बना हुआ है।

छत्तीसगढ़ के इन जिलों में विशेष सतर्कता

चक्रवात के प्रभाव को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने सभी जिलों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। दक्षिण बस्तर के बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर और नारायणपुर जिलों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए प्रशासन को पहले से तैयारी रखने और संवेदनशील इलाकों की पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लिया जाए और किसी भी तरह की लापरवाही न हो। प्रशासन को प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने और राहत शिविरों में पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य चक्रवात के दौरान जनहानि को शून्य रखना है। इसके लिए जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया है।

राहत शिविर 24 घंटे खुले रखने के निर्देश

आपदा से निपटने के लिए राहत शिविरों को 24 घंटे संचालित रखने और वहां भोजन, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को जरूरत पड़ने पर समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था करने को कहा गया है। राजस्व और आपदा प्रबंधन विभाग को कच्चे मकानों और तेज हवाओं से प्रभावित हो सकने वाली कमजोर संरचनाओं का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि राहत शिविरों तक लोगों की पहुंच आसान हो और आपात स्थिति में बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच सकें। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमों को निर्धारित स्थानों पर तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू किया जा सके। (Cyclone Arnab Alert)

गर्भवती और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान

चक्रवात की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा सेवाएं निर्बाध रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि गर्भवतियों की सूची तैयार की जाए और जरूरत पड़ने पर उन्हें समय रहते सुरक्षित स्थानों या स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा स्कूली बच्चों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले छोटे बच्चों की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है। स्थानीय परिस्थितियों और मौसम की स्थिति को देखते हुए जरूरी एहतियाती कदम उठाए जाएंगे, ताकि बच्चों को किसी तरह के खतरे का सामना न करना पड़े। स्वास्थ्य विभाग को जरूरी दवाओं, चिकित्सा उपकरणों और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए भी तैयार रहने को कहा गया है। किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को तुरंत चिकित्सा सहायता मिल सके, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

किसानों को एडवाइजरी, फसलों और पशुधन को बचाने की तैयारी

चक्रवात के कारण तेज हवाओं और बारिश से कृषि गतिविधियां प्रभावित होने की आशंका है। इसे देखते हुए किसानों के लिए फसलों से संबंधित सलाह जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। किसानों को मौसम की स्थिति के अनुसार जरूरी सावधानियां बरतने के लिए जागरूक किया जाएगा। प्रशासन को फसलों और पशुधन को संभावित नुकसान से बचाने के उपाय करने को कहा गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मौसम संबंधी चेतावनियों से अवगत कराने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था पर भी जोर दिया गया है। तेज हवाओं के कारण बिजली के खंभे गिरने, पेड़ उखड़ने और सड़कों पर आवागमन बाधित होने की आशंका है। इसे देखते हुए बिजली विभाग को आवश्यक संसाधनों और मरम्मत दलों के साथ तैयार रहने को कहा गया है, ताकि बिजली आपूर्ति बाधित होने पर जल्द बहाल की जा सके।

केंद्र ने भी तेज की तैयारी, NDRF और सेना अलर्ट

दूरसंचार सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। यदि तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरते हैं तो उन्हें तत्काल हटाने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि सड़क मार्ग अवरुद्ध न हों और राहत बचाव दलों की आवाजाही प्रभावित न हो। इसके अलावा होर्डिंग्स और अन्य कमजोर या असुरक्षित संरचनाओं की स्थिति का आकलन करने को कहा गया है। जरूरत पड़ने पर ऐसी संरचनाओं के आसपास सुरक्षा के उपाय किए जाएंगे, ताकि तेज हवाओं के दौरान किसी तरह की दुर्घटना न हो। नई दिल्ली में हुई राष्ट्रीय संकट प्रबंधन समिति की बैठक में केंद्र सरकार ने चक्रवात से निपटने के लिए अलग-अलग राज्यों और केंद्रीय एजेंसियों की तैयारियों की समीक्षा की। आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी के अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा और राहत व्यवस्था के बारे में जानकारी दी। (Cyclone Arnab Alert)

