बीजेपी प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने विधायकों-मंत्रियों को दिया जनता से जुड़ने का मंत्र, दिवाली पर जनता से जुड़ने का दिया टास्क

BJP MLAs Ministers Meeting: छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में विधायकों, सांसदों, मंत्रियों और भाजपा कोर ग्रुप के साथ बैठकें हुईं। बैठकों में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, जनप्रतिनिधियों की सक्रियता, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और सरकार-संगठन के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया गया। वहीं पहले दिन की बैठकों में कुछ मंत्रियों के कामकाज को लेकर शिकायतें सामने आने की चर्चा थी, जो दूसरे दिन भी चर्चा में रहा। स्मृति ईरानी ने विधायकों को दिवाली पर अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में जनता और कार्यकर्ताओं के साथ भोज आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि जनप्रतिनिधियों और आम लोगों के बीच संवाद बढ़ाया जा सके।
यह भी पढ़ें:- स्मृति ईरानी का भाजपा विधायकों को निर्देश, दिवाली पर जनता के साथ करें भोज, कहा- कार्यकर्ता ही संगठन की सच्ची पूंजी
दूसरे दिन के पहले सत्र में मौजूदा विधायकों के साथ बैठक आयोजित की गई। इसमें सरकारी योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन, जनता से सीधे संवाद और संगठनात्मक मजबूती से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। विधायकों को अपने क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाने और लोगों तक सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया गया। बैठक का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सरकारी योजनाओं की पहुंच का विस्तार करना और स्थानीय स्तर पर जनता के साथ संपर्क को मजबूत बनाना रहा। विधायकों से अपेक्षा की गई कि वे अपने विधानसभा क्षेत्रों में नियमित रूप से पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनें और संबंधित विषयों पर आवश्यक पहल करें। (BJP MLAs Ministers Meeting)
सांसदों के साथ बैठक में केंद्रीय योजनाओं पर चर्चा
दूसरे सत्र में स्मृति ईरानी ने लोकसभा और राज्यसभा सांसदों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के साथ संसदीय क्षेत्रों में विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। बैठक में सांसदों की भूमिका को लेकर भी जोर रहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनता के साथ संपर्क बनाए रखें और केंद्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाएं। संगठनात्मक गतिविधियों के साथ विकास कार्यों को जनता के बीच प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई। तीसरे सत्र में प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ बैठक हुई। इस दौरान राज्य सरकार की योजनाओं को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने और जनता के बीच सरकार की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया गया। मंत्रियों को अपने प्रभार वाले क्षेत्रों में ज्यादा से ज्यादा दौरे करने के लिए प्रोत्साहित किया गया, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन और स्थानीय समस्याओं की जानकारी सीधे प्राप्त हो सके।
मंत्रियों के कामकाज पर शिकायतों की चर्चा पर नेताम का नो कमेंट्स
बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि भाजपा में पांच साल तक लगातार बैठकें होती रहती हैं। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए प्रभार क्षेत्रों में अधिक से अधिक दौरे करने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि बैठक में इसी विषय पर चर्चा हुई। वहीं कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रभार क्षेत्रों में ज्यादा से ज्यादा दौरे करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पहले भी दौरे किए जाते रहे हैं, लेकिन अब और ज्यादा दौरे करने का प्रयास किया जाएगा। स्मृति ईरानी के दो दिवसीय दौरे के पहले दिन रविवार को संगठन के अलग-अलग स्तर के नेताओं के साथ करीब नौ घंटे तक बैठकें हुई थी। इन बैठकों में 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारी, संगठन की मजबूती और सरकार-संगठन के बीच तालमेल को लेकर चर्चा होने की जानकारी सामने आई थी। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों और निगम-मंडल के पदाधिकारियों के साथ हुई बैठकों में कुछ मंत्रियों के कामकाज को लेकर शिकायतें भी सामने आई थी।

बताया गया कि सांसदों और निगम-मंडल के पदाधिकारियों के साथ हुई बैठकों में मंत्रियों को लेकर शिकायतों का मुद्दा उठा। हालांकि शिकायतें किन मंत्रियों के संबंध में थी, इसकी जानकारी सामने नहीं आई। दूसरे दिन बैठकों के दौरान मंत्रियों से नाराजगी और शिकायतों को लेकर सवाल भी उठे। इस पर मंत्री रामविचार नेताम ने नो कमेंट्स कहकर प्रतिक्रिया देने से परहेज किया। वहीं मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि जिसके ऊपर दायित्व होगा, थोड़ी शिकायत तो होगी ही। बैठकों के बाद कुछ मंत्रियों के चेहरे उतरे होने और मंत्री लखनलाल देवांगन के अन्य मंत्रियों से करीब एक घंटे पहले कार्यालय से रवाना होने की भी चर्चा रही। पहले दिन की बैठकों में पूर्व सांसदों और विधायकों के साथ चर्चा के दौरान 2028 में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने की रणनीति को लेकर सवाल उठाए जाने की जानकारी भी सामने आई थी। बताया गया कि स्मृति ईरानी ने नेताओं से एकजुट होकर पार्टी के लिए काम करने और संगठन की सक्रियता बढ़ाने को कहा था। (BJP MLAs Ministers Meeting)
बैठक में मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
बैठकों में सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, पुराने नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने तथा सरकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने पर जोर रहा। संगठन की स्थिति और सरकार के कामकाज से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई। हालांकि बैठकों में हुई आंतरिक चर्चाओं और शिकायतों के सभी बिंदुओं को सार्वजनिक नहीं किया गया। दूसरे दिन की बैठकों में भी यही संदेश प्रमुखता से सामने आया कि सरकार की योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने के साथ संगठन को बूथ स्तर पर सक्रिय रखना जरूरी है। स्मृति ईरानी ने कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को जनता के बीच अधिक समय देने, समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए काम करने पर जोर दिया। कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित बैठकों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, प्रदेश सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, डिप्टी CM अरुण साव और विजय शर्मा समेत प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद, विधायक तथा भाजपा कोर ग्रुप के सदस्य मौजूद रहे। (BJP MLAs Ministers Meeting)

दो दिवसीय प्रवास के दौरान हुई बैठकों का प्रमुख संदेश संगठनात्मक अनुशासन, जनसेवा, जनता के साथ सीधा संपर्क और सरकार-संगठन के बीच बेहतर तालमेल रहा। स्मृति ईरानी ने कार्यकर्ताओं को संगठन की स्थायी ताकत बताते हुए स्पष्ट किया कि राजनीतिक और संगठनात्मक जिम्मेदारियों के साथ जनता के बीच सक्रिय रहना, उसकी समस्याओं को सुनना और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। वहीं, दिवाली पर विधानसभा क्षेत्रों में भोज आयोजित करने का निर्देश भी इसी जनसंपर्क अभियान को मजबूत करने की दिशा में एक कदम माना जा रहा है। स्मृति ईरानी की इन बैठकों से साफ है कि भाजपा आने वाले समय में संगठन की सक्रियता और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही, दोनों पर फोकस बढ़ाना चाहती है। जनता के बीच सीधा संपर्क, सरकारी योजनाओं की पहुंच और कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय को लेकर दिए गए निर्देश इसी रणनीति का हिस्सा हैं। दिवाली पर जनता के साथ भोज का फैसला भी इसी कड़ी में अहम है। अब इन बैठकों में बनी कार्ययोजना कितनी प्रभावी ढंग से जमीन पर उतरती है, इस पर सबकी नजर रहेगी।