बैठक में बताया गया कि प्रभावित हो सकने वाले इलाकों में पर्याप्त आश्रय स्थलों की व्यवस्था की गई है। NDRF और SDRF की टीमें तैयार हैं, जबकि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त टीमों को भी तैनात किया जा सकता है। जिला नियंत्रण कक्ष सक्रिय कर दिए गए हैं, जो लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं। सेना, नौसेना, वायु सेना और भारतीय तटरक्षक बल की राहत बचाव टीमों को भी तैयार रखा गया है। इनके जहाज और विमान जरूरत के अनुसार राहत बचाव कार्यों में इस्तेमाल किए जा सकेंगे। भारतीय तटरक्षक बल के मुताबिक अब तक 900 से ज्यादा जहाजों को सुरक्षित रूप से तट या बंदरगाहों तक पहुंचाया जा चुका है। समुद्र में मौजूद अन्य जहाजों को भी वापस लौटने के लिए सतर्क किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) और मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं। संबंधित राज्यों, केंद्रीय मंत्रालयों और आपदा प्रबंधन एजेंसियों के बीच समन्वय बनाए रखा जा रहा है।

मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह

चक्रवात की गंभीरता को देखते हुए मछुआरों को 26 से 29 अक्टूबर के बीच दक्षिण-पश्चिम और मध्य बंगाल की खाड़ी के साथ आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और पुडुचेरी के तटीय इलाकों में समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है, जो मछुआरे पहले से समुद्र में हैं, उन्हें जल्द से जल्द सुरक्षित रूप से तट पर लौटने के लिए कहा गया है। समुद्र में तेज हवाओं और ऊंची लहरों के कारण दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए संबंधित एजेंसियों को समुद्र में मौजूद जहाजों और मछुआरों तक चेतावनी पहुंचाने के साथ उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। चक्रवात का प्रभाव सिर्फ तटीय राज्यों तक सीमित रहने की आशंका नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक इसके प्रभाव से तेलंगाना, दक्षिणी ओडिशा और दक्षिण-मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में भी मौसम खराब हो सकता है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए इन क्षेत्रों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश

कैबिनेट सचिव डॉ. टी.वी. सोमनाथन ने गृह मंत्रालय और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग को निर्देश दिया कि संभावित प्रभावित क्षेत्रों में समय रहते चेतावनी और जरूरी जानकारी पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन की तैयारियों का मुख्य उद्देश्य जान-माल के नुकसान को शून्य रखना और संपत्ति-बुनियादी ढांचे को होने वाले नुकसान को न्यूनतम करना होना चाहिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि अगर चक्रवात के कारण बिजली, सड़क, दूरसंचार या अन्य जरूरी सेवाएं प्रभावित होती हैं, तो उन्हें जल्द से जल्द बहाल किया जाए। छत्तीसगढ़ में आयोजित बैठक में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के सचिव अमित कटारिया, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव शम्मी आबिदी और NDRF, SDRF सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। सभी जिलों के कलेक्टरों को स्थानीय परिस्थितियों के मुताबिक तैयारियों की समीक्षा करने और आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

राज्य शासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखने, जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और मौसम विभाग से मिलने वाले अपडेट पर लगातार नजर रखने को कहा है। फिलहाल केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकता चक्रवात के संभावित प्रभाव से लोगों को सुरक्षित रखना है। अगले कुछ दिनों में मौसम की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत बचाव अभियान शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल चक्रवात अर्नब के संभावित असर को देखते हुए केंद्र और राज्य सरकार अलर्ट मोड पर हैं। छत्तीसगढ़ में खास तौर पर बस्तर संभाग के जिलों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्रशासन को राहत और बचाव के सभी इंतजाम दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। अब मौसम के अगले अपडेट पर सबकी नजर है, ताकि समय रहते एहतियाती कदम उठाकर जान-माल के नुकसान को रोका जा सके। (Cyclone Arnab Alert)

Back to top button
error: Content is protected !!